Apple Watch, WHOOP और Oura Ring को टक्कर देगा दीपिंदर गोयल का टेंपल डिवाइस? इतनी हो सकती है कीमत

जोमैटो के फाउंडर दीपिंदर गोयल जल्द ही एक टेंपल नाम का हेल्थ ट्रैकिंग डिवाइस लॉन्च करने की तैयारी में है. इसे माथे के साइड में लगाया जा सकेगा और ये हेल्थ और रिकवरी पर फोकस करेगा.

Advertisement
टेंपल डिवाइस पहने दीपिंदर गोयल टेंपल डिवाइस पहने दीपिंदर गोयल

आजतक टेक्नोलॉजी डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 28 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:58 PM IST

Zomato फाउंडर दीपिंदर गोयल हाल ही में अपने माथे के साइड में एक छोटा डिवाइस पहने हुए दिखे. एक पॉडकास्ट से क्लिप वायरल हुई. दरअसल गोयल का हेल्थटेक स्टार्टअप टेंपल अब अपने पहले वियरेबल डिवाइस को लॉन्च करने की तैयारी में है. रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी इस डिवाइस की कीमत करीब 75,000 से 80,000 रुपये रख सकती है. इसके साथ ही टेंपल नए फंडिंग राउंड में करीब 500 मिलियन डॉलर (करीब 4,300 करोड़ रुपये) की वैल्यूएशन हासिल करने की कोशिश कर रही है.

Advertisement

गौरतलब है कि टेंपल की शुरुआत इसी साल हुई थी और फरवरी में कंपनी ने करीब 54 मिलियन डॉलर की फंडिंग जुटाई थी. उस समय कंपनी की वैल्यूएशन करीब 190 मिलियन डॉलर थी. अब अगर नया फंडिंग राउंड 500 मिलियन डॉलर पर पूरा होता है, तो कुछ ही महीनों में कंपनी की वैल्यूएशन दोगुने से भी ज्यादा हो जाएगी.

यह भी पढ़ें: भारत में लॉन्च हुई Oura Ring 4, रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा, भारतीय दुनिया में सबसे कम सोते हैं

टेंपल का पहला प्रोडक्ट आम स्मार्टवॉच या स्मार्ट रिंग जैसा नहीं होगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक यह एक छोटा सा पेबल (Pebble) आकार का वियरेबल होगा, जिसे माथे के किनारे यानी टेंपल वाले हिस्से पर चिपकाया जाएगा. कंपनी का दावा है कि शरीर के इस हिस्से से मिलने वाले सिग्नल कलाई या उंगली की तुलना में ज्यादा उपयोगी हेल्थ डेटा दे सकते हैं. 

Advertisement

क्या करेगा यह डिवाइस?

बताया जा रहा है कि यह वियरेबल शरीर में खून के बहाव से जुड़े सिग्नल को मापेगा. इससे यूजर को यह समझने में मदद मिल सकती है कि उसकी बॉडी नींद, एक्सरसाइज, खाने और तनाव पर कैसे प्रतिक्रिया दे रही है. कंपनी का फोकस सिर्फ हार्ट रेट मॉनिटर पर नहीं, बल्कि बॉडी की रिकवरी, मेटाबॉलिज्म और ओवरऑल हेल्थ को बेहतर तरीके से समझने पर है.

इतनी ज्यादा कीमत क्यों?

करीब 80 हजार रुपये की कीमत सुनकर कई लोग हैरान हो सकते हैं. लेकिन टेंपल शुरुआत में इसे आम लोगों के लिए नहीं ला रही है. कंपनी का टारगेट ऐसे लोग हैं जो अपनी हेल्थ पर ज्यादा खर्च करने को तैयार हैं.

यह भी पढ़ें: आ गए दो न्यू Whoop Band, मिला ECG फीचर और 14 दिन का बैटरी बैकअप, ये है कीमत

इनमें एथलीट, बिजनेस लीडर, डॉक्टर और हेल्थ को लेकर अवेयरनेस प्रोफेशनल शामिल हो सकते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस कीमत में डिवाइस के साथ टेंपल का सॉफ्टवेयर लाइफटाइम वैलिडिटी के साथ दिया जा सकता है. हालांकि इस कैटिगरी के हेल्थ ट्रैकिंग डिवाइस मंथली और ईयरली सब्सक्रिप्शन के साथ आते हैं.

Apple Watch और WHOOP को दे सकता है टक्कर?

आज हेल्थ वियरेबल मार्केट में Apple Watch, Garmin, Oura Ring और WHOOP जैसे ब्रांड पहले से मौजूद हैं. टेंपल इन सबसे अलग रास्ता चुन रही है. जहां ज्यादातर डिवाइस कलाई या उंगली से डेटा लेते हैं, वहीं टेंपल माथे से शरीर के सिग्नल पढ़ने पर दांव लगा रही है.

Advertisement

अगर कंपनी के दावे सही साबित होते हैं, तो यह हेल्थ ट्रैकिंग की दुनिया में एक नया एक्सपेरिमेंट साबित हो सकता है. हालांकि अभी तक कंपनी ने इस तकनीक के क्लीनिकल डेटा या साइंटिफिक टेस्टिंग की पूरी जानकारी पब्लिक नहीं की है.

फिलहाल टेंपल ने लॉन्च की तारीख का ऐलान नहीं किया है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी जल्द ही अपना पहला प्रीमियम वियरेबल बाजार में उतार सकती है. अगर ऐसा होता है, तो यह भारत के सबसे महंगे हेल्थ वियरेबल डिवाइस में से एक होगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »