स्वीडन के एक डांसर का बॉलीवुड गाने पर किया गया डांस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. कार्ल स्वानबर्ग नाम के इस क्रिएटर ने सलमान खान के मशहूर गाने 'चुनरी चुनरी' पर ऐसा डांस किया कि बॉलीवुड फैंस खुश हो गए.
कार्ल स्वानबर्ग ने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया, जिसमें वह समुद्र किनारे एक ऊंची चट्टान पर बॉलीवुड स्टाइल में डांस करते नजर आए. उन्होंने ब्लैक आउटफिट और व्हाइट स्नीकर्स पहने थे, जबकि हाथ में लाल रंग का दुपट्टा लेकर गाने के 'चुनरी' थीम को भी मजेदार अंदाज में दिखाया.
वीडियो में कार्ल कभी दुपट्टा घुमाते दिखे तो कभी पुराने बॉलीवुड गानों की तरह ओवरड्रामेटिक पोज देते नजर आए. उन्होंने गाने के लिप-सिंक और एक्सप्रेशंस भी पूरी एनर्जी के साथ किए. वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने इसे सलमान खान के आइकॉनिक गाने का रीमेक बताया और लिखा कि Bollywood nostalgia at its best.
देखें ये वीडियो
सोशल मीडिया पर यह वीडियो देखते ही लोगों की पुरानी यादें ताजा हो गईं. खासकर सलमान खान के फैंस ने इस वीडियो पर जमकर प्यार लुटाया. कई यूजर्स ने कहा कि विदेश में भी बॉलीवुड गानों का ऐसा क्रेज देखकर अच्छा लगता है. वहीं कुछ लोगों ने मजाक में इसे 'सलमान खान रिस्पेक्ट बटन' भी बताया.
कई यूजर्स ने कार्ल की एनर्जी और कॉन्फिडेंस की तारीफ की. लोगों का कहना था कि यह वीडियो दिखाता है कि बॉलीवुड म्यूजिक और डांस का जादू सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया भर के लोग भी इसे उतना ही पसंद करते हैं.
कार्ल स्वानबर्ग के इंस्टाग्राम अकाउंट पर नजर डालें तो साफ पता चलता है कि वह भारतीय फिल्मों के बड़े दीवाने हैं. उनके ज्यादातर वीडियो बॉलीवुड फिल्मों के गाने, डायलॉग्स और आइकॉनिक सीन से प्रेरित होते हैं.
aajtak.in