Famous Underground Cities: अगर आप घूमने-फिरने के शौकीन हैं और कुछ अलग एक्सपीरियंस करना चाहते हैं, तो इस बार जमीन के ऊपर नहीं, बल्कि नीचे छिपी दुनिया को एक्सप्लोर करने का प्लान बनाइए. अंडरग्राउंड सिटीज की ये रहस्यमयी दुनिया न सिर्फ रोमांच से भरी है, बल्कि इतिहास के अनसुने किस्सों से भी जुड़ी हुई है. यहां जाकर आपको ऐसा लगेगा जैसे आप किसी दूसरी ही दुनिया में आ गए हैं, जहां कभी पूरी जिंदगी जमीन के नीचे बसती थी.
अंडरग्राउंड सिटीज ये दिखाते हैं कि इंसानों ने कैसे मुश्किल मौसम, हमलों और बदलते हालात में जीने के तरीके ढूंढे थे. जमीन के नीचे छिपे ये शहर सुरंगों, कमरों और कभी-कभी पूरे समुदायों द्वारा बने होते हैं, जिन्हें चट्टानों को काटकर बड़ी सावधानी से तैयार किया गया था. इन्हें कुछ जगहों पर सुरक्षा के लिए बनाया गया था, लेकिन धीरे-धीरे कई जगहें रहने के लिए भी इस्तेमाल होने लगीं. यहां घर, सामान रखने की जगह और पूजा स्थल तक बनाए गए. आज ये हमें याद दिलाते हैं कि पुराने समय में लोगों ने कितनी समझदारी से समस्याओं का हल निकाला था. तो चलिए जानते हैं वर्ल्ड के फेमस हिडन अंडरग्राउंड सिटीज के बारे में.
1. डेरिंक्यू, तुर्की
डेरिंक्यू, दुनिया के सबसे बड़े अंडरग्राउंड शहरों में से एक माना जाता है. यह जमीन के काफी नीचे कई दूर तक फैला हुआ है. इसे इस तरह बनाया गया था कि हजारों लोग यहां सुरक्षित रह सकें. यहां हवा के लिए वेंटिलेशन सिस्टम, सामान रखने के कमरे और यहां तक कि एक चर्च भी मौजूद था. लोग यहां आराम से लंबे समय तक रह सकते थे और खुद को हमलों व खराब मौसम से बचा सकते थे. इसकी बनावट देखकर समझ आता है कि सदियों पहले भी लोग अंडरग्राउंड रहने के मामले में कितने एडवांस थे.
आज यह जगह तुर्की के कैपाडोसिया में एक बड़ा टूरिस्ट प्लेस है. यहां के कुछ हिस्से लोगों के लिए खुले हैं, जबकि गहरे हिस्से सुरक्षा कारणों से बंद रखे गए हैं. यह जगह पुराने समय की जिंदगी और उनके जुगाड़ को करीब से दिखाती है. अब यह जगह देखने में ऐसी लगती है जैसे हम समय में पीछे चले गए हों, जहां जिंदगी चुपचाप जमीन के नीचे चलती थी.
2. मॉन्ट्रियल अंडरग्राउंड सिटी, कनाडा
पुराने समय की गुफाओं जैसे अंडरग्राउंड शहरों से अलग, मॉन्ट्रियल का अंडरग्राउंड सिटी एक मॉडर्न और काफी व्यस्त नेटवर्क है, जो शहर की सड़कों के नीचे बना हुआ है. यह शॉपिंग मॉल, होटल, ऑफिस और मेट्रो स्टेशनों को आपस में जोड़ता है, जिससे लोग खासकर कड़ाके की ठंड में भी आराम से एक जगह से दूसरी जगह जा सकें.
कई किलोमीटर तक फैला यह नेटवर्क दुनिया के सबसे बड़े अंडरग्राउंड कॉम्प्लेक्स में से एक है. इसमें शहर की प्लानिंग का एक बेहतरीन मेल देखने को मिलता है. आज भी यह पूरी तरह एक्टिव है और रोज हजारों लोग इसका इस्तेमाल करते हैं, खासकर सर्दियों में. इसे RESO के नाम से भी जाना जाता है और यह लगातार बढ़ता जा रहा है, जो शहर की लाइफस्टाइल और इंफ्रास्ट्रक्चर का अहम हिस्सा बन चुका है.
3. कूबर पेडी, ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया के गर्म और सूखे इलाके में बसे कूबर पेडी के लोगों ने तेज गर्मी से बचने के लिए जमीन के नीचे रहना शुरू किया था. यहां घर, चर्च और यहां तक कि होटल भी चट्टानों को काटकर बनाए गए हैं, जिससे अंदर का तापमान ठंडा और आरामदायक बना रहता है. यहां की अलग और अनोखी लाइफस्टाइल दुनियाभर के यात्रियों को आकर्षित करती है, जो कुछ हटकर अनुभव करना चाहते हैं. यह जगह इस बात का बेहतरीन उदाहरण है कि इंसान कैसे अपने माहौल के हिसाब से खुद को ढाल लेता है.
आज भी यहां लोग जमीन के नीचे रहते हैं और टूरिज्म इस शहर की इकोनॉमी का अहम हिस्सा बन गया है. यहां आने वाले लोग अंडरग्राउंड होटलों में ठहरते हैं और इन खास घरों को करीब से देख सकते हैं.
4. विएलिच्का सॉल्ट माइन, पोलैंड
विएलिच्का सॉल्ट माइन सिर्फ एक खदान नहीं है, बल्कि जमीन के नीचे बसी एक अनोखी दुनिया है. यहां नमक से तराशी गई खूबसूरत चर्च, बड़े हॉल और शानदार मूर्तियां देखने को मिलती हैं. यहां आने वाले लोग जमीन के काफी नीचे बने घुमावदार रास्तों और शानदार कमरों को एक्सप्लोर कर सकते हैं. सबसे खास आकर्षण यहां का अंडरग्राउंड कैथेड्रल है, जो देखने में किसी जादुई जगह जैसा लगता है.
यह जगह इतिहास, कला और इंजीनियरिंग का बेहतरीन मेल है. आज यह यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट में शामिल है और एक मशहूर टूरिस्ट डेस्टिनेशन बन चुकी है. यहां गाइडेड टूर, अंडरग्राउंड इवेंट्स और कुछ हिस्सों में हेल्थ रिसॉर्ट भी चलते हैं. इसकी ऐतिहासिक और कलात्मक खूबसूरती को बनाए रखने के लिए इसे बहुत संभालकर रखा जाता है.
5. बीजिंग अंडरग्राउंड सिटी, चाइना
बीजिंग का अंडरग्राउंड सिटी कोल्ड वॉर के समय बनाया गया था, ताकि किसी खतरे की स्थिति में लाखों लोगों को सुरक्षित रखा जा सके. यह एक बहुत बड़ा नेटवर्क है, जिसमें सुरंगें, मीटिंग रूम और रहने की जगहें शामिल हैं. इसे इमरजेंसी हालात को ध्यान में रखकर काफी सोच-समझकर तैयार किया गया था. हालांकि, इसका बड़ा हिस्सा आम लोगों के लिए पूरी तरह खुला नहीं है, फिर भी यह शहर के इतिहास का एक दिलचस्प हिस्सा बना हुआ है. यह दिखाता है कि बड़े स्तर पर सुरक्षा के लिए जमीन के नीचे जगहों का कैसे इस्तेमाल किया गया.
आज भी इसके कई हिस्से बंद हैं या सीमित रूप से ही देखे जा सकते हैं. कुछ जगहों का इस्तेमाल समय के साथ स्टोरेज या सीमित टूरिज्म के लिए किया जाने लगा है. यह पूरी तरह खुला टूरिस्ट स्पॉट नहीं है, लेकिन आज भी लोगों के बीच जिज्ञासा और इतिहास की वजह से चर्चा में रहता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क