आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI आज तेजी से हमारी जिंदगी का हिस्सा बन रहा है. पढ़ाई से लेकर ऑफिस के काम और नई तकनीक बनाने तक, एआई कई काम आसान कर रहा है. लेकिन इसके बढ़ते इस्तेमाल के साथ इसके गलत इस्तेमाल का खतरा भी बढ़ रहा है. अब माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स ने AI को लेकर बड़ी बात कही है. उनका मानना है कि AI के लिए भी कार, हवाई जहाज और दवाओं की तरह सख्त नियम होने चाहिए.
AI कंपनियों पर क्यों जरूरी है लगाम?
बिल गेट्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि एआई की ताकत का सही इस्तेमाल करने और इसके खतरे कम करने के लिए सुरक्षा के नियम जरूरी हैं. जिस तरह कारों और हवाई जहाजों को सेफ्टी रखने के लिए नियम बनाए जाते हैं, उसी तरह एआई के लिए भी सुरक्षा के इंतजाम होने चाहिए.
गेट्स का कहना है कि नियम बनाने से AI के सभी खतरे खत्म नहीं होंगे, लेकिन इससे गलत इरादे रखने वाले लोगों को इस तकनीक का गलत इस्तेमाल करने से रोकने में मदद मिल सकती है. यानी एआई को पूरी तरह रोकना नहीं, बल्कि इसे सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करना जरूरी है.
यह भी पढ़ें: AI के बढ़ते खतरे से टेंशन में Microsoft CEO! अब मशीन को रोकने के लिए चाहिए इमरजेंसी ब्रेक
एआई का गलत इस्तेमाल बन सकता है बड़ा खतरा
AI की मदद से आज कई मुश्किल काम आसानी से किए जा सकते हैं. लेकिन यही तकनीक गलत हाथों में पहुंच जाए, तो इसका इस्तेमाल लोगों को नुकसान पहुंचाने, ऑनलाइन धोखाधड़ी करने और साइबर हमलों जैसे कामों में भी हो सकता है. ऐसे में सिर्फ एआई कंपनियों के भरोसे सुरक्षा छोड़ना काफी नहीं होगा.
गेट्स ने यह भी माना कि AI से इंसानों के पूरी तरह खत्म होने जैसी कुछ आशंकाओं को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा सकता है. इसका मतलब यह नहीं है कि एआई से कोई खतरा नहीं है. उनके मुताबिक, इस तकनीक को लेकर गंभीरता से काम करने और सुरक्षा के सही तरीके अपनाने की जरूरत है.
यह भी पढ़ें: Starlink भूल जाइए! Airtel-Jio की तरह टेलीकॉम कंपनी लाएंगे Elon Musk?
AI पर नियम बनाना क्यों जरूरी?
एआई के फ्यूचर को लेकर टेक कंपनियों और एक्सपर्ट्स के बीच लगातार चर्चा हो रही है. कुछ कंपनियां सख्त नियमों का समर्थन कर रही हैं, जबकि कुछ का मानना है कि ज्यादा नियम AI के विकास की रफ्तार धीमी कर सकते हैं.
बिल गेट्स के मुताबिक, जरूरत ऐसे रास्ते की है, जहां एआई के फायदे भी मिलें और इसके गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए जरूरी सुरक्षा भी मौजूद हो. अब सवाल यह है कि एआई की रफ्तार के साथ सुरक्षा के नियम कितनी तेजी से बनाए जाते हैं.
आजतक टेक्नोलॉजी डेस्क