भारती एयरटेल ने सबसे तेज नेटवर्क संबंधी अपने विज्ञापन के बारे में रिलांयस जियो के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि Jio की शिकायत उसके ब्रांड को धूमिल और ग्राहकों को भ्रमित करने का प्रयास है.
इसके साथ ही मोबाइल इंटरनेट स्पीड टेस्टिंग फर्म ने अपने निष्कर्षों का बचाव किया है. फर्म के निष्कर्षों में भारती एयरटेल के ब्राडबैंड नेटवर्क को सबसे तेज बताया गया था. रिलायंस जियो ने इस दावे को चुनौती दी थी.
स्पीडटेस्ट Ookla के ऐप के सीओओ जेमी स्टीवन ने एक बयान में कहा, Ookla एयरटेल को भारत का सबसे तेज मोबाइल नेटवर्क बताने संबंधी अपने दावे का पूरी तरह समर्थन करता है.
Ookla ने के आंकड़ों के आधार पर एयरटेल को भारत में सबसे तेज मोबाइल नेटवर्क करार दिया. रिलायंस जियो ने इसे चुनौती दी. रिलायंस जियो ने भारतीय विज्ञापन मानक परिषद (ASCI) से शिकायत कर भारती एयरटेल को आधिकारिक तौर पर सबसे तेज नेटवर्क के दावे को गुमराह करने वाला बताया है.
जियो ने अपनी शिकायत में कहा है कि एयरटेल का खुद को सबसे तेज नेटवर्क बताने का दावा गलत और गुमराह करने वाला है. यह दावा गलत मंशा से Ookla, एलएलसी के साथ साठगांठ में किया गया है.
साकेत सिंह बघेल / BHASHA