कहते हैं कि किस्मत कब पलट जाए, कोई नहीं जानता. पंजाब के एक मजदूर परिवार के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. घर के लिए पैसे कमाना और बच्चों की जरूरतें पूरी करना जिस परिवार के लिए आसान नहीं था, उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा, जब पता चला कि सिर्फ 7 रुपये के लॉटरी टिकट पर 1 करोड़ रुपये का इनाम निकला है. खास बात यह है कि महिला ने यह टिकट बच्चों के कपड़े खरीदने के लिए घर से निकलने के दौरान लिया था. यह कहानी पंजाब के फरीदकोट जिले के कोटकपूरा की रहने वाली बिमला देवी की है. उनके पति मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाते हैं. ऐसे में घर की जरूरतें पूरी करना और बच्चों की परवरिश करना आसान नहीं था.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, बिमला देवी बच्चों के कपड़े खरीदने निकली थीं. इसी दौरान रेलवे रोड पर रेलवे स्टेशन के पास लॉटरी स्टॉल पर उनकी नजर पड़ी. उन्होंने वहां से सिर्फ 7 रुपये का एक लॉटरी टिकट खरीद लिया. उस वक्त उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि उनका यह छोटा-सा फैसला अगले दिन इतनी बड़ी खुशखबरी लेकर आएगा. बिमला देवी ने जिस टिकट को सिर्फ 7 रुपये में खरीदा था, उसी पर एक करोड़ रुपये का इनाम निकल आया. लॉटरी का रिजल्ट आने के बाद स्टॉल के संचालक नरेश मोंगा ने फोन करके परिवार को इसकी जानकारी दी.
एक करोड़ रुपये का इनाम निकलने की खबर सुनकर परिवार के लोग खुशी से झूम उठे. वे तुरंत लॉटरी स्टॉल पर पहुंचे. वहां दुकानदार ने मिठाई खिलाकर उनकी खुशी में हिस्सा लिया. परिवार ने भी भांगड़ा करके इस बड़ी जीत का जश्न मनाया. आसपास के लोग और जान-पहचान वाले उन्हें बधाई देने लगे.
बच्चों के भविष्य के लिए करेंगी पैसों का इस्तेमाल
बिमला देवी के लिए यह इनाम सिर्फ बड़ी रकम जीतने की बात नहीं है, बल्कि अपने परिवार की जिंदगी बेहतर बनाने का मौका भी है. मजदूरी से होने वाली कमाई में घर का खर्च चलाना आसान नहीं था. ऐसे में एक करोड़ रुपये मिलने से परिवार को आर्थिक परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है. बिमला देवी और उनके परिवार ने अभी यह तय नहीं किया है कि इन पैसों का इस्तेमाल किस तरह किया जाएगा. परिवार के सदस्यों के साथ बातचीत करने के बाद इस बारे में फैसला लिया जाएगा. उनकी योजना एक छोटा कारोबार शुरू करने की भी है, ताकि परिवार की कमाई बढ़ सके और बच्चों को बेहतर भविष्य दिया जा सके.
लॉटरी बेचने वाले दुकानदार के लिए भी खास रहा यह मौका
इस जीत से सिर्फ बिमला देवी का परिवार ही खुश नहीं है, बल्कि लॉटरी स्टॉल के संचालक नरेश मोंगा के लिए भी यह खास मौका है. उन्होंने बताया कि वह पिछले करीब छह महीने से लॉटरी टिकट बेचने का काम कर रहे हैं. उनकी दुकान से पहले भी लाखों रुपये के इनाम जीतने वाले टिकट बिक चुके हैं, लेकिन एक करोड़ रुपये का इनाम पहली बार निकला है. यही वजह है कि बिमला देवी की जीत उनके लिए भी यादगार बन गई. इस तरह बच्चों के कपड़े खरीदने निकली बिमला देवी ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि महज 7 रुपये का टिकट उनके परिवार के लिए इतनी बड़ी खुशखबरी लेकर आएगा. अब परिवार को उम्मीद है कि इस रकम की मदद से वे अपनी आर्थिक स्थिति सुधार सकेंगे और बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठा सकेंगे.
aajtak.in