टेक्नोलॉजी की दुनिया में रोबोट लगातार नए रिकॉर्ड बना रहे हैं और अब ऐसा कारनामा सामने आया है, जिसकी शायद किसी ने उम्मीद नहीं की होगी. चीन में हुए वर्ल्ड ह्यूमनॉइड रोबोट गेम्स में एक ह्यूमनॉइड रोबोट ने 100 मीटर की दौड़ में उसैन बोल्ट का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है. इतना ही नहीं, एक दूसरे रोबोट ने इंसानों के हाई जंप रिकॉर्ड को भी पार कर लिया.
जानिए उसैन बोल्ट का रिकॉर्ड तोड़ने वाले रोबोट के बारे में
बीजिंग में इस रोबोट गेम्स में ‘Lightning Bolt’ नाम के ह्यूमनॉइड रोबोट ने 100 मीटर की रेस सिर्फ 9.39 सेकंड में पूरी की. इसकी टाइमिंग उसैन बोल्ट के 9.58 सेकंड के 100 मीटर वर्ल्ड रिकॉर्ड से तेज है. बोल्ट ने यह रिकॉर्ड साल 2009 में बनाया था और आज तक कोई इंसान इसे तोड़ नहीं पाया है.
हालांकि, रोबोट की रेस का अंत थोड़ा अलग रहा. रिकॉर्ड बनाने के बाद Lightning Bolt अपना बैलेंस नहीं संभाल पाया और एक नीली दीवार से टकरा गया. इसके बाद रोबोट को स्ट्रेचर पर ले जाया गया. वहीं, उसैन बोल्ट ने अपना रिकॉर्ड बनाने के बाद आराम से ट्रैक पर दौड़ लगाकर अपनी जीत का जश्न मनाया था.
यह भी पढ़ें: सितंबर में आ रहा iPhone 18 Pro! लेकिन इस बार आम iPhone खरीदने वालों को लग सकता है झटका
जानिए हाई जंप का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने वाले रोबोट के बारे में
सिर्फ दौड़ ही नहीं, रोबोट ने हाई जंप में भी कमाल किया है. एक ह्यूमनॉइड रोबोट ने स्टैंडिंग हाई जंप में 2.88 मीटर की ऊंचाई तक छलांग लगाई. यह पिछले साल के ह्यूमनॉइड रोबोट के 0.95 मीटर के रिकॉर्ड से काफी ज्यादा है.
इतना ही नहीं, 2.88 मीटर की यह छलांग इंसानों के हाई जंप वर्ल्ड रिकॉर्ड से भी ज्यादा है. इंसानों का हाई जंप रिकॉर्ड 2.45 मीटर का है, जिसे क्यूबा के जेवियर सोटोमायोर ने साल 1993 में बनाया था. दोनों रिकॉर्ड बनाने वाले रोबोट बीजिंग की X-Humanoid कंपनी से जुड़े हैं.
क्यों किए गए ह्यूमनॉइड रोबोट्स को पेश?
इस साल के वर्ल्ड ह्यूमनॉइड रोबोट गेम्स में 2,000 से ज्यादा ह्यूमनॉइड रोबोट शामिल हुए हैं. इस पांच दिन के इवेंट में रनिंग, टेबल टेनिस और फुटबॉल समेत 51 अलग-अलग इवेंट रखे गए हैं. आयोजकों के मुताबिक, पूरे इवेंट में 1,000 से ज्यादा मुकाबले हुए हैं.
यह गेम्स बीजिंग के नेशनल स्पीड स्केटिंग ओवल में आयोजित किए जा रहे हैं. यही जगह 2022 विंटर ओलंपिक के दौरान इस्तेमाल हुई थी. इसी दौरान बीजिंग में वर्ल्ड रोबोट कॉन्फ्रेंस भी हुई, जहां कंपनियों ने करीब 3,000 रोबोटिक्स प्रोडक्ट्स दिखाए थे.
यह भी पढ़ें: iPhone की जिद और उजड़ गया पूरा परिवार, 5 सेकंड में गई 3 लोगों की जान, लोगों में क्यों है क्रेज?
क्या रोबोट्स सच में इंसानों से आगे निकल रहे हैं?
चीन फिलहाल ह्यूमनॉइड रोबोट की टेक्नोलॉजी में तेजी से आगे बढ़ रहा है. इन रोबोट्स को सिर्फ रिसर्च और डेमो तक सीमित रखने के बजाय अब इन्हें इंसानों की तरह चलने, दौड़ने और अलग-अलग काम करने के लिए तैयार किया जा रहा है.
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि रोबोट ने खेलों में इंसानों को पूरी तरह पीछे छोड़ दिया है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, ह्यूमनॉइड रोबोट अभी भी ज्यादातर डेमो, रिसर्च और खास टेस्टिंग के लिए इस्तेमाल हो रहे हैं. इन्हें बड़े स्तर पर आम जिंदगी में इस्तेमाल होने में अभी समय लग सकता है.
फिर भी 100 मीटर दौड़ और हाई जंप में इंसानों के रिकॉर्ड को पार करना दिखाता है कि रोबोटिक्स टेक्नोलॉजी कितनी तेजी से आगे बढ़ रही है. आने वाले समय में मशीनें और इंसानों के बीच मुकाबला और भी दिलचस्प हो सकता है.
आजतक टेक्नोलॉजी डेस्क