Best hill stations to visit in November: नवंबर का महीना घूमने-फिरने के लिए काफी अच्छा माना जाता है. इस दौरान न ज्यादा बारिश होती है और न ही दिसंबर की छुट्टियों जैसी भीड़ हर जगह देखने को मिलती है. इस दौरान पहांड़ों की खूबसूरती और भी ज्यादा बढ़ जाती है. कहीं ऊंचे पहाड़ों पर सर्दी का एहसास होने लगता है तो कहीं चाय के बागान और धुंध से ढकी पहाड़ियां मन मोह लेती हैं.
अगर आप भी नवंबर में किसी हिल स्टेशन पर जाने की सोच रहे हैं तो भारत में घूमने के लिए कई शानदार जगहें हैं. हिमाचल प्रदेश के मनाली और शिमला से लेकर केरल के मुन्नार और तमिलनाडु के ऊटी तक, हर जगह का अपना अलग आकर्षण है. आप परिवार, दोस्तों या पार्टनर के साथ यहां घूमने का प्लान बना सकते हैं. हालांकि, ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड ज्यादा हो सकती है, इसलिए गर्म कपड़े साथ रखना जरूरी है. तो आइए जानते हैं नवंबर में घूमने के लिए भारत के 10 खूबसूरत हिल स्टेशनों के बारे में.
मनाली (हिमाचल प्रदेश)
नवंबर में मनाली की वादियां सर्दियों के रंग में रंगने लगती हैं. यहां बहती ब्यास नदी, देवदार के पेड़ और ऊंचे पहाड़ों के खूबसूरत नजारे आपका मन मोह लेंगे. मौसम ठंडा होने के कारण यहां घूमने का अलग ही मजा आता है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है लेकिन यह मौसम पर निर्भर करता है.
अगर आप मनाली जाने का प्लान बना रहे हैं तो होटल और आने-जाने की व्यवस्था पहले से कर लें. यहां स्थानीय बाजारों में घूमने के साथ कैफे में बैठकर गर्म चाय या कॉफी का आनंद भी ले सकते हैं.
शिमला (हिमाचल प्रदेश)
शिमला अपनी खूबसूरत पहाड़ियों, पुराने भवनों और मॉल रोड के लिए मशहूर है. नवंबर में यहां ठंडी हवाओं के बीच घूमने का अपना अलग अनुभव होता है. शाम के समय ठंड बढ़ सकती है, इसलिए गर्म कपड़े साथ रखना न भूलें.
यहां आप मॉल रोड पर टहल सकते हैं, कैफे में समय बिता सकते हैं और आसपास की पहाड़ियों के नजारे देख सकते हैं. अगर आपको इतिहास और पुरानी इमारतों में दिलचस्पी है तो शिमला की ब्रिटिश जमाने की वास्तुकला भी पसंद आएगी.
मुन्नार (केरल)
अगर आप बर्फीले पहाड़ों के बजाय हरियाली और चाय के बागानों के बीच समय बिताना चाहते हैं तो मुन्नार आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकता है. यहां दूर-दूर तक फैले चाय के बागान, घुमावदार सड़कें और धुंध से ढकी पहाड़ियां खूबसूरत नजारा पेश करती हैं.
नवंबर में यहां का मौसम आमतौर पर घूमने के लिए सुहावना रहता है. सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है, जबकि दिन में आसपास की जगहों की सैर की जा सकती है. यहां आप चाय के बागानों में घूमने और प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने का प्लान बना सकते हैं.
दार्जिलिंग (पश्चिम बंगाल)
दार्जिलिंग अपनी चाय, ठंडे मौसम और हिमालय के खूबसूरत नजारों के लिए जाना जाता है. नवंबर में आसमान साफ होने पर यहां से पहाड़ों के शानदार दृश्य दिखाई दे सकते हैं. हालांकि, मौसम बदलने के कारण कभी-कभी बादल नजारों को ढक भी सकते हैं.
यहां की टॉय ट्रेन की सवारी पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है. दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे को 1999 में यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया था. यहां घूमने के साथ स्थानीय चाय का स्वाद लेना और बाजारों में सैर करना भी अच्छा अनुभव हो सकता है.
मसूरी (उत्तराखंड)
उत्तराखंड का मसूरी उन लोगों के लिए बेहतर ऑप्शन है जो कम दिनों में पहाड़ों की सैर करना चाहते हैं. यहां मॉल रोड पर घूमने के साथ आसपास की हरियाली और पहाड़ी नजारों का आनंद ले सकते हैं. नवंबर में मौसम ठंडा रहता है और शाम के समय तापमान और गिर सकता है.
अगर आप भीड़ से दूर कुछ शांत पल बिताना चाहते हैं तो व्यस्त बाजारों से हटकर आसपास की शांत पगडंडियों और प्राकृतिक जगहों की सैर कर सकते हैं. यहां जाने से पहले मौसम का हाल जरूर देख लें और गर्म कपड़े साथ रखें.
ऊटी (तमिलनाडु)
तमिलनाडु का ऊटी अपनी हरी-भरी पहाड़ियों, चाय के बागानों और ठंडे मौसम के लिए मशहूर है. नवंबर में यहां सुबह और शाम के समय ठंड महसूस हो सकती है, जबकि दिन में मौसम घूमने के लिए अच्छा रहता है.
यहां ऊटी झील पर बोटिंग कर सकते हैं और नीलगिरि माउंटेन रेलवे की सवारी का अनुभव ले सकते हैं. यह रेलवे भारत की यूनेस्को विश्व धरोहर में शामिल माउंटेन रेलवे का हिस्सा है. परिवार के साथ घूमने या आराम से छुट्टियां बिताने के लिए ऊटी अच्छा विकल्प हो सकता है.
नैनीताल (उत्तराखंड)
उत्तराखंड का नैनीताल अपनी खूबसूरत झीलों, हरी-भरी पहाड़ियों और शांत वातावरण के लिए मशहूर है. नवंबर में यहां का मौसम ठंडा और सुहावना रहता है. झील के आसपास पहाड़ियों के खूबसूरत नजारे और ठंडी हवाएं आपकी ट्रिप को यादगार बना सकती हैं.
यहां आप नैनी झील में बोटिंग कर सकते हैं और मॉल रोड पर घूमने का आनंद ले सकते हैं. इसके अलावा, नैना देवी मंदिर के दर्शन और आसपास के व्यू पॉइंट्स से पहाड़ों के नजारे देख सकते हैं. अगर आप दिल्ली-एनसीआर से कम दिनों की ट्रिप प्लान कर रहे हैं तो नैनीताल बेस्ट ऑप्शन हो सकता है.
कोडाइकनाल (तमिलनाडु)
तमिलनाडु का कोडाइकनाल अपनी हरी-भरी पहाड़ियों, घने जंगलों और खूबसूरत झीलों के लिए जाना जाता है. नवंबर में यहां का मौसम आमतौर पर घूमने के लिए अच्छा रहता है. अगर आप भीड़भाड़ से दूर प्रकृति के बीच सुकून के पल बिताना चाहते हैं तो यह जगह आपकी ट्रैवल लिस्ट में शामिल हो सकती है.
यहां आप कोडाइकनाल झील के आसपास घूम सकते हैं और बोटिंग का आनंद ले सकते हैं. इसके अलावा, कोकर वॉक से पहाड़ियों के खूबसूरत नजारे देख सकते हैं. यहां की हरियाली, ठंडी हवा और शांत माहौल परिवार या दोस्तों के साथ छुट्टियां बिताने के लिए अच्छा है.
गंगटोक (सिक्किम)
सिक्किम की राजधानी गंगटोक पहाड़ों, खूबसूरत घाटियों और बौद्ध मठों के लिए मशहूर है. नवंबर में आसमान साफ रहने पर यहां से आसपास की पहाड़ियों के शानदार नजारे दिखाई दे सकते हैं. ठंड के मौसम में यहां घूमने का अनुभव अलग होता है, हालांकि ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान काफी गिर सकता है.
गंगटोक में आप एमजी मार्ग पर घूम सकते हैं, स्थानीय कैफे में समय बिता सकते हैं और रूमटेक मठ जैसे प्रसिद्ध स्थानों की सैर कर सकते हैं. अगर आप प्राकृतिक नजारों के साथ स्थानीय संस्कृति को भी करीब से देखना चाहते हैं तो गंगटोक आपके लिए बेस्ट हो सकता है. यहां जाने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर लें.
माउंट आबू (राजस्थान)
राजस्थान का माउंट आबू राज्य का एकमात्र प्रमुख हिल स्टेशन है. यह अपनी हरी-भरी पहाड़ियों, झील और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है. नवंबर में यहां का मौसम आमतौर पर सुहावना रहता है, जिससे घूमने-फिरने और प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने में आसानी होती है.
यहां आप नक्की झील में बोटिंग कर सकते हैं और सनसेट पॉइंट से सूर्यास्त का खूबसूरत नजारा देख सकते हैं. इसके अलावा, दिलवाड़ा जैन मंदिर अपनी शानदार वास्तुकला के लिए प्रसिद्ध है. अगर आप राजस्थान की यात्रा के दौरान पहाड़ों और ठंडे मौसम का अनुभव लेना चाहते हैं तो माउंट आबू एक बेस्ट ऑप्शन हो सकता है.
नवंबर में हिल स्टेशन घूमने जाते समय इन बातों का रखें ध्यान
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क