आइसक्रीम का नाम सुनते ही आपके मन में चॉकलेट, वनीला, स्ट्रॉबेरी या बटरस्कॉच जैसे स्वाद आते होंगे. लेकिन क्या आपने कभी ऐसी आइसक्रीम के बारे में सुना है, जिसमें समुद्री जीव लॉबस्टर का मांस मिलाया जाता है? अमेरिका में एक दुकान ऐसी ही अनोखी आइसक्रीम बेचती है. इसे देखकर और इसके बारे में सुनकर लोग हैरान हो रहे हैं. सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस आइसक्रीम को बनाने का ख्याल एक ग्राहक की बात से आया था.
आइसक्रीम में आखिर क्या मिलाया जाता है?
अमेरिका के मेन राज्य के बार हार्बर में स्थित ‘बेन एंड बिल्स चॉकलेट एम्पोरियम’ नाम की दुकान पर यह खास आइसक्रीम मिलती है. इसकी खासियत यह है कि इसमें मीठी आइसक्रीम के साथ लॉबस्टर के मांस के छोटे-छोटे टुकड़े मिलाए जाते हैं. इस आइसक्रीम का बेस मक्खन जैसा स्वाद देने वाला होता है. इसके बाद इसमें लॉबस्टर का मांस मिलाया जाता है और इसे वफल कोन में परोसा जाता है. आमतौर पर लॉबस्टर का इस्तेमाल समुद्री खाने की डिश बनाने में किया जाता है, इसलिए इसे आइसक्रीम में मिलाने का विचार काफी अलग है. यह स्वाद हर किसी को पसंद आए, ऐसा जरूरी नहीं है. लेकिन इसका अनोखापन लोगों को इसके बारे में जानने और इसे चखने के लिए जरूर उत्सुक करता है.
एक ग्राहक की बात से आया आइसक्रीम बनाने का आइडिया
इस अनोखी आइसक्रीम के पीछे करीब 30 साल पुरानी कहानी है. रिपोर्ट के मुताबिक, न्यूयॉर्क से एक कपल इस दुकान पर आया था. उन्हें दुकान की पीनट बटर फज मिठाई काफी पसंद आई. लेकिन उन्होंने दुकान को सबसे अच्छी रेटिंग देने से इनकार कर दिया. इसके पीछे उनकी एक अजीब-सी वजह थी. वे हर साल मेन घूमने आते थे, क्योंकि उन्हें लॉबस्टर खाना बहुत पसंद था. उनका कहना था कि जब दुकान में लॉबस्टर से बनी कोई चीज ही नहीं है, तो उसे सबसे अच्छी रेटिंग कैसे दी जा सकती है. ग्राहकों की यह बात दुकान के मालिक ने चैलेंज की तरह ली. उन्होंने सोचा कि क्यों न लॉबस्टर से ही आइसक्रीम बनाई जाए. यहीं से इस अनोखे स्वाद की शुरुआत हुई.
25 गैलन आइसक्रीम बनाई, फिर मिला A+ ग्रेड
दुकान के मालिक ने बटर वाले आइसक्रीम बेस में लॉबस्टर का मांस मिलाकर नया स्वाद तैयार किया. रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने करीब 25 गैलन यानी लगभग 95 लीटर आइसक्रीम बनाई. अगले दिन जब वह कपल दोबारा दुकान पर आया, तो उसने इस आइसक्रीम को चखा. उन्हें यह पसंद आई और उन्होंने दुकान को A+ ग्रेड दे दिया. इसके बाद मालिक ने बची हुई आइसक्रीम भी ग्राहकों के लिए रख दी. हैरानी की बात यह थी कि यह आइसक्रीम पूरे वीकेंड में बिक गई. इस तरह एक ग्राहक की शिकायत से शुरू हुआ प्रयोग दुकान की खास पहचान बन गया.
गर्मियों में हर हफ्ते मिलती है यह आइसक्रीम
शुरुआत में शायद दुकान के मालिक ने भी नहीं सोचा होगा कि लॉबस्टर से बनी आइसक्रीम लोगों को इतनी पसंद आएगी. लेकिन अब यह दुकान की गर्मियों की खास पेशकश बन चुकी है. मेन राज्य के बार हार्बर में स्थित यह दुकान गर्मियों के दौरान हर हफ्ते लॉबस्टर आइसक्रीम तैयार करती है. इसकी कहानी बताती है कि कभी-कभी ग्राहकों की एक अलग मांग भी किसी कारोबार के लिए नई पहचान बन सकती है. हालांकि, इस आइसक्रीम को बनाने और इसके लोकप्रिय होने से जुड़ी बातें दुकान की ओर से शेयर किए गए वीडियो पर आधारित हैं. Aajtak.in इस खबर की पुष्टि नहीं करता है.
aajtak.in