सोचिए, आप घर पर किसी डिलीवरी का इंतजार कर रहे हों और उसी दौरान किचन में अचानक आग लग जाए. ऐसी ही घटना डॉक्टर शिवांगी जोशी के साथ हुई. वह अपना पार्सल लेने दरवाजे पर पहुंची ही थीं कि किचन में गैस पर रखा पैन अचानक आग की लपटों से घिर गया. डॉक्टर कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही वहां मौजूद डिलीवरी एजेंट ने बिना देर किए मदद के लिए कदम बढ़ा दिया.
घटना का CCTV वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. फुटेज में नजर आता है कि डॉक्टर दरवाजे पर पार्सल लेने जाती हैं. इसी दौरान किचन से धुआं निकलता है और पैन में अचानक आग भड़क जाती है. आग देखकर डॉक्टर घबरा जाती हैं और कुछ पल के लिए समझ नहीं पातीं कि क्या करें.
उसी समय पार्सल लेकर आया डिलीवरी एजेंट तुरंत किचन की तरफ दौड़ता है. वह आग को फैलने से रोकने की कोशिश करता है और गैस की सप्लाई भी बंद कर देता है. उसकी तेजी से आग पर काबू पाने में मदद मिलती है और एक बड़ा हादसा टल जाता है.
डॉक्टर शिवांगी जोशी ने इस घटना का वीडियो शेयर करते हुए इसे अपनी जिंदगी की सबसे भावुक यादों में से एक बताया. उन्होंने लिखा कि डिलीवरी एजेंट उस रात सिर्फ पार्सल देने आया था, लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि कुछ ही पल बाद उसकी मौजूदगी इतनी अहम हो जाएगी.
डॉक्टर ने कहा कि जब किचन में आग लगी तो उन्हें समझ नहीं आया कि उसे कैसे संभालें. ऐसे समय में डिलीवरी एजेंट बिना कुछ सोचे उनकी मदद के लिए आगे आया. उन्होंने उसके इस निस्वार्थ व्यवहार की जमकर तारीफ की.
डॉक्टर ने यह भी लिखा कि हम अक्सर किसी इंसान को उसके कपड़ों, काम या पेशे से आंकते हैं, लेकिन मुश्किल वक्त में किसी की हिम्मत और इंसानियत ही सबसे ज्यादा मायने रखती है. उन्होंने डिलीवरी एजेंट को अपना 'सवियर' बताते हुए कहा कि शायद वह उसे धन्यवाद देने के लिए सही शब्द कभी नहीं ढूंढ पाएंगी.
इस वीडियो को सोशल मीडिया पर 70 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है. लोग डिलीवरी एजेंट की हिम्मत और तुरंत मदद करने की भावना की तारीफ कर रहे हैं. इस घटना ने एक बार फिर दिखाया कि किसी इंसान की पहचान सिर्फ उसके पेशे से नहीं होती. कभी-कभी एक छोटी सी मदद किसी की जिंदगी में बहुत बड़ा बदलाव ला सकती है.
aajtak.in