भारत के ज्यादातर हिस्सों में इस समय तेज गर्मी पड़ रही है. ऐसे में लोग ऐसी जगहों पर परिवार के साथ छुट्टियां बिताना चाहते हैं, जहां ठंडी हवा, खूबसूरत नजारे और और सुकून भरा माहौल मिल सके. हालांकि मनाली, शिमला और गोवा जैसी जगहें हमेशा टूरिस्ट्स से भरी रहती हैं लेकिन भारत में कई ऐसे खूबसूरत और ऑफबीट डेस्टिनेशन भी मौजूद हैं, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं.
ये जगहें प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और अलग संस्कृति के लिए मशहूर हैं. कहीं आपको बर्फ से ढकी पहाड़ियों का नजारा मिलेगा तो कहीं शांत बीच, हरियाली और एडवेंचर एक्टिविटीज का मजा लेने का मौका मिलेगा. अगर आप इस बार कुछ नया एक्सप्लोर करना चाहते हैं तो भारत की ये खूबसूरत जगहें आपकी ट्रिप को यादगार बना सकती हैं.
अरुणाचल प्रदेश की जीरो वैली
अरुणाचल प्रदेश की जीरो वैली नेचर लवर्स के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है. पूर्वी हिमालय की गोद में बसी यह खूबसूरत जगह अपनी हरियाली, पाइन के पेड़ों और धान के खेतों के लिए मशहूर है. यहां का शांत माहौल लोगों को शहर की भागदौड़ से दूर सुकून का एहसास कराता है. जीरो वैली अपातानी जनजाति की अनोखी संस्कृति के लिए भी जानी जाती है. अगर आप म्यूजिक पसंद करते हैं तो यहां होने वाला जीरो म्यूजिक फेस्टिवल आपके लिए खास अनुभव हो सकता है.
कर्नाटक का गोकर्णा
कर्नाटक का गोकर्णा उन लोगों के लिए परफेक्ट जगह है जो गोवा जैसी बीच वाइब तो चाहते हैं लेकिन भीड़भाड़ से दूर रहना पसंद करते हैं. यहां के शांत समुद्र तट, खूबसूरत कैफे और मंदिर लोगों को खूब आकर्षित करते हैं. खासकर ओम बीच और कुडले बीच सनराइज, योगा और रिलैक्सिंग ट्रिप के लिए काफी फेमस हैं. गोकर्णा का शांत वातावरण आपकी छुट्टियों को यादगार बना सकता है.
असम का माजुली
असम में ब्रह्मपुत्र नदी के बीच बसा माजुली दुनिया का सबसे बड़ा नदी द्वीप माना जाता है. यह जगह अपनी हरियाली, संस्कृति और शांत माहौल के लिए मशहूर है. यहां के वैष्णव मठ और पारंपरिक मुखौटा आर्ट लवर्स को बेहद पसंद आते हैं. अगर आप असम की संस्कृति और लोक जीवन को करीब से देखना चाहते हैं तो माजुली आपके लिए बेहतरीन जगह हो सकती है.
हिमाचल प्रदेश की तीर्थन वैली
हिमाचल प्रदेश की तीर्थन वैली एडवेंचर और नेचर लवर्स के लिए शानदार डेस्टिनेशन है. ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के पास स्थित यह जगह ट्रेकिंग, ट्राउट फिशिंग और स्टार गेजिंग के लिए काफी मशहूर है. यहां आपको मनाली और शिमला जैसी भीड़भाड़ नहीं मिलेगी, बल्कि शांत और सुकून भरा माहौल मिलेगा. अगर आप पहाड़ों में आराम और एडवेंचर दोनों का मजा लेना चाहते हैं, तो तीर्थन वैली एक शानदार ऑप्शन है.
आंध्र प्रदेश का गंडिकोटा
आंध्र प्रदेश का गंडिकोटा अपनी अनोखी घाटियों और चट्टानों की वजह से 'भारत का ग्रैंड कैन्यन' कहलाता है. पेन्नार नदी के किनारे बसी यह जगह एडवेंचर पसंद करने वालों को खूब पसंद आता है. यहां आप कयाकिंग, ट्रेकिंग और फोर्ट एक्सप्लोर करने का मजा ले सकते हैं. गंडिकोटा का प्राकृतिक नजारा इतना शानदार होता है कि यहां आने वाला हर पर्यटक इसकी खूबसूरती का दीवाना हो जाता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क