सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे वीडियो वायरल होते हैं, जो बताते हैं कि कई लोग काफी मुश्किलों के बाद भी अपने सपनों को पूरा करने में लगा है. ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक बच्ची सड़क किनारे पढ़ाई कर रही है. ये वीडियो चेन्नई का है, जिसमें दिख रहा है कि ये बच्ची एक महिला की दुकान के पास बैठी है और महिला सड़क पर फूल बेच रही हैं. इस दौरान सड़क पर ट्रैफिक चल रहा है, लेकिन बच्ची सड़क पर नीचे बैठकर ही पढ़ाई कर रही है. फिर जब अंधेरा होता है तो ये बच्ची रोड लाइट की रोशनी में ही पढ़ाई कर लेती है. अब ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और लोग इस बच्ची की मेहनत का तारीफ कर रहे हैं.
ये वीडियो उन दावों को सही साबित करता है, जिनमें कहा जाता था कि पढ़ने वाले बच्चे कहीं भी पढ़ लेते हैं. इस वीडियो की काफी तारीफ की जा रही है और वीडियो पर काफी कमेंट्स आ रहे हैं. वीडियो चेन्नई के तांबरम में कैंप रोड सिग्नल के पास का बताया जा रहा है. ये वीडियो शेयर करने वाले संतोष ने कैप्शन में बताया है, 'जब मैं कैंप रोड सिग्नल के पास तांबरम में काम कर रहा था, तो मैंने एक बच्ची को पढ़ाई करते हुए और पास ही उसकी मां को सड़क किनारे फूल बेचते हुए देखा.'
साथ ही उन्होंने लिखा, 'उसे इस उम्मीद के साथ पढ़ाई करते देखकर मुझे बहुत आश्चर्य हुआ कि शिक्षा ही उसकी स्थिति बदलने का एकमात्र साधन है और अंधेरा होने के बाद वह सड़क किनारे की एक दुकान की रोशनी में पढ़ाई करने चली गई. यह एक प्रेरणादायक दृश्य था.' बताया जा रहा है कि वीडियो के वायरल होने के बाद अब लोग बच्ची की मदद के लिए पहुंच रहे हैं और उन्हें स्टेशनरी आदि गिफ्ट कर रहे हैं ताकि बच्ची को पढ़ाई में आसानी हो सके.
वीडियो पर एक यूजर ने लिखा है- ये बच्ची अपनी लाइफ में काफी आगे जाएगी. किसी ने लिखा है कि ये बच्ची आने वाली कलेक्टर होगी. इसके साथ ही कई यूजर मदद के लिए लोकेशन मांग रहे हैं. एक यूजर ने लिखा- पिछले 20 मिनट से मैं इसी वीडियो को देख रहा हूं. मेरे मन में कई तरह के इमोशन आ रहे हैं. हो सकता है कि मैं उसकी ज़िंदगी न बदल पाऊं, लेकिन मैं उसे पढ़ाई का कुछ सामान देना और उसकी मदद करना चाहूंगा. मुझे जगह का पता मिल गया है, मैं इस वीकेंड वहां जा रहा हूं और इसके लिए संतोष का शुक्रिया!!!'
aajtak.in