ट्रेन-बस की भीड़ में न हो जाए अनहोनी, होली पर सफर को सेफ बनाएंगे ये टिप्स

होली पर घर जाने की तैयारी कर रहे हैं. त्योहारों के सीजन में ट्रेनों और बसों में होने वाली भारी भीड़ आपका मजा किरकिरा कर सकती है. कहीं आपकी एक छोटी सी चूक सफर का मजा न बिगाड़ दे, इसलिए घर निकलने से पहले ये जरूरी ट्रैवल गाइड जरूर पढ़ लें.

Advertisement
सफर में भारी-भरकम बैग्स के बजाय सिर्फ जरूरी सामान ही साथ रखें (Photo: PTI) सफर में भारी-भरकम बैग्स के बजाय सिर्फ जरूरी सामान ही साथ रखें (Photo: PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली ,
  • 28 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 10:00 AM IST

होली का त्योहार करीब है और हर कोई अपने परिवार के साथ रंग खेलने के लिए घर जाने की तैयारी में जुटा है. लेकिन हम सब जानते हैं कि त्योहारों के समय सफर करना किसी सिरदर्द से कम नहीं होता. ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं होती और बसों का हाल तो और भी बुरा रहता है. ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही आपकी खुशी में खलल डाल सकती है. अगर आप चाहते हैं कि आपका सफर बिना किसी टेंशन के कटे, तो कुछ छोटी लेकिन जरूरी बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है.

Advertisement

टिकट की बुकिंग में न करें देरी

होली के दौरान भीड़ इतनी ज्यादा होती है कि टिकटें मिनटों में खत्म हो जाती हैं. इसलिए जैसे ही आपका प्लान बने, तुरंत अपनी सीट बुक कर लें. वेटिंग टिकट के भरोसे रहना इस समय रिस्की हो सकता है, क्योंकि त्योहार पर कंफर्म होने के चांस कम रहते हैं. बेहतर होगा कि आप रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप का ही इस्तेमाल करें और अगर रेगुलर ट्रेनों में जगह न मिले, तो स्पेशल ट्रेनों या बसों के ऑप्शन भी चेक करते रहें.

यह भी पढ़ें: शोर-शराबे से दूर, खुद को खोजने के लिए बेस्ट हैं भारत की ये 5 जगहें

भीड़ से बचने के लिए टाइमिंग का खेल समझें

अगर मुमकिन हो तो होली से ठीक एक दिन पहले यात्रा करने के बजाय 2-3 दिन पहले या बाद का टिकट लें. शाम 5 बजे से रात 10 बजे के बीच सबसे ज्यादा भीड़ रहती है, इसलिए कोशिश करें कि आपका सफर सुबह या दोपहर का हो. वर्किंग डेज यानी सोमवार से गुरुवार के बीच सफर करना वीकेंड के मुकाबले थोड़ा आसान रहता है और आपको स्टेशनों पर कम धक्का-मुक्की झेलनी पड़ेगी.

Advertisement

सामान कम रखें और सुरक्षित रहें

सफर में जितना हल्का सामान होगा, आपकी भाग-दौड़ उतनी ही आसान रहेगी. सिर्फ वही चीजें पैक करें जिनकी बहुत ज्यादा जरूरत हो. अपनी कीमती चीजें जैसे गहने या ज्यादा कैश को अलग और सुरक्षित बैग में रखें. एक छोटी सी ट्रिक जो बहुत काम आती है, वो ये कि अपने बैग पर अपना नाम और फोन नंबर जरूर लिखें, ताकि भीड़ में अगर बैग इधर-उधर हो जाए, तो उसे ढूंढना आसान रहे.

अपडेट रहना है बहुत जरूरी

आजकल टेक्नोलॉजी का जमाना है, इसलिए अपनी ट्रेन या बस की लाइव लोकेशन चेक करते रहें. कई बार ट्रेनें लेट होती हैं या प्लेटफॉर्म बदल जाते हैं, ऐसे में नेविगेशन ऐप्स आपकी बहुत मदद कर सकते हैं. अगर आप फ्लाइट से जा रहे हैं, तो एयरलाइन के मैसेज और अपडेट्स पर नजर रखें ताकि आखिरी समय में आपको कोई परेशानी न हो.

बुजुर्गों और बच्चों का रखें खास ख्याल

भीड़भाड़ वाली जगहों पर बच्चों और बुजुर्गों का हाथ कभी न छोड़ें. स्टेशन या बस स्टैंड पर पैर रखने की जगह नहीं होती, ऐसे में किसी भी अनहोनी से बचने के लिए उन्हें हमेशा अपने साथ रखें. एक और जरूरी बात, सफर शुरू करने से पहले ही परिवार के साथ एक ऐसी जगह तय कर लें जहां भीड़ में बिछड़ने की स्थिति में सब एक साथ मिल सकें.

Advertisement

यह भी पढ़ें: भारत के वो 5 शहर, जहां की होली देखने दुनिया भर से आते हैं लोग

अपनी गाड़ी से जा रहे हैं तो ये काम जरूर करें

अगर आप अपनी कार या बाइक से घर जा रहे हैं, तो निकलने से पहले गाड़ी की सर्विसिंग जरूर करवा लें. लंबे सफर में हर दो-तीन घंटे पर ब्रेक लेना जरूरी है ताकि आपको थकान न हो. कोशिश करें कि आप दिन के उजाले में ही सफर पूरा कर लें, क्योंकि रात के समय अनजाने रास्तों पर गाड़ी चलाना असुरक्षित हो सकता है.

पैसों का लेन-देन और सेहत की सावधानी

आजकल डिजिटल पेमेंट का जमाना है, लेकिन इमरजेंसी के लिए थोड़ा कैश साथ रखना हमेशा अच्छा होता है. हालांकि, स्टेशन जैसी पब्लिक जगहों पर कैश निकालने से बचें. अपनी सेहत का ध्यान रखने के लिए घर से पानी की बोतल और हल्का नाश्ता साथ लेकर चलें. सबसे जरूरी बात, सफर के दौरान किसी भी अनजान शख्स की दी हुई खाने-पीने की चीज बिल्कुल न लें.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement