अब बिना मोबाइल नंबर बताए करें WhatsApp Chat, कंपनी ने लॉन्च किया बड़ा प्राइवेसी फीचर

WhatsApp ने बड़ा ऐलान किया है. अब ऐप में यूजरनेम का फीचर ऐक्टिव होगा. यूजरनेम फीचर के आने के बाद बिना अपना नंबर शेयर किए हुए किसी से बातचीत कर सकते हैं. कंपनी ने कहा है कि लोग अपना यूजरनेस रिजर्व कर सकते हैं.

Advertisement
WhatsApp में आया यूजरनेम फीचर WhatsApp में आया यूजरनेम फीचर

आजतक टेक्नोलॉजी डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 30 जून 2026,
  • अपडेटेड 12:52 PM IST

WhatsApp जल्द अपने करोड़ों यूजर्स के लिए एक बड़ा बदलाव लेकर आने वाला है. अब किसी नए शख्स से बात करने के लिए आपको अपना मोबाइल नंबर देने की जरूरत नहीं पड़ेगी. जैसे टेलीग्राम पर यूजरनेम के जरिए कनेक्ट हो कर बातचीत कर सकते हैं, ठीक वैसे ही अब वॉट्सऐप में आ रहा है.

कंपनी ने आधिकारिक तौर पर नए Username फीचर का ऐलान कर दिया है. इस फीचर की मदद से लोग अपने फोन नंबर की जगह वॉट्सऐप यूजरनेम शेयर करके चैट शुरू कर सकेंगे.

Advertisement

कंपनी ने बताया है कि इस हफ्ते से यूजर्स अपने पसंद का यूजरनेम रिजर्व कर सकेंगे. हालांकि यह फीचर सभी यूजर्स के लिए धीरे-धीरे जारी किया जाएगा. जिन देशों में यह उपलब्ध होगा, वहां वॉट्सऐप खुद ऐप के अंदर नोटिफिकेशन देकर इसकी जानकारी देगा.

WhatsApp का यूजरनेम फीचर क्या है?

अब तक वॉट्सऐप पर किसी से बात करने के लिए उसका मोबाइल नंबर होना जरूरी था. लेकिन नए फीचर के आने के बाद अगर आपने यूजरनेम बना लिया है, तो पहली बार आपसे संपर्क करने वाले शख्स को आपका मोबाइल नंबर नहीं दिखेगा. इससे आपकी प्राइवेसी पहले से ज्यादा मजबूत होगी.

यह भी पढ़ें: ना IIT, ना IIM… फिर भी कुणाल शाह को WhatsApp की कमान! लेकिन असली कहानी डेटा की है

वॉट्सऐप का कहना है कि आज कई लोग किसी इवेंट, क्लास, ऑफिस, सोसायटी या ग्रुप में जुड़ना चाहते हैं, लेकिन अपना निजी मोबाइल नंबर हर किसी के साथ शेयर नहीं करना चाहते. इसी जरूरत को देखते हुए कंपनी यह फीचर लेकर आई है. अब लोग अपना यूजरनेम देकर बातचीत शुरू कर सकेंगे.

Advertisement

कंपनी के मुताबिक वॉट्सऐप पर दुनिया भर में 3 अरब से ज्यादा यूजर्स हैं. ऐसे में कई लोगों की पसंद एक जैसी हो सकती है. इसी वजह से कंपनी ने फीचर लॉन्च होने से पहले यूजरनेम रिजर्व करने का विकल्प शुरू किया है, ताकि यूजर्स अपनी पसंद का नाम पहले ही सिक्योर कर सकें.

What is username generator?

अगर आपको यूजरनेम चुनने में परेशानी होगी तो वॉट्सऐप एक यूजरनेम जेनेरेटर भी देगा. यह आपकी पसंद के हिसाब से कुछ सुझाव दिखाएगा, जिनमें से आप कोई भी चुन सकते हैं.

यह फीचर खास तौर पर कंटेंट क्रिएटर, इंफ्लूएंसर, छोटे कारोबार और संस्थाओं के लिए भी काफी काम का होगा. अगर उनके पास पहले से इंस्टाग्राम या फेसबुक पर कोई यूजरनेम है, तो वे उसी यूजरनेम को वॉट्सऐप पर भी क्लेम कर सकेंगे. इससे सभी मेटा प्लेटफॉर्म पर उनकी एक जैसी पहचान बनी रहेगी.

यह भी पढ़ें: Meta के फ्यूचरिस्टिक-हाईटेक ऑफिस के राज, जो बाहर वालों को नहीं पता

वॉट्सऐप ने कहा है कि यह कोई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म नहीं बनने जा रहा है. यहां यूजरनेम खोजने के लिए कोई पब्लिक डायरेक्ट्री नहीं होगी और न ही लोगों के यूजरनेम सर्च करके देखे जा सकेंगे. किसी व्यक्ति से संपर्क करने के लिए उसका सही यूजरनेम पता होना जरूरी होगा.

Username key

कंपनी ने सिक्योरिटी को ध्यान में रखते हुए एक नया Username Key सिस्टम भी बनाया है. अगर कोई यूजर चाहे तो वह यह एक्स्ट्रा सिक्योरिटी ऑप्शन चालू कर सकता है. इसके बाद किसी नए शख्स को मैसेज भेजने के लिए सिर्फ यूजरनेम ही नहीं, बल्कि उस Key की भी जरूरत पड़ सकती है. इससे अनजान लोगों के लिए संपर्क करना और मुश्किल हो जाएगा.

Advertisement

वॉट्सऐप का कहना है कि यूजरनेम फीचर शुरू होने के बाद अगर आपने इसे चालू कर दिया है, तो किसी नए व्यक्ति या बिजनेस से पहली बार बातचीत करते समय आपका मोबाइल नंबर दिखाई नहीं देगा. इससे आपकी निजी जानकारी पहले की तुलना में ज्यादा सुरक्षित रहेगी.

How to get WhatsApp username

अगर आपके पास वॉट्सऐप का नया वर्जन है, तो फीचर उपलब्ध होने पर आप Settings > Account > Username में जाकर अपना यूजरनेम रिजर्व कर पाएंगे. अभी यह सुविधा सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं हुई है. कंपनी आने वाले महीनों में इसे धीरे-धीरे दुनिया भर के यूजर्स तक पहुंचाएगी.

वॉट्सऐप का मानना है कि यूजरनेम फीचर उसकी प्राइवेसी स्ट्रैटिजी का अगला बड़ा कदम है. इससे यूजर्स को नए लोगों से बात करते समय अपना मोबाइल नंबर शेयर करने की मजबूरी नहीं रहेगी और वे पहले से ज्यादा सुरक्षित तरीके से वॉट्सऐप का इस्तेमाल कर सकेंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »