उत्तर प्रदेश के झांसी में एक महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है. महिला का आरोप है कि उसके पति ने पहली पत्नी के रहते हुए पहले एक किन्नर से और अब एक अन्य लड़की से तीसरी शादी रचा ली है. पीड़िता महोबा जिले के नयापुरा नयकाना मोहल्ले की रहने वाली है.
महिला ने अपने पति अजय सिंह के खिलाफ पहली पत्नी के जीवित रहते हुए पहले किन्नर और फिर एक लड़की से तीसरी शादी करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है. साल 2015 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई शादी के बाद अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने महिला और उसके बेटे को घर से निकाल दिया था. पीड़ित महिला अपने 9 साल के बेटे के भरण-पोषण के लिए मजदूरी करने को मजबूर है और आरोपी पति तथा इस कृत्य में उसका साथ देने वाले ससुराल वालों को जेल भिजवाने के लिए थानों के चक्कर काट रही है.
दहेज के लिए मारपीट और घर से निकाला
पीड़िता के अनुसार, 11 अक्टूबर 2015 को अजय सिंह के साथ उसकी शादी हुई थी, जिसमें मायके वालों ने हैसियत के मुताबिक दान-दहेज दिया था. महिला के ससुर जगदीश प्रसाद आरपीएफ (RPF) से रिटायर्ड कर्मी हैं. शादी के बाद एक बेटा पैदा हुआ, जिसके बाद से ही पति अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने लगा. मायके वालों के समझाने के बावजूद आरोपी नहीं माना और एक दिन पत्नी व मासूम बेटे को घर से बेदखल कर दिया.
पहले किन्नर और अब लड़की से रचाई शादी
घर से निकालने के बाद आरोपी पति ने एक किन्नर से दूसरी शादी कर ली और उसे पत्नी के रूप में अपने साथ रखने लगा. महिला का आरोप है कि अब उसके पति ने एक लड़की से तीसरी शादी भी रचा ली है. पीड़िता ने एसएसपी (SSP) कार्यालय पहुंचकर साक्ष्य सौंपे, तो उसे इन सबूतों को एआई (AI) से निर्मित बताने और मामला रफा-दफा करने की नसीहत दी गई. महिला का कहना है कि संपन्न ससुराल होने के बावजूद उसे न्याय नहीं मिल रहा है.
मामले पर पुलिस मीडिया सेल का स्पष्टीकरण
इस हैरान करने वाले मामले के सोशल मीडिया पर आने के बाद पुलिस मीडिया सेल ने एक्स (ट्विटर) पर आधिकारिक जानकारी साझा की है. पुलिस के मुताबिक, पीड़ित महिला द्वारा साल 2019 में ही महिला थाने में आरोपियों के खिलाफ दहेज का मुकदमा दर्ज कराया गया था, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है. इसके साथ ही दोनों पक्षों के बीच कोर्ट में तलाक का मामला भी चल रहा है. महिला द्वारा हाल ही में लगाए गए अन्य आरोपों की पुलिस जांच करा रही है.
प्रमोद कुमार गौतम