एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान होंगी रानी रामपाल

भारतीय टीम एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर 2020 के टोक्यो ओलंपिक खेलों के लिए सीधा क्वालिफाई करना चाहेगी.

Advertisement
रानी रामपाल (बाएं) रानी रामपाल (बाएं)

विश्व मोहन मिश्र

  • नई दिल्ली,
  • 06 जुलाई 2018,
  • अपडेटेड 7:11 PM IST

फॉरवर्ड रानी रामपाल 18 अगस्त से दो सितंबर तक इंडोनेशिया में होने वाले एशियाई खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम का नेतृत्व करेंगी. अनुभवी गोलकीपर सविता को टीम का उपकप्तान बनाया गया है.

गोलकीपर रजनी इतिमर्पू को प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए रिजर्व गोलकीपर के तौर पर रखा गया है. भारतीय टीम एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर 2020 के टोक्यो ओलंपिक खेलों के लिए सीधा क्वालिफाई करना चाहेगी.

Advertisement

मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने कहा, ‘टीम में अनुभवी एवं युवा खिलाड़ियों का सही मिश्रण है. मुझे यह बताने में खुशी हो रही है कि सबके पास बड़े मैचों में खेलने का अनुभव है.’

उन्होंने साथ ही कहा कि 21 जुलाई से लंदन में शुरू हो रहे विश्व कप में टीम के प्रदर्शन का 18वें एशियाई खेलों पर असर पड़ेगा. कोच ने कहा, ‘लंदन में खेलना एशियाई खेलों से पहले टीम के आत्मविश्वास के लिए अच्छा होगा. मैं कह सकता हूं कि खिलाड़ी अच्छे हैं और वे किसी भी टीम के खिलाफ जीतने में सक्षम हैं, लेकिन जब आप खुद इसका अनुभव करते हैं तो आत्मविश्वास का स्तर बढ़ाना अच्छा होता है.’

भारत ने एशिया कप (विजेता 2017) और एशियन चैंपियंस ट्रॉफी (विजेता 2016, उपविजेता 2018) में दमदार प्रदर्शन कर एशियाई स्तर पर खुद को एक मजबूत टीम के रूप में पेश किया है. चीन और दक्षिण कोरिया एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक की राह में अहम चुनौती होंगे.

Advertisement

यह पूछे जाने पर कि चीन और दक्षिण कोरिया के खिलाफ जीत के लिए क्या टीम खास क्षेत्रों में काम कर रही है, मारिन ने कहा, ‘टीम का ध्यान इस समय लंदन में होने वाले महिला विश्व कप पर है. वहां अच्छे प्रदर्शन से हमें निश्चित रूप से 18वें एशियाई खेलों के लिए सही गति मिलेगी.’

टीम इस प्रकार है-

गोलकीपर: सविता (उपकप्तान), रजनी इतिमर्पू

डिफेंडर: सुनीता लाकरा, दीप ग्रेस इक्का, दीपिका, गुरजीत कौर, रीना खोखर

मिडफील्डर: नमिता टोप्पो, लिलिमा मिंज, मोनिका, उदिता, नेहा गोयल, निक्की प्रधान

फॉरवर्ड: रानी रामपाल (कप्तान), वंदना कटारिया, नवनीत कौर, लालरेमसियामी, नवजोत कौर.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »