Places to Visit in Rajasthan: नवंबर का महीना घूमने-फिरने के लिए अच्छा समय माना जाता है. इस दौरान मौसम में ठंडक आने लगती है और कई जगहों पर घूमना पहले के मुकाबले ज्यादा आरामदायक हो जाता है. अगर आप भी इस नवंबर में परिवार, दोस्तों या पार्टनर के साथ छुट्टियां बिताने का प्लान बना रहे हैं तो राजस्थान आपके लिए एक बेस्ट जगह हो सकता है. राजस्थान की खास बात यह है कि यहां हर तरह के यात्रियों के लिए कुछ न कुछ खास है. इतिहास में दिलचस्पी रखने वालों के लिए पुराने किले और महल हैं तो नेचर लवर्स के लिए खूबसूरत झीलें और अरावली की पहाड़ियां हैं. वहीं, अगर आप कुछ रोमांचक करना चाहते हैं तो जैसलमेर के रेगिस्तान में ऊंट की सवारी और रात में कैंपिंग का अनुभव ले सकते हैं.
जयपुर के रंग-बिरंगे बाजारों से लेकर उदयपुर की झीलों और जोधपुर की नीली गलियों तक, हर जगह का अपना अलग आकर्षण है. इतना ही नहीं, नवंबर में पुष्कर मेला, बूंदी उत्सव और मत्स्य उत्सव जैसे आयोजन भी राजस्थान की संस्कृति को करीब से जानने का मौका देते हैं. अगर आप भीड़भाड़ से दूर कुछ सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं तो बूंदी और माउंट आबू जैसे जगहें चुन सकते हैं. तो आइए जानते हैं राजस्थान की ऐसी 10 खूबसूरत जगहों के बारे में, जहां आप नवंबर में घूमने का प्लान बना सकते हैं और अपनी छुट्टियों को यादगार बना सकते हैं.
जयपुर – किले, महल और बाजार
राजस्थान घूमने की शुरुआत जयपुर से करना बेस्ट हो सकता है. गुलाबी नगरी के नाम से मशहूर जयपुर अपने ऐतिहासिक किलों, महलों और रंग-बिरंगे बाजारों के लिए जाना जाता है. यहां आप आमेर किला, जल महल, सिटी पैलेस और जंतर-मंतर घूम सकते हैं. हवा महल की खूबसूरत बनावट भी पर्यटकों को आकर्षित करती है. अगर आपको शॉपिंग करना पसंद है तो जौहरी बाजार और बापू बाजार जा सकते हैं. यहां कपड़े, गहने, हस्तशिल्प और दूसरी पारंपरिक चीजें मिलती हैं. शाम के समय नाहरगढ़ किले से शहर का नजारा देखना भी अच्छा अनुभव हो सकता है.
पुष्कर – मेले और राजस्थानी संस्कृति का अनुभव
राजस्थान की यात्रा में पुष्कर को शामिल करना भी अच्छा रहेगा. नवंबर में यहां लगने वाला पुष्कर मेला खास आकर्षण का केंद्र होता है. इस दौरान ऊंटों की सजावट, लोक संगीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और हस्तशिल्प की दुकानें देखने को मिलती हैं. मेले में देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं. इसके अलावा आप पुष्कर झील के आसपास घूम सकते हैं और ब्रह्मा मंदिर के दर्शन कर सकते हैं. अगर आप मेले के दौरान यहां जाने की योजना बना रहे हैं, तो होटल और आने-जाने के साधनों की बुकिंग पहले से कर लें, क्योंकि इस समय भीड़ बढ़ सकती है.
जैसलमेर – रेगिस्तान में बिताएं रात
अगर आप राजस्थान में रेगिस्तान का अनुभव लेना चाहते हैं तो जैसलमेर जा सकते हैं. यहां का पीले बलुआ पत्थर से बना जैसलमेर किला शहर की खास पहचान है. किले की गलियों, पुराने घरों और मंदिरों को देखने के बाद आप सम के रेत के टीलों की ओर जा सकते हैं. यहां ऊंट की सवारी, सूर्यास्त का नजारा और राजस्थानी लोक संगीत का आनंद लिया जा सकता है. कई पर्यटक रात में रेगिस्तान के कैंप में भी ठहरते हैं. नवंबर में दिन का मौसम घूमने के लिए आरामदायक रहता है, लेकिन रात में ठंड बढ़ सकती है. इसलिए अपने साथ गर्म कपड़े जरूर रखें. यहां पटवों की हवेली, सलीम सिंह की हवेली और गड़ीसर झील भी घूमने लायक जगहें हैं.
जोधपुर – नीले शहर की खूबसूरती देखें
जोधपुर को नीले शहर के नाम से जाना जाता है. यहां की नीले रंग से रंगी पुरानी इमारतें और ऐतिहासिक किले पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. शहर घूमने की शुरुआत मेहरानगढ़ किले से कर सकते हैं. यहां आपको पुराने महल, आंगन, संग्रहालय और शहर का शानदार नजारा देखने को मिलेगा. इसके बाद जसवंत थड़ा और घंटाघर के आसपास घूम सकते हैं. सरदार मार्केट में मसाले, कपड़े, हस्तशिल्प और स्थानीय सामान की खरीदारी भी कर सकते हैं. नवंबर का मौसम यहां घूमने और पुरानी गलियों में पैदल चलने के लिए अच्छा रहता है.
उदयपुर – झीलों और महलों के बीच बिताएं समय
उदयपुर को झीलों का शहर कहा जाता है. अगर आपको शांत माहौल, खूबसूरत नजारे और ऐतिहासिक इमारतें पसंद हैं, तो यह जगह आपके लिए अच्छी हो सकती है. यहां पिछोला झील में नाव की सवारी कर सकते हैं और झील के आसपास बने महलों को देख सकते हैं. सिटी पैलेस, जगदीश मंदिर और बागोर की हवेली भी घूमने लायक जगहें हैं. शाम के समय झील के किनारे टहलना और सूर्यास्त का नजारा देखना यात्रा को खास बना सकता है. उदयपुर कपल्स, परिवार और दोस्तों के साथ घूमने के लिए अच्छा विकल्प है.
रणथंभौर – जंगल सफारी का लें मजा
राजस्थान सिर्फ किलों और महलों के लिए ही नहीं, बल्कि वन्यजीवों के लिए भी जाना जाता है. अगर आपको जंगल और जानवरों को करीब से देखना पसंद है तो रणथंभौर जा सकते हैं. रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान सवाई माधोपुर के पास स्थित है. यहां बाघ, तेंदुआ, भालू, हिरण और कई तरह के पक्षी पाए जाते हैं. आप जंगल सफारी के लिए जा सकते हैं. हालांकि, सफारी के दौरान बाघ दिखने की गारंटी नहीं होती. यहां ऐतिहासिक रणथंभौर किला भी घूम सकते हैं. नवंबर में सुबह की सफारी और दोपहर में आसपास की जगहों को देखने का प्लान बनाया जा सकता है.
बीकानेर – किले, मिठाइयां और पुराने बाजार
अगर आप राजस्थान की यात्रा में कुछ अलग देखना चाहते हैं तो बीकानेर को भी अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं. यहां का जूनागढ़ किला अपने महलों, आंगनों और खूबसूरत बनावट के लिए मशहूर है. शहर के पुराने बाजारों में घूमकर स्थानीय खानपान, मिठाइयों और नमकीन का स्वाद ले सकते हैं. नवंबर में यहां का मौसम भी घूमने के लिए बेहतर रहता है. महीने के आखिर में जाने की योजना है, तो कोलायत मेले की तारीखें भी देख सकते हैं. साल 2026 के लिए राजस्थान पर्यटन के कैलेंडर में यह मेला 27 और 28 नवंबर को निर्धारित है.
बूंदी – भीड़ से दूर घूमें ऐतिहासिक शहर
अगर आप राजस्थान की भीड़भाड़ वाली जगहों से हटकर किसी शांत शहर में घूमना चाहते हैं तो बूंदी आपके लिए बेस्ट हो सकता है. यहां पुराने महल, किले, बावड़ियां और संकरी गलियां देखने को मिलती हैं. बूंदी पैलेस और तारागढ़ किला यहां के प्रमुख आकर्षण हैं. शहर के नीले रंग के घर और पुरानी इमारतें फोटोग्राफी पसंद करने वालों को भी आकर्षित करती हैं. नवंबर में यहां बूंदी उत्सव भी आयोजित होता है. साल 2026 के पर्यटन कैलेंडर के अनुसार, यह उत्सव 27 से 29 नवंबर तक निर्धारित है. अगर आप इन तारीखों के आसपास जा रहे हैं, तो ठहरने की व्यवस्था पहले कर लें.
अलवर – किले, महल और प्राकृतिक नजारे
दिल्ली से राजस्थान घूमने का प्लान बना रहे हैं तो अलवर आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकता है. यहां ऐतिहासिक इमारतों के साथ झीलें और प्राकृतिक नजारे देखने को मिलते हैं. आप अलवर किला और सिटी पैलेस घूम सकते हैं. इसके अलावा, वन्यजीवों में दिलचस्पी रखने वाले लोग सरिस्का की यात्रा भी कर सकते हैं. नवंबर में यहां मत्स्य उत्सव आयोजित किया जाता है, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल और स्थानीय कला से जुड़े आयोजन होते हैं. साल 2026 के लिए राजस्थान पर्यटन के कैलेंडर में मत्स्य उत्सव की तारीखें 25 और 26 नवंबर दी गई हैं. कम दिनों की छुट्टी में घूमने के लिए भी अलवर अच्छा विकल्प हो सकता है.
माउंट आबू – राजस्थान में पहाड़ों का मजा
राजस्थान में रेगिस्तान और किलों के अलावा पहाड़ों का मजा लेना चाहते हैं तो माउंट आबू जा सकते हैं. अरावली की पहाड़ियों में बसा यह हिल स्टेशन अपने शांत माहौल और प्राकृतिक नजारों के लिए जाना जाता है. यहां नक्की झील, दिलवाड़ा जैन मंदिर और आसपास के व्यू पॉइंट घूम सकते हैं. परिवार के साथ छुट्टियां बिताने या रोजमर्रा की भागदौड़ से दूर कुछ समय सुकून से गुजारने के लिए यह जगह अच्छी है. नवंबर में यहां घूमना और आसपास की पहाड़ियों के नजारे देखना अच्छा अनुभव हो सकता है.
नवंबर में राजस्थान घूमने का प्लान कैसे बनाएं?
राजस्थान में घूमने की जगह चुनते समय अपनी छुट्टियों और यात्रा के समय को ध्यान में रखें. अगर आपके पास 3-4 दिन हैं तो जयपुर और पुष्कर घूम सकते हैं. 5-7 दिन की यात्रा में जोधपुर और जैसलमेर को शामिल किया जा सकता है. वहीं, झीलों और पहाड़ों का आनंद लेना चाहते हैं तो उदयपुर और माउंट आबू का प्लान बना सकते हैं. रणथंभौर में सफारी करने के लिए पहले से बुकिंग और उपलब्धता की जानकारी जरूर लें. नवंबर में मेले और त्योहारों के दौरान होटल महंगे हो सकते हैं, इसलिए समय रहते बुकिंग करना बेहतर रहेगा.
नोट: मेले और उत्सवों की तारीखें बदल सकती हैं. यात्रा पर निकलने से पहले राजस्थान पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट से तारीखों और कार्यक्रमों का डेट चेक कर लें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क