केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है. X, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर हजारों यूजर्स इस फैसले पर अपनी राय दे रहे हैं. कोई इसे छात्रों के लंबे आंदोलन की जीत बता रहा है तो कोई शिक्षा व्यवस्था में बड़े सुधार की मांग कर रहा है. इस बीच, पिछले 34 दिनों से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं ने इस्तीफे के बाद जश्न मनाया, जिसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं.
'झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए'
इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा कि झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए. लोकतंत्र में डरना नहीं, बोलना है. उनका कहना है कि युवाओं का शांतिपूर्ण संघर्ष बेकार नहीं गया. जो लोग कहते थे कि इस सरकार में इस्तीफे नहीं होते, उन्हें अब जवाब मिल गया है.
34 दिनों से चल रहा था प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी पिछले 34 दिनों से कथित NEET पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर धरना दे रही थी. पार्टी लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रही थी. इस्तीफे के बाद प्रदर्शन स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और जश्न मनाया. इसके वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से पहले ऐसा दिखा कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन, देखें Video
#DharmendraPradhan ट्रेंड करने लगा
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद #DharmendraPradhan और #NEET जैसे हैशटैग X पर ट्रेंड करने लगे. यूजर्स अलग-अलग अंदाज में अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कुछ लोगों ने इसे छात्रों की जीत बताया, जबकि कई यूजर्स ने लिखा कि अब सिर्फ इस्तीफा नहीं, बल्कि परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार भी होना चाहिए.
सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा वायरल हो रहे वीडियो में वेब सीरीज पंचायत का एक मशहूर सीन भी शामिल है, जिसमें जीत का जश्न दिखाया गया है. वहीं, CJP संस्थापक अभिजीत दिपके के जश्न मनाने वाले वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोग उन पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
मीम्स की भरमार
इस्तीफे के बाद सोशल मीडिया पर मीम्स की भी बाढ़ आ गई. किसी ने फिल्मी डायलॉग के जरिए प्रतिक्रिया दी तो किसी ने वायरल टेम्पलेट का इस्तेमाल कर अपनी बात कही. कुछ पोस्ट में इसे लोकतंत्र की ताकत बताया गया, जबकि कई यूजर्स ने लिखा कि असली जीत तब होगी, जब परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी.
झुकती है दुनिया , झुकाने वाला चाहिये
युवाओं की ताकत का अंदाजा हो गया.
अब क्रेडिट कौन लेगा
कैसा है जंतर मंतर का माहौल
NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुए. जंतर-मंतर पर CJP ने 34 दिनों तक लगातार धरना दिया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की. अब इस्तीफे के बाद पार्टी इसे अपने आंदोलन की बड़ी सफलता बता रही है, जबकि सोशल मीडिया पर इस पूरे घटनाक्रम को लेकर बहस और प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है.
aajtak.in