Underwater Ancient Cities: कभी यहां बसती थीं बड़ी-बड़ी सभ्यताएं, आज पानी के नीचे छिपे हैं ये 5 शहर

Underwater Ancient Cities: दुनिया के कई प्राचीन जगहें हैं, जहां कभी बड़ी-बड़ी सभ्यताएं बसा करती थीं लेकिन समय के साथ वे पानी में डूब गए. कहीं भूकंप और प्राकृतिक आपदाओं ने तबाही मचाई तो कहीं बांध बनने से पूरा शहर जलमग्न हो गया.

Advertisement
डूबे शहरों की कहानी (Photo- ITG) डूबे शहरों की कहानी (Photo- ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 18 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 12:38 PM IST

Underwater Ancient Cities: दुनिया में कई ऐसे प्राचीन शहर हैं, जहां कभी लोगों की चहल-पहल हुआ करती थी लेकिन समय के साथ वे पानी में समा गए. कहीं भूकंप और प्राकृतिक आपदाएं इसकी वजह बनीं तो कहीं बांध बनने से पूरी बस्ती डूब गई. आज इन शहरों के अवशेष पानी के नीचे मौजूद हैं और उनके इतिहास से जुड़े कई रहस्य आज भी लोगों को हैरान करते हैं. आज हम आपको ऐसी ही 5 प्राचीन शहरों के बारे में बताएंगे जो कभी आबाद थे लेकिन आज पानी के नीचे हैं.

Advertisement

द्वारका (भारत)
गुजरात के तट पर स्थित द्वारका का नाम भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ा है. हिंदू मान्यताओं और प्राचीन ग्रंथों में इसे श्रीकृष्ण की नगरी बताया गया है. मान्यता है कि श्रीकृष्ण के समय की द्वारका बाद में समुद्र में समा गई थी. गुजरात के तट के पास पानी के नीचे कुछ प्राचीन संरचनाएं और अवशेष मिले हैं, जिनमें इतिहासकारों और पुरातत्वविदों की दिलचस्पी रही है. हालांकि, इन अवशेषों का पौराणिक द्वारका से संबंध और उस नगरी की सटीक जगह को लेकर अभी भी चर्चा जारी है.

बाएइ  (Baiae), इटली
इटली का बाएइ प्राचीन रोम के समय एक मशहूर और आलीशान पर्यटन स्थल हुआ करता था. यहां अमीर लोग छुट्टियां बिताने और मौज-मस्ती करने आते थे. इसे उस दौर के लग्जरी रिसॉर्ट जैसा माना जाता है. माना जाता है कि ज्वालामुखीय गतिविधियों और जमीन के धीरे-धीरे नीचे धंसने के कारण शहर का बड़ा हिस्सा पानी में समा गया. आज भूमध्य सागर के नीचे इसके प्राचीन अवशेष मौजूद हैं. यहां पानी के भीतर पुरानी इमारतों और संरचनाओं को देखा जा सकता है जो रोमन काल की जीवनशैली की झलक देते हैं.

Advertisement

लायन सिटी, चीन
चीन के झेजियांग प्रांत में स्थित कियानदाओ झील के नीचे एक प्राचीन शहर बसा हुआ है, जिसे लायन सिटी या शी चेंग के नाम से जाना जाता है. इस शहर का इतिहास लगभग 1,300 साल पुराना माना जाता है. साल 1959 में शिनआन नदी पर हाइड्रोपावर स्टेशन बनाने के लिए बांध बनाया गया, जिसके बाद यह शहर पानी में डूब गया. हैरानी की बात यह है कि पानी के नीचे इसकी कई पुरानी इमारतें और संरचनाएं अब भी काफी हद तक सुरक्षित हैं. आज यह जगह गोताखोरों और पानी के भीतर फोटोग्राफी करने वालों के बीच आकर्षण का केंद्र है.

पोर्ट रॉयल, जमैका
जमैका का पोर्ट रॉयल 17वीं सदी में कैरेबियन क्षेत्र के सबसे व्यस्त और समृद्ध शहरों में से एक था. यह समुद्री व्यापार और समुद्री लुटेरों के लिए मशहूर था. लेकिन साल 1692 में आए भीषण भूकंप के कारण शहर का बड़ा हिस्सा समुद्र में समा गया. इस आपदा ने शहर की रौनक को खत्म कर दिया. आज पानी के नीचे मौजूद इसके पुराने अवशेष इतिहास की उस घटना की याद दिलाते हैं. यहां पुरानी इमारतों और सड़कों के अवशेषों को देखने के लिए गोताखोरी भी की जाती है.

हेराक्लिओन (Heracleion), मिस्र
मिस्र का हेराक्लिओन कभी एक महत्वपूर्ण बंदरगाह शहर हुआ करता था. यह नील नदी के मुहाने के पास स्थित था और प्राचीन मिस्र में व्यापार के लिहाज से इसकी अहम भूमिका थी. समय के साथ प्राकृतिक आपदाओं और जमीन के धंसने जैसी वजहों से शहर का बड़ा हिस्सा भूमध्य सागर में डूब गया. कई सदियों तक यह शहर पानी के नीचे छिपा रहा. बाद में समुद्र के भीतर खोज के दौरान इसके अवशेष मिले. यहां मिली प्राचीन संरचनाएं और दूसरी ऐतिहासिक चीजें मिस्र की पुरानी सभ्यता और व्यापार के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी देती हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »