चहल बोले- मेरी और कुलदीप की अश्विन-जडेजा से तुलना ठीक नहीं

चहल ने कहा, ‘अश्विन और जडेजा ने पिछले पांच-छह साल में काफी कुछ किया है. हमने केवल चार-पांच सीरीज खेली हैं.

Advertisement
चहल और कुलदीप चहल और कुलदीप

विश्व मोहन मिश्र

  • विशाखापत्तनम,
  • 18 दिसंबर 2017,
  • अपडेटेड 12:44 PM IST

भारतीय लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल का मानना है कि उनकी और कुलदीप यादव की रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा से तुलना करना अच्छा नहीं होगा क्योंकि इस जोड़ी ने पिछले कुछ साल में खुद को साबित किया है.

भारत की श्रीलंका के खिलाफ तीसरे वनडे में आठ विकेट से जीत के बाद चहल ने कहा, ‘अश्विन और जडेजा ने पिछले पांच-छह साल में काफी कुछ किया है. हमने केवल चार-पांच सीरीज खेली हैं. मेरी और कुलदीप की तुलना उनसे करना सही नहीं होगा.’

Advertisement

उन्होंने कहा, ‘जब हम मैदान पर उतरते हैं, तो हमारा लक्ष्य अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होता है. अगर आप अभी से उनसे तुलना करना शुरू कर देंगे तो यह अच्छा नहीं होगा.'

चहल ने कहा, 'हमने अपने अधिकतर मैच भारत में खेले हैं. एक सीरीज श्रीलंका में खेली है, लेकिन वहां भी परिस्थितियां भारत जैसी ही हैं. हम विदेशों में नहीं खेले हैं.’

अश्विन और जडेजा टेस्ट मैचों के नियमित गेंदबाज हैं, लेकिन चहल और कुलदीप के कारण वनडे में उनको जगह नहीं मिल रही है. अब तक 17 वनडे और 12 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले चहल ने कहा कि टेस्ट मैच खेलना उनका सपना है, लेकिन अभी वह इस बारे में बहुत अधिक नहीं सोच रहे हैं.

उन्होंने कहा, ‘टेस्ट क्रिकेट में खेलना हर किसी का सपना होता है. पिछले साल मैं रणजी ट्राफी के सात मैचों में खेला था. इससे पहले मैंने केवल एक या दो मैच खेले थे. जब मैं पिछले साल खेला था, तो मैंने अच्छा प्रदर्शन किया था. इससे मेरा विश्वास बढ़ा कि मैं उच्च स्तर पर खेल सकता हूं.’

Advertisement

चहल ने कहा, ‘मेरी आदत एक समय में एक सीरीज पर ध्यान देने की है. मैं दक्षिण अफ्रीकी सीरीज के बारे में नहीं सोच रहा हूं. मेरा अगला लक्ष्य टी-20 सीरीज होगा.’ आईपीएल में रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु की तरफ से खेलने वाले चहल ने कहा कि टी-20 लीग का अनुभव उनके काफी काम आ रहा है.

उन्होंने कहा, ‘आईपीएल अनुभव के कारण मैं डेथ ओवरों में अच्छी गेंदबाजी कर रहा हूं. मैंने डेथ ओवरों के लिए काफी अभ्यास किया और तैयारी की जिसका असर मैदान पर दिख रहा है.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »