दोस्त की हत्या कर 3 साल तक फ्रीजर में रखा शव, साथ मिले 5 पालतू गिनी पिग्स

ब्रिटेन में एक 65 साल के व्यक्ति पर अपनी 62 साल की महिला दोस्त की हत्या कर उसका शव करीब तीन साल तक फ्रीजर में छिपाकर रखने का आरोप है. फ्रीजर में महिला के पांच पालतू गिनी पिग्स के शव भी मिले.

Advertisement
इस मामले का खुलासा दिसंबर 2025 में होना शुरू हुआ. ( Photo: ITG) इस मामले का खुलासा दिसंबर 2025 में होना शुरू हुआ. ( Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 06 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 11:01 AM IST

ब्रिटेन से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है. यहां 65 साल के एक व्यक्ति पर अपनी 62 साल की महिला दोस्त की हत्या करने और उसके शव को करीब तीन साल तक अपने घर के फ्रीजर में छिपाकर रखने का आरोप है. हैरानी की बात यह है कि महिला के पांच पालतू गिनी पिग्स (छोटे खरगोश जैसे दिखने वाले जानवर) के शव भी उसी फ्रीजर में मिले. यह मामला लिवरपूल क्राउन कोर्ट में चल रही सुनवाई के दौरान सामने आया. आरोपी की पहचान जॉर्ज गॉर्डन के रूप में हुई है, जबकि महिला का नाम डेलिया मैकइनर्नी था. अभियोजन पक्ष यानी सरकारी वकीलों ने अदालत को बताया कि डेलिया की मौत अप्रैल 2023 में हुई थी. इसके बाद आरोपी ने उनके शव को फ्रीजर में छिपा दिया और करीब तीन साल तक उनके जिंदा होने का दिखावा करता रहा.

Advertisement

पुर्तगाल जाकर नई जिंदगी शुरू करने वाली थीं डेलिया
अदालत में बताया गया कि डेलिया एक कलाकार थीं. वह अक्सर विदेश यात्रा करती थीं और लिवरपूल के एनफील्ड इलाके में उनका अपना घर भी था. जब वह यात्रा पर नहीं होती थीं, तो कई बार जॉर्ज गॉर्डन के फ्लैट में भी रुकती थीं. डेलिया अप्रैल 2023 में अपने पांच पालतू गिनी पिग्स के साथ पुर्तगाल जाने की तैयारी कर रही थीं. वह वहां जाकर अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करना चाहती थीं. लेकिन उनके पुर्तगाल जाने से कुछ दिन पहले ही उनकी मौत हो गई. अभियोजन पक्ष (Prosecution) का आरोप है कि जॉर्ज को जब डेलिया के पुर्तगाल जाने की योजना के बारे में पता चला, तो उसने कुछ ऐसे सामान खरीदे, जिनमें बड़ा हथौड़ा और हाथ से चलने वाली आरी शामिल थी. सरकारी वकीलों के मुताबिक, बाद में इन सामानों का इस्तेमाल डेलिया की हत्या और उनके शव को टुकड़ों में बांटने के लिए किया गया हो सकता है.

Advertisement

फ्रीजर में महिला के साथ मिले पांच पालतू गिनी पिग्स
अदालत को बताया गया कि 11 अप्रैल 2023 को जॉर्ज ने डेलिया का एक वीडियो बनाया था. इसमें वह अपने पांचों गिनी पिग्स के साथ नजर आ रही थीं. यह आखिरी वीडियो था, जिसमें उन्हें जिंदा देखा गया था. अभियोजन पक्ष के मुताबिक, 11 अप्रैल की रात या 12 अप्रैल की सुबह डेलिया की हत्या कर दी गई. उनके पांचों पालतू गिनी पिग्स को भी डुबोकर मारने का आरोप है. इसके बाद डेलिया के शव को टुकड़ों में बांटकर एक बड़े फ्रीजर में रख दिया गया. उनके पांचों पालतू जानवरों के शव भी उसी फ्रीजर में रखे गए थे. पुलिस को 8 जनवरी 2026 को जॉर्ज के फ्लैट से यह फ्रीजर मिला. उसमें डेलिया के शव के अवशेष और उनके पालतू जानवरों के शव मौजूद थे.

महिला की मौत के बाद खुद को जिंदा बताता रहा 
अदालत में सरकारी वकीलों ने बताया कि डेलिया की मौत के बाद भी जॉर्ज ने उनके दोस्तों और जानने वालों से संपर्क बनाए रखा. वह खुद को डेलिया बताकर उन्हें मैसेज और ईमेल भेजता रहा. किसी को उसने बताया कि डेलिया की तबीयत खराब है और वह बीमार हैं. वहीं, कुछ लोगों को उसने यह भी बताया कि डेलिया मई 2023 में किंग चार्ल्स के राज्याभिषेक समारोह में उसके साथ गई थीं. उसने यहां तक कहा कि वहां डेलिया की मुलाकात कुछ मशहूर कलाकारों से हुई थी. इस तरह वह लंबे समय तक लोगों को यह भरोसा दिलाता रहा कि डेलिया जिंदा हैं. जबकि अभियोजन पक्ष के मुताबिक, उस समय उनका शव उसके घर के फ्रीजर में रखा हुआ था.

Advertisement

महिला के बैंक खाते से अपने खाते में ट्रांसफर किए पैसे
सरकारी वकीलों ने अदालत को बताया कि जॉर्ज पर डेलिया के बैंक खातों से हजारों पाउंड निकालने का भी आरोप है. डेलिया की मौत के अगले दिन यानी 12 अप्रैल 2023 को उनके बैंक खाते से 2 हजार पाउंड से ज्यादा की रकम जॉर्ज के खाते में ट्रांसफर हुई थी. इसके अलावा, आरोपी पर डेलिया के नाम पर लोन लेने और क्रेडिट कार्ड बनवाने का भी आरोप है. यानी महिला की मौत के बाद भी वह उनके नाम और बैंक खातों का इस्तेमाल करता रहा. अदालत में बताया गया कि जॉर्ज 24 अप्रैल 2023 को पुर्तगाल भी गया था. वहां उसने डेलिया की एक प्रॉपर्टी का दौरा किया.

कैसे खुला करीब तीन साल पुराना मामला?
इस मामले का खुलासा दिसंबर 2025 में होना शुरू हुआ. अदालत को बताया गया कि क्रिस कैवेंडिश-गॉर्डन नाम के एक व्यक्ति ने खुद को सोशल वर्कर बताते हुए ब्रिटेन के सरकारी विभाग डिपार्टमेंट फॉर वर्क एंड पेंशन (DWP) से संपर्क किया था. उसने डेलिया को मिलने वाली सरकारी आर्थिक मदद की रकम किसी दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर करने की मांग की. इसके बाद अधिकारियों को कुछ गड़बड़ लगी. उन्होंने फोन पर पूछताछ और पैसों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की. इसके बाद पुलिस ने 8 जनवरी 2026 को जॉर्ज को उसके फ्लैट से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के दौरान जब पुलिस उसे घर से बाहर ले जा रही थी, तो उसने कथित तौर पर अधिकारियों से कहा कि वह अंदर है और फिर बताया कि वह फ्रीजर में है. पुलिस ने जब फ्रीजर की जांच की, तो उसमें डेलिया के शव के अवशेष मिले.

Advertisement

अदालत में जॉर्ज ने यह माना है कि उसने डेलिया की जान ली थी. हालांकि, उसने हत्या यानी मर्डर के आरोप से इनकार किया है. उसने शुरुआत में पुलिस को बताया था कि डेलिया ने दवाओं की ज्यादा मात्रा ले ली थी और उनकी तकलीफ खत्म करने के लिए उसने उनके सिर पर हथौड़े से वार किया था. लेकिन अब उसका दावा है कि उसने ऐसा खुद को बचाने के लिए किया था. उसने अपने ऊपर लगे पशुओं को बेरहमी से मारने के आरोपों को भी खारिज किया है. फिलहाल लिवरपूल क्राउन कोर्ट में इस मामले की सुनवाई जारी है. अदालत में सरकारी वकीलों की ओर से लगाए गए आरोपों पर सुनवाई हो रही है. अभी तक इस मामले में अंतिम फैसला नहीं आया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »