एंडी मरे, रोजर फेडरर ऑस्ट्रेलियन ओपन के प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

दुनिया के नंबर-1 टेनिस प्लेयर एंडी मरे और पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 रोजर फेडरर के बीच ऑस्ट्रेलियाई ओपन में मुकाबले की संभावना बढ़ गई है. दोनों अपने अपने मैच जीत कर चौथे दौर में पहुंच गए हैं.

Advertisement
एंडी मरे और रोजर फेडरर एंडी मरे और रोजर फेडरर

अभिजीत श्रीवास्तव

  • नई दिल्ली,
  • 21 जनवरी 2017,
  • अपडेटेड 12:51 PM IST

दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी एंडी मरे ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलियाई ओपन के पुरुष वर्ग में सैम क्वीरे को आसानी से शिकस्त दी जबकि रोजर फेडरर को भी अंतिम 16 में जगह बनाने के लिए अधिक पसीना नहीं बहाना पड़ा. दूसरे वरीय और छह बार के चैम्पियन नोवाक जोकोविच के उलटफेर का शिकार होने के बाद अब मरे अपना पहला ऑस्ट्रेलियाई ओपन खिताब जीतने की कोशिश में होंगे जबकि फेडरर भी अपने ग्रैंडस्लैम खिताबों की संख्या में इजाफा करना चाहेंगे.

Advertisement


मरे ने तीसरे दौर के मुकाबले में क्वीरे को दो घंटे के अंदर 6-4, 6-2, 6-4 से शिकस्त दी जबकि फेडरर ने सिर्फ 90 मिनट में टामस बर्डीच को 6-2, 6-4, 6-4 से हराकर मेलबर्न पार्क में अपने इस प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ सभी मैच जीतने का रिकॉर्ड बरकरार रखा. दूसरी तरफ मरे ने इस मुकाबले के दौरान अपनी सर्विस पर 77 फीसीद अंक जीते और केवल तीन ब्रेक प्वाइंट का सामना किया.


जापान के पांचवें वरीय केई निशिकोरी भी स्लोवाकिया के क्वालीफायर लुकास लेको को 6-4, 6-4, 6-4 से हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंचे जहां उनका सामना फेडरर से होगा.


इससे पहले स्कॉटलैंड के मरे ने टखने में असहजता के कोई संकेत नहीं दिए, वह दूसरे दौर में एंड्रे रूबलेव पर जीत के दौरान पैर मुड़ा बैठे थे. उन्होंने मैच के बाद कहा, ‘जैसे जैसे मैच आगे बढ़ता गया, मैं मूवमेंट में बेहतर से बेहतर होता गया. टखने में थोड़ी सूजन थी.’ अब मरे अगले दौर में मिश्चा ज्वेरेव से भिड़ेंगे जिन्होंने ट्यूनिशिया के मालेक जाजिरी को चार सेट में पराजित किया.

Advertisement


साल 2014 के चैम्पियन स्टेन वावरिंका विक्टर ट्रोइकी के खिलाफ चार सेट तक चले मैच में 3-6, 6-2, 6-2, 7-6 से जीत दर्ज करने में सफल रहे, अब उनका सामना इटली के आंद्रियास सेप्पी से होगा जिन्होंने बेल्जियम के स्टीव डार्सिस को शिकस्त दी. जो विल्फ्रेड सोंगा ने भी चार सेट के मुकाबले में अमेरिका के जैस सोक को मात दी और अब वह ब्रिटेन के डैन इवांस से भिड़ेंगे जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के बर्नार्ड टॉमिच को 7-5, 7-6, 7-6 से हराया.


महिला एकल में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी एंजेलिक कर्बर भी क्रिस्टीना प्लिसकोवा के खिलाफ सिर्फ चार गेम गंवाने के बाद अगले दौर में पहुंची. कर्बर ने चेक गणराज्य की पांचवी वरीय कैरोलिना की जुड़वां बहन क्रिस्टिना प्लिसकोवा को 6-0, 6-4 से आसानी से शिकस्त दी. कर्बर ने महज 55 मिनट में प्लिसकोवा पर जीत दर्ज की और अब अंतिम 16 में उनकी भिड़ंत अमेरिका की कोको वंदेवेघे से होगी जिन्होंने कनाडा की यूज्नी बुकार्ड को हराया.


रूस की श्वेतलाना कुज्नेत्सोवा ने साथी अनुभवी येलेना यांकोविच पर 6-4, 5-7, 9-7 से जीत दर्ज की और अब उनका सामना हमतवन अनास्तासिया पावलयुचेंकोवा से होगा. वीनस विलियम्स ने चीन की दुआन यिंगयिंग को 6-1, 6-0 से आराम से हरा दिया और अब वह जर्मनी की क्वालीफायर मोना बाथ्रेल से भिड़ेंगी जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया की एशले बार्टी को तीन सेट में शिकस्त दी.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement