मध्य प्रदेश के खरगोन शहर से एक बेहद चौंकाने वाला और हाई-प्रोफाइल मामला सामने आया है. यहां के पॉश इलाके टैगोर पार्क में रहने वाले एक बेहद संपन्न और प्रतिष्ठित सराफा व्यापारी की बहू के अचानक गायब होने से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है. परिवार की ओर से अपहरण की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है और तफ्तीश के तार इंदौर से होते हुए राजस्थान के जयपुर तक जा पहुंचे हैं.
दरसअल, संपन्न परिवार की महिला के अचानक घर से गायब होने पर परिजनों ने पहले अपने स्तर पर मायके पक्ष, रिश्तेदारों और सहेलियों से पूछताछ की. जब महिला का कोई सुराग नहीं लगा, तो परिवार के लोग सीधे कोतवाली थाना पहुंचे.
मामला अत्यधिक हाई-प्रोफाइल और रसूखदार परिवार से जुड़ा होने के कारण पुलिस महकमे में तुरंत हड़कंप मच गया. पुलिस ने शहर और आसपास के तमाम रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए, जिससे अहम सुराग हाथ लगे.
नरेंद्र सराफ पर अपहरण का शक, जयपुर तक पहुंची पुलिस
खरगोन कोतवाली के थाना इंचार्ज बीएल मंडलोई ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि टैगोर पार्क इलाके से एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में कहीं गई है. पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो सामने आया कि महिला शहर के ही सराफा व्यवसायी नरेंद्र सराफ के साथ जाती हुई दिखाई दी है.
महिला के पति की शिकायत पर कोतवाली थाने में अपहरण का औपचारिक मामला दर्ज कर लिया गया है. पति और परिजनों ने अंदेशा जताया है कि नरेंद्र सराफ ही महिला का अपहरण कर ले गया है.
लाखों के गहने और नकदी ले जाने की चर्चा
चर्चा यह भी है कि गायब हुई महिला अपने साथ भारी मात्रा में नकदी और कीमती सोने-चांदी के जेवरात भी ले गई है. हालांकि, इस पर थाना इंचार्ज ने स्पष्ट किया कि प्रथम दृष्टया जेवर और नकदी ले जाने की कोई आधिकारिक शिकायत अभी लिखित रूप से प्राप्त नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि बयानों और जांच के बाद ही इस बात की पुष्टि हो सकेगी.
विभिन्न ठिकानों पर दबिश दे रही है पुलिस टीमें
मामले की गंभीरता को देखते हुए खरगोन पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. टीआई बीएल मंडलोई ने बताया कि शुरुआती सुराग मिलने के बाद पुलिस टीम राजस्थान के जयपुर और इंदौर तक छानबीन कर चुकी है. इसके अलावा, अन्य संभावित ठिकानों पर भी पुलिस दलों को रवाना कर दिया गया है ताकि जल्द से जल्द महिला को बरामद कर मामले का खुलासा किया जा सके.