Realme Narzo 10A को आज भारत में सेल में उपलब्ध कराया जा रहा है. ये बजट रियलमी स्मार्टफोन 10 हजार रुपये के अंदर की कीमत वाला है. इसमें 5,000mAh की बैटरी और ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है. Realme Narzo 10A की कीमत सिंगल 3GB रैम + 32GB स्टोरेज वेरिएंट के लिए 8,499 रुपये रखी गई है.
इस स्मार्टफोन को ग्राहक रियलमी इंडिया की वेबसाइट और फ्लिपकार्ट से खरीद पाएंगे. सेल की शुरुआत दोपहर 12 बजे से होगी. ग्राहकों के लिए ये स्मार्टफोन- सो ब्लू और सो वाइट वाले कलर ऑप्शन में उपलब्ध होगा. ऐसा लग रहा है कि फ्लिपकार्ट पर इसकी कीमत 500 रुपये तक बढ़ा दी गई है. क्योंकि यहां ये 8,999 रुपये में लिस्टेड है. ग्राहकों को फ्लिपकार्ट पर नो-कॉस्ट EMI समेत कुछ ऑफर्स भी मिलेंगे.
Realme Narzo 10A के स्पेसिफिकेशन्स
डुअल-सिम (नैनो) सपोर्ट वाला ये स्मार्टफोन एंड्रॉयड 10 बेस्ड रियलमी UI पर चलता है और इसमें कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 3 के साथ 6.5-इंच HD+ (720x1600 पिक्सल) डिस्प्ले दिया गया है. इस स्मार्टफोन में 3GB रैम और 64GB स्टोरेज के साथ ऑक्टा-कोर MediaTek Helio G70 प्रोसेसर मौजूद है. यहां फिंगरप्रिंट सेंसर रियर में दिया गया है.
फोटोग्राफी के सेक्शन की बात करें तो इसके रियर में ट्रिपल कैमरा सेटअप दिया गया है. इसका प्राइमरी कैमरा 12MP का है. इसके अलावा यहां 2MP पोर्ट्रेट कैमरा और 2MP मैक्रो कैमरा भी मौजूद है. यहां फ्रंट में सेल्फी के लिए 5MP का कैमरा दिया गया है. रियलमी ने इस स्मार्टफोन में 5,000mAh की बैटरी दी है और यहां 10W चार्जिंग का सपोर्ट दिया गया है.
aajtak.in