टीम इंडिया के लिए इंग्लैंड दौरे की शुरुआत सिर्फ एक नई टी20 सीरीज नहीं, बल्कि खुद को साबित करने का बड़ा मौका भी है. आयरलैंड के खिलाफ 2-0 की सीरीज हार ने कप्तान श्रेयस अय्यर और टीम मैनेजमेंट की रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
अब पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला आज (1 जुलाई) चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड में खेला जाएगा, जहां सबकी नजर सिर्फ एक सवाल पर टिकी है, क्या 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को आखिरकार इंटरनेशनल डेब्यू का मौका मिलेगा?
टीम इंडिया पहले ही संकेत दे चुकी है कि वह वैभव को जल्दबाजी में नहीं उतारना चाहती. हालांकि आयरलैंड में टॉप ऑकी लगातार नाकामी के बाद यह फैसला अब पहले जितना आसान नहीं रह गया है. मैच भारतीय समयानुसार रात 10 बजे शुरू होगा.
आयरलैंड में फ्लॉप रही बल्लेबाजी, अब सुधार की चुनौती
श्रेयस अय्यर की टी20 कप्तानी की शुरुआत बेहद फ्लॉप रही. टीम इंडिया दोनों मुकाबले आयरलैंड से हार गई. दूसरे टी20 में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए, जबकि ईशान किशन और खुद कप्तान श्रेयस अय्यर भी बड़ी पारी नहीं खेल सके.
बार-बार शुरुआती विकेट गिरने से मिडिल ऑर्डर पर एक्स्ट्रा प्रेशर आया और टीम कभी मैच में वापसी नहीं कर सकी. हालांकि गेंदबाजी ने दूसरे मुकाबले में उम्मीद जरूर जगाई. डेब्यू करने वाले प्रिंस यादव ने प्रभावित किया, लंबे समय बाद लौटे हर्षित राणा लय में दिखे और अर्शदीप सिंह ने भी अच्छी गेंदबाजी की.
सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने सीरीज हार के बाद स्वीकार किया कि टीम बेलफास्ट की परिस्थितियों के मुताबिक खुद को ढालने में नाकाम रही. उनका मानना था कि भारत बड़े शॉट और तेज रन बनाने की आदत में इतना रम गया कि हालात बदलने पर रणनीति भी नहीं बदल सका.
सबसे बड़ा सवाल- वैभव खेलेंगे या नहीं?
इंग्लैंड दौरे से पहले सबसे ज्यादा चर्चा वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू की है. 15 वर्षीय बल्लेबाज को लेकर क्रिकेट फैन्स में जबरदस्त उत्साह है. लेकिन टीम मैनेजमेंट अब तक उन्हें मौका देने के पक्ष में नहीं दिखा है. वैभव सूर्यवंशी के खेलने पर कप्तान श्रेयस अय्यर ने सस्पेंस बरकरार रखा. उन्होंने कहा- अभी कुछ भी कहना मुश्किल है. हम किस प्लेइंग इलेवन और किस कॉम्बिनेशन के साथ उतरेंगे, यह पूरी तरह टीम के अंदर की बात है. हम अपनी रणनीति पहले से सार्वजनिक नहीं कर सकते, क्योंकि इससे विरोधी टीम को हमारी योजना का पता चल जाएगा. जहां तक वैभव की बात है, वह बेहद शानदार प्रतिभा हैं. जब भी उन्हें मौका मिलेगा, मुझे पूरा भरोसा है कि वह बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे.
संभावित प्लेइंग इलेवन में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और वरुण चक्रवर्ती को जगह मिलने की संभावना है. अगर वरुण पूरी तरह फिट रहे तो वे आयरलैंड में डेब्यू करने वाले सूर्यांश शेडगे की जगह ले सकते हैं. यानी वैभव को फिर इंतजार करना पड़ सकता है. हालांकि लगातार दो हार के बाद टीम मैनेजमेंट पर बदलाव का दबाव भी कम नहीं है. वहीं आकाश चोपड़ा ने अपनी प्लेइंग 11 में संजू की जगह वैभव सूर्यवंशी को जगह दी है.
इंग्लैंड पूरी तैयारी के साथ मैदान में
इंग्लैंड की टीम लंबे अंतराल के बाद टी20 क्रिकेट में वापसी कर रही है. पिछले टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत से हारने के बाद यह उसकी पहली टी20 सीरीज है. इस साल इंग्लैंड ने 11 में से 9 टी20 मुकाबले जीते हैं और टीम का संतुलन काफी मजबूत नजर आता है.
आईपीएल में जोस बटलर शानदार फॉर्म में रहे, जबकि विल जैक्स ने टी20 ब्लास्ट में लय हासिल की. कप्तान हैरी ब्रूक, फिल सॉल्ट, सैम करन, आदिल राशिद और ल्यूक वुड जैसे खिलाड़ी टीम की ताकत बढ़ाते हैं.
इंग्लैंड ने पहले ही अपनी प्लेइंग इलेवन घोषित कर दी है. जोफ्रा आर्चर और जोश टंग को आराम दिया गया है, जबकि साकिब महमूद अंतिम एकादश में लौटे हैं.
पिच और मौसम कैसी भूमिका निभाएंगे?
रिवरसाइड ग्राउंड पर पिछला पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला जून 2025 में खेला गया था, जिसमें इंग्लैंड ने 188 रन का सफल बचाव किया था. हालांकि इस सीजन टी20 ब्लास्ट में यहां बल्लेबाजी आसान नहीं रही. सबसे बड़ा स्कोर 151 रन रहा, जबकि एक टीम सिर्फ 93 रन पर सिमट गई थी.
पहले बल्लेबाजी और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने यहां दो-दो मुकाबले जीते हैं. मौसम विभाग ने शाम के दौरान बारिश की संभावना जताई है, जिससे मैच प्रभावित हो सकता है.
इंग्लैंड की प्लेइंग XI: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, आदिल राशिद, ल्यूक वुड, साकिब महमूद.
भारत की संभावित प्लेइंग XI: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन/वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वरुण चक्रवर्ती.
इंग्लैंड की टीम: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेट कीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, साकिब महमूद, आदिल राशिद, ल्यूक वुड, जॉर्डन कॉक्स, जेम्स कोल्स, रेहान अहमद, सोनी बेकर
भारत की टीम: संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेट कीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वॉशिंगटन सुंदर, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क