किसी होटल में ठहरने के दौरान लोग साफ-सुथरे कमरे, आरामदायक बिस्तर और अच्छी सुविधाओं की उम्मीद करते हैं. लेकिन ब्रिटेन की एक महिला के साथ होटल में ऐसा कुछ हुआ, जिसे सुनकर आप भी होटल के बिस्तर पर सोने से पहले उसे अच्छी तरह जांचना चाहेंगे. महिला काम के सिलसिले में एक होटल में ठहरी थी. पहली रात तो सब ठीक रहा, लेकिन अगली सुबह जब वह सोकर उठी तो उसके शरीर पर जगह-जगह लाल निशान दिखाई देने लगे. शुरुआत में उसे कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब उसने बिस्तर की चादर और रजाई हटाकर देखी तो उसके होश उड़ गए. बिस्तर पर करीब 40 मरे हुए खटमल पड़े थे.
यह मामला ब्रिटेन के एक्सेटर शहर का है. यहां रहने वाली 46 साल की निकोला जेनकिंस काम के सिलसिले में हॉलिडे इन एक्सप्रेस एक्सेटर ईस्ट होटल में ठहरी थीं. उन्होंने इस होटल में चार रात रुकने की बुकिंग कराई थी. वह 12 अक्टूबर को होटल पहुंची थीं. उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि यह होटल में उनका ठहरना इतना खराब अनुभव बन जाएगा.
सुबह उठते ही शरीर पर दिखने लगे लाल निशान
निकोला के मुताबिक, होटल में पहली रात उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई. लेकिन अगली सुबह जब वह सोकर उठीं तो उन्हें शरीर में खुजली महसूस होने लगी. इसके बाद जब वह नहाने गईं तो उन्होंने अपने चेहरे, गर्दन, हाथ, पीठ और पेट पर लाल-लाल निशान देखे. शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद किसी कीड़े ने काट लिया होगा. लेकिन निशानों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही थी. निकोला को पहले भी खटमलों के काटने का अनुभव हो चुका था. इसलिए उन्हें शक हुआ कि बिस्तर में खटमल हो सकते हैं.
बिस्तर की चादर हटाई तो दिखे करीब 40 मरे हुए खटमल
इसके बाद निकोला ने अपने बिस्तर की जांच करने का फैसला किया. उन्होंने रजाई हटाई तो उन्हें बिस्तर पर एक खटमल रेंगता हुआ दिखाई दिया. उन्होंने इसका वीडियो भी बनाया. जब उन्होंने चादर और बिस्तर को अच्छी तरह देखा तो वहां करीब 40 मरे हुए खटमल मिले. निकोला का कहना था कि उनके शरीर पर 100 से ज्यादा जगह खटमलों के काटने के निशान थे. उनके माथे, गाल, गर्दन, कमर और हाथों पर लाल निशान पड़ गए थे. इतनी बड़ी संख्या में खटमल देखकर वह घबरा गईं.
होटल से की शिकायत, दूसरे कमरे में भेजा गया
इस घटना के बाद निकोला ने होटल के रिसेप्शन पर जाकर शिकायत की. होटल की तरफ से उन्हें दूसरा कमरा दिया गया. हालांकि, निकोला का कहना था कि उन्हें बताया गया कि होटल का भुगतान उनके ऑफिस ने किया है, इसलिए उन्हें सीधे रिफंड नहीं दिया जा सकता. इस दौरान उन्हें मुफ्त में एक कप कॉफी भी ऑफर की गई.
लेकिन निकोला की परेशानी कम नहीं हुई. उन्होंने होटल छोड़कर दूसरे होटल में रहने का फैसला किया. इसके बावजूद उनके शरीर पर खुजली और लाल निशान बढ़ते रहे.
खुजली और सूजन इतनी बढ़ी कि अस्पताल जाना पड़ा
निकोला ने बताया कि खटमलों के काटने के बाद उनकी त्वचा में इतनी तेज खुजली और जलन होने लगी कि उन्हें ऐसा महसूस होता था जैसे उनकी त्वचा जल रही हो. परेशानी बढ़ने पर वह एक फार्मासिस्ट के पास गईं. वहां उन्हें खुजली से राहत के लिए एंटीहिस्टामिन दवाएं दी गईं. लेकिन उनकी हालत में ज्यादा सुधार नहीं हुआ. 19 अक्टूबर को उनके बाएं हाथ में काफी सूजन आ गई और वह पूरी तरह लाल हो गया. इसके बाद उन्हें अस्पताल के इमरजेंसी विभाग यानी ए एंड ई में जाना पड़ा. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें स्टेरॉयड दवाओं का कोर्स दिया.
निकोला ने बताया कि इस घटना के कारण उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ी. वह वीकेंड पर एक बेबी शावर कार्यक्रम में भी शामिल नहीं हो सकीं और उन्हें घर के अंदर ही रहना पड़ा. इलाज के बाद धीरे-धीरे उनकी हालत में सुधार हुआ.
होटल ने मुफ्त में ठहरने का ऑफर दिया, महिला ने किया इनकार
इस घटना के बाद निकोला के ऑफिस ने भी होटल में शिकायत दर्ज कराई. होटल ने उनके ऑफिस से संपर्क किया और माना कि वहां खटमलों से जुड़ी समस्या सामने आई थी. होटल की तरफ से निकोला को किसी दूसरे होटल में मुफ्त वीकेंड बिताने का ऑफर भी दिया गया. हालांकि, निकोला ने इस ऑफर को स्वीकार करने से इनकार कर दिया. उनका कहना था कि इस अनुभव के बाद वह दोबारा इस होटल चेन में कभी नहीं रुकना चाहेंगी.
वहीं, हॉलिडे इन एक्सप्रेस एक्सेटर ईस्ट के प्रवक्ता ने कहा कि होटल मेहमानों की साफ-सफाई और उनकी सुरक्षा को गंभीरता से लेता है. होटल को इस घटना से जुड़ी शिकायत मिली है और वह इसकी जांच कर रहा है. होटल ने यह भी कहा कि वह महिला के सीधे संपर्क में है. इस घटना ने एक बार फिर होटल के कमरों की साफ-सफाई और बिस्तरों की जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
aajtak.in