1 गोल, 2 महारिकॉर्ड... 41 की उम्र में भी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने रचा इतिहास, ल‍ियोनेल मेसी भी प‍िछड़े

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने क्रोएशिया के खिलाफ फीफा वर्ल्ड कप 2026 के नॉकआउट मुकाबले में गोल कर दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए. वह नॉकआउट मैच खेलने और उसमें गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए. 41 साल की उम्र में उन्होंने लियोनेल मेसी का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया और अपने करियर का पहला वर्ल्ड कप नॉकआउट गोल दागा.

Advertisement
उम्र सिर्फ नंबर है! 41 के रोनाल्डो ने वर्ल्ड कप में रच दिया नया इतिहास (Photo: ITG) उम्र सिर्फ नंबर है! 41 के रोनाल्डो ने वर्ल्ड कप में रच दिया नया इतिहास (Photo: ITG)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • टोरंटो ,
  • 03 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:54 AM IST

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उम्र उनके लिए सिर्फ एक आंकड़ा है. पुर्तगाल के स्टार कप्तान ने क्रोएशिया के खिलाफ फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में गोल करने के साथ दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए. 41 साल की उम्र में रोनाल्डो पुरुष फीफा वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबले में खेलने वाले सबसे उम्रदराज आउटफील्ड खिलाड़ी भी बने और गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी.

Advertisement

गुरुवार (3 जुलाई) को टोरंटो में खेले गए मुकाबले में रोनाल्डो ने दूसरे हाफ में पेनल्टी पर गोल कर पुर्तगाल को बराबरी दिलाई. इस गोल के साथ वह 41 साल 147 दिन की उम्र में फीफा वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबले में गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए.

उन्होंने इस मामले में लियोनेल मेसी का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया. खास बात यह रही कि छह वर्ल्ड कप खेलने के बावजूद यह रोनाल्डो के करियर का पहला नॉकआउट गोल था.

हालांकि, अगर पूरे वर्ल्ड कप इतिहास की बात करें तो उनसे ज्यादा उम्र में गोल करने का रिकॉर्ड अब भी कैमरून के महान खिलाड़ी रोजर मिला के नाम है. मिला ने 1994 वर्ल्ड कप में 42 साल 39 दिन की उम्र में रूस के खिलाफ गोल किया था.

मैच शुरू होने से पहले ही बना दिया था रिकॉर्ड
क्रोएशिया के खिलाफ मैदान पर उतरते ही रोनाल्डो ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. वह पुरुष फीफा वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबले में खेलने वाले सबसे उम्रदराज आउटफील्ड खिलाड़ी बन गए.

Advertisement

इस मुकाबले में क्रोएशिया के अनुभवी कप्तान लुका मोड्रिक भी खेल रहे थे. वर्ल्ड कप इतिहास में यह पहली बार हुआ जब किसी मैच में दोनों टीमों की ओर से 40 वर्ष से अधिक उम्र के आउटफील्ड खिलाड़ी मैदान पर उतरे.

मथाउस के करीब, मेसी अब भी नंबर-1
क्रोएशिया के खिलाफ यह रोनाल्डो के करियर का 26वां फीफा वर्ल्ड कप मैच था. अब वह जर्मनी के महान खिलाड़ी लोथार मथाउस के 27 मैचों के रिकॉर्ड से सिर्फ एक मुकाबला पीछे हैं.

इस सूची में फिलहाल टॉप पर लियोनेल मेसी हैं, जिन्होंने सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप मैच खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम कर रखा है.

क्रोएशिया पर 2-1 की जीत के साथ पुर्तगाल ने प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है, जहां उसका सामना स्पेन से होगा. अब सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि क्या रोनाल्डो अपनी रिकॉर्डतोड़ फॉर्म को अगले मुकाबले में भी जारी रख पाते हैं.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »