अटलांटा में गुरुवार को खेले गए फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच मुकाबला रोमांचक रहा, वहीं मैदान पर लियोनेल मेसी और जूड बेलिंघम के बीच हुई तीखी बहस भी चर्चा में रही.
मैच के दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि मुकाबले का अंत अर्जेंटीना की शानदार वापसी और इंग्लैंड की निराशाजनक हार के साथ हुआ.
मैच के दौरान वायरल हुए वीडियो में जूड बेलिंघम, लियोनेल मेसी से बहस करते दिखाई दिए. बातचीत खत्म होने के बाद बेलिंघम हल्की मुस्कान के साथ वहां से आगे बढ़ गए. वहीं मेसी बेहद शांत नजर आए, उन्होंने सिर्फ सिर हिलाकर जवाब दिया.
इसके बाद मैदान पर अर्जेंटीना ने शानदार खेल दिखाया और मेसी ने दोनों गोल में अहम भूमिका निभाते हुए अपनी टीम को फाइनल का टिकट दिला दिया.
अर्जेंटीना की जीत के बाद सोशल मीडिया पर भी इस घटना की खूब चर्चा हुई. कई फैन्स ने बेलिंघम को निशाने पर लेते हुए लिखा कि मेसी को उकसाना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होता. वायरल वीडियो पर कई कमेंट्स देखने को मिले.
हार के बाद फिर विवाद में आए बेलिंघम
सेमीफाइनल खत्म होने के बाद भी बेलिंघम सुर्खियों में रहे. अंतिम सीटी बजते ही उनकी अर्जेंटीना के खिलाड़ी वैलेंटिन बार्को और कुछ अन्य खिलाड़ियों से भी तीखी बहस हो गई. मैदान पर कुछ देर तक दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच तनावपूर्ण माहौल बना रहा.
मेसी से क्या बात हुई? खुद बेलिंघम ने बताया
मैच के बाद जूड बेलिंघम ने पूरे घटनाक्रम पर अपनी चुप्पी तोड़ी. उन्होंने बताया कि मेसी से उनकी बातचीत सिर्फ एक फाउल को लेकर हुई थी और उसमें किसी तरह की निजी नाराजगी नहीं थी.
यह भी पढ़ें: FIFA World Cup: इंग्लैंड की हार के बाद बवाल, जूड बेलिंघम ने अर्जेंटीना के खिलाड़ी को जड़ा थप्पड़
बेलिंघम ने कहा कि दोनों पहले हुई एक फाउल की घटना पर चर्चा कर रहे थे. उनके मुताबिक उन्होंने मेसी से कहा कि वह इतने मजबूत खिलाड़ी हैं कि ऐसे टैकल को झेल सकते हैं. वहीं मेसी ने उनसे पहले अपने ऊपर हुए फाउल का जिक्र किया था. बेलिंघम ने साफ किया कि इस बातचीत को बेवजह बड़ा बनाया जा रहा है, जबकि मैदान पर ऐसा कुछ गंभीर नहीं हुआ था.
मेसी को लेकर बेलिंघम ने क्या कहा ?
इंग्लैंड की हार से निराश बेलिंघम ने मेसी की जमकर तारीफ भी की. उन्होंने कहा कि लियोनेल मेसी जैसे महान खिलाड़ी के खिलाफ खेलना उनके लिए सम्मान की बात है. उन्होंने दोहराया कि उनके मन में मेसी के प्रति कोई गलत भावना नहीं है. हार का दुख जरूर है, लेकिन दुनिया के महानतम खिलाड़ियों में शामिल मेसी के खिलाफ खेलना हमेशा खास रहेगा.
अब अर्जेंटीना की टीम फाइनल में स्पेन से भिड़ेगी, जबकि इंग्लैंड तीसरे स्थान के मुकाबले में 18 जुलाई को फ्रांस का सामना करेगा.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क