विदेश में काम करने वाले चार भारतीयों की किस्मत चमक गई है. अबू धाबी के बिग टिकट ड्रॉ में चारों ने 200-200 ग्राम ग्राम की बिस्किट ( Gold Bar) जीती है. इनमें एक ऑफिस बॉय भी शामिल हैं, जो पिछले 23 साल से बहरीन में रह रहे हैं. चारों को 24 कैरेट सोना मिला है, जिसकी कीमत करीब 96,500 दिरहम यानी लगभग 23 लाख रुपये बताई गई है. इन विजेताओं के नाम अरुणा कृष्णप्पा किडियूर, जिजॉय विश्वन, सदाथुल्ला शरीफ और मनीषा हर्षल कसाट हैं.
अरुणा कृष्णप्पा किडियूर की उम्र 45 साल है. वह पिछले 23 साल से बहरीन में रह रहे हैं और ऑफिस बॉय के तौर पर काम करते हैं. वह पहले भी बिग टिकट में हिस्सा लेते थे, लेकिन पिछले चार महीनों से दोस्तों के साथ मिलकर नियमित रूप से टिकट खरीद रहे थे. जब उन्हें सोना जीतने की खबर मिली, तो वह हैरान रह गए. अरुणा ने बताया कि जीत की खबर सुनकर उन्हें बहुत खुशी हुई. फिलहाल उन्होंने यह तय नहीं किया है कि वह इस इनाम का क्या करेंगे. उनका कहना है कि लोगों को उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए और अपनी किस्मत आजमाते रहना चाहिए.
तीन साल से टिकट खरीद रहीं महिला ने आजमाई किस्मत
मनीषा हर्षल कसाट 30 साल की हैं और मूल रूप से मुंबई की रहने वाली हैं. वह पिछले 10 साल से ज्यादा समय से शारजाह में रह रही हैं और फ्रीलांसर के तौर पर काम करती हैं. मनीषा पिछले तीन साल से बिग टिकट ड्रॉ में हिस्सा ले रही थीं. वह हर महीने टिकट खरीदती थीं और कभी-कभी दूसरों के साथ मिलकर भी किस्मत आजमाती थीं. लेकिन इस बार उन्होंने अकेले टिकट खरीदा और 200 ग्राम सोना जीत लिया. जीत की खबर मिलने पर मनीषा बेहद खुश हुईं. अभी उन्होंने यह तय नहीं किया है कि वह इनाम में मिले सोने का क्या करेंगी. हालांकि, उन्होंने आगे भी बिग टिकट में हिस्सा लेते रहने की बात कही है.
केरल के जिजॉय ने दोस्तों के साथ खरीदा था टिकट
जिजॉय विश्वन 51 साल के हैं और केरल के रहने वाले हैं. वह 2007 से शारजाह में रह रहे हैं और कंस्ट्रक्शन से जुड़े काम करते हैं. उनका परिवार भारत में रहता है. जिजॉय हर महीने पांच से दस लोगों के ग्रुप के साथ मिलकर बिग टिकट खरीदते थे. उन्हें ड्रॉ के बारे में जानकारी भी नहीं थी. जब बिग टिकट की टीम ने फोन करके जीत की खबर दी, तो उन्हें पहले यकीन नहीं हुआ. इसके बाद उन्होंने वेबसाइट पर जाकर अपनी जीत की पुष्टि की. जिजॉय ने बताया कि वह इनाम में मिले सोने को अपने ग्रुप के लोगों के साथ बांटेंगे. इसके बाद बची रकम को बचाकर रखेंगे और अपनी पत्नी और बच्चों की मदद के लिए इस्तेमाल करेंगे.
दुबई में एक साल से रह रहे इंजीनियर ने भी जीता सोना
सदातुल्ला शरीफ 51 साल के हैं और बेंगलुरु के रहने वाले हैं. वह सिविल इंजीनियर हैं और पिछले एक साल से दुबई में रह रहे हैं. सदातुल्ला ने पहली बार एयरपोर्ट पर बिग टिकट के बारे में सुना था. इसके बाद वह कभी ऑनलाइन तो कभी स्टोर से टिकट खरीदने लगे. जब उन्हें 200 ग्राम सोना जीतने की खबर मिली, तो उन्हें अपनी किस्मत पर यकीन नहीं हुआ. फिलहाल उन्होंने भी यह तय नहीं किया है कि वह इनाम में मिले सोने का क्या करेंगे.
क्या है बिग टिकट ड्रॉ?
बिग टिकट अबू धाबी में चलने वाला एक ड्रॉ प्रोग्राम है, जिसमें हिस्सा लेने वाले लोगों को इनाम जीतने का मौका मिलता है. इसके तहत सोने की बिस्किट, नकद रकम और दूसरी चीजें इनाम में दी जाती हैं. अक्टूबर के तीसरे साप्ताहिक ई-ड्रॉ में चार भारतीयों ने 200-200 ग्राम सोना जीता है.
aajtak.in