सोया चाप पर लेट रहा था, उसी पर नहा रहा था... क्या नोएडा का है ये वायरल वीडियो?

सोशल मीडिया पर वायरल सोया चाप फैक्ट्री के वीडियो ने लोगों को चौंका दिया है. वीडियो में बेहद गंदे तरीके से सोया चाप बनती दिख रही है, जिसे देखकर यूजर्स गुस्सा जता रहे हैं. हालांकि, वीडियो की लोकेशन को लेकर किए जा रहे दावों पर फूड डिपार्टमेंट ने अलग ही सच्चाई सामने रखी है.

Advertisement
इस वीडियो को नोएडा का बताकर तेजी से शेयर किया जा रहा है (Photo:X/@@NituTiw81600052) इस वीडियो को नोएडा का बताकर तेजी से शेयर किया जा रहा है (Photo:X/@@NituTiw81600052)

अरुण त्यागी

  • नई दिल्ली,
  • 27 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 4:43 PM IST

सोशल मीडिया पर अगर आप कुछ मिनट भी स्क्रॉल करते हैं, तो एक वायरल वीडियो जरूर नजर आता है. इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है. संभव है कि आपने भी इसे देखा हो. वीडियो इतना चौंकाने वाला है कि एक बार देखने के बाद इसे भूलना आसान नहीं है. दावा किया जा रहा है कि इसमें सोया चाप बनाने का तरीका दिखाया गया है. वीडियो देखने के बाद कई लोग कह रहे हैं कि अब शायद ही वे दोबारा सोया चाप खाएं. हालांकि, इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं, जिनमें से ज्यादातर सही नहीं हैं. आइए जानते हैं कि इस वायरल वीडियो की पूरी सच्चाई क्या है.

Advertisement

क्या दिख रहा है वायरल वीडियो में?

सोशल मीडिया पर इस वीडियो को नोएडा का बताकर तेजी से शेयर किया जा रहा है. दावा किया जा रहा है कि जिस सोया चाप को लोग बड़े चाव से खाते हैं, उसे बेहद अस्वच्छ माहौल में तैयार किया जा रहा है. इसी दावे की वजह से वीडियो ने लोगों का ध्यान खींच लिया है.

यह भी पढ़ें: ट्रेन में दीपक जलाकर पूजा कर रहा था शख्स, लोग रोकते रहे... VIDEO हुआ वायरल!

वीडियो में एक फैक्ट्री या कारखाने जैसा दृश्य दिखाई देता है, जहां सोया चाप तैयार की जा रही है. इसमें साफ नजर आता है कि सोया, मैदा और अन्य सामग्री को मिलाने के दौरान साफ-सफाई और हाइजीन के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा. इतना ही नहीं, वीडियो में एक युवक तैयार हो रहे मिश्रण के ऊपर लेटा हुआ दिखाई देता है और उसी दौरान उसे गूंथता नजर आता है. यह दृश्य देखकर किसी का भी हैरान होना स्वाभाविक है.

Advertisement

देखें ये वीडियो

वीडियो पर लोगों का गुस्सा

वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट यूजर्स ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी. कई लोगों ने खाद्य सुरक्षा और हाइजीन को लेकर सवाल उठाए. कुछ यूजर्स ने संबंधित अधिकारियों से जांच और कार्रवाई की मांग भी की, जबकि कई लोगों ने दावा किया कि अगर वीडियो सच है तो यह बेहद गंभीर मामला है.

नोएडा का दावा कितना सही?

जब वीडियो को नोएडा का बताया जाने लगा, तब हमने गौतमबुद्ध नगर के फूड डिपार्टमेंट के अधिकारी सर्वेश सिंह से बात की. उन्होंने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने अपनी सभी टीमों को सक्रिय कर जांच कराई, लेकिन पूरे जिले में कहीं भी ऐसी कोई फैक्ट्री या घटना सामने नहीं आई. विभाग को ऐसा कोई सबूत नहीं मिला, जिससे यह साबित हो सके कि वीडियो गौतमबुद्ध नगर या नोएडा का है.

पहले भी दूसरे शहरों के नाम से हो चुका है वायरल

सर्वेश सिंह ने बताया कि यही वीडियो कुछ महीने पहले अलीगढ़ और आगरा का बताकर भी सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था. यानी अलग-अलग शहरों का नाम जोड़कर इस वीडियो को बार-बार शेयर किया जा रहा है.

फूड डिपार्टमेंट के मुताबिक, यह वायरल वीडियो गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) का नहीं है. ऐसे में केवल सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों के आधार पर किसी वीडियो को किसी शहर से जोड़कर सच मान लेना सही नहीं है. किसी भी वायरल वीडियो पर भरोसा करने से पहले उसकी पुष्टि करना जरूरी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »