NZ-A vs IND-A: कौन हैं न्यूजीलैंड के साइमन कीन? जिनके 'पंजे' में फंसी टीम इंडिया, जैक गिब्सन ने भी किया बुरा हाल

इंड‍िया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच पहला अनऑफ‍िश‍ियल टेस्ट 24 अक्टूबर से शुरू हुआ, जहां भारतीय टीम महज 113 रनों पर ढेर हो गई. साइमन कीन और जैक ग‍िब्सन ये दो गेंदबाज रहे, ज‍िनके सामने इंड‍िया ए में शाम‍िल भारतीय टेस्ट ख‍िलाड़ी ढेर हो गए.

Advertisement
साइमन कीन के 5 विकेट, इंडिया-A सिर्फ 113 पर ढेर (Photo: Screengrab/SonyLIV) साइमन कीन के 5 विकेट, इंडिया-A सिर्फ 113 पर ढेर (Photo: Screengrab/SonyLIV)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • लिंकन (न्यूजीलैंड),
  • 24 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 11:54 AM IST


इंड‍िया A की टीम न्यूजीलैंड A के खिलाफ पहले अनऑफिशियल टेस्ट में पहली पारी में सिर्फ 113 रन पर सिमट गई. केएल राहुल, साई सुदर्शन और वॉशिंगटन सुंदर जैसे बल्लेबाज खाता नहीं खोल सके. पांच बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए. यश राठौड़ ने नाबाद 44 रन बनाए, जबकि साइमन कीन ने पांच विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी को झकझोर दिया. वहीं जैक ग‍िब्सन ने भी 3 व‍िकेट लेकर टीम इंड‍िया की कमर तोड़ दी. 

Advertisement

इंडिया-ए और न्यूजीलैंड-ए के बीच तीन मैचों की अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 24 अक्टूबर (शनिवार) से लिंकन के बर्ट सटक्लिफ ओवल में शुरू हुआ. मैच में पहले दिन इंडिया-ए की बल्लेबाजी ढेर हो गई.

साइमन कीन ने पांच विकेट लेकर इंडिया-ए को बैकफुट पर ढकेला. जैक गिब्सन ने भी तीन सफलताएं हासिल कीं. वहीं क्रिस्टियन क्लार्क और फ्रेजर शीट को एक-एक विकेट मिला. देखा जाए तो इंडिया-ए के सभी 10 विकेट तेज गेंदबाजों ने चटकाए. वहीं 113 रनों के जवाब में न्यूजीलैंड-ए पहले दिन स्टम्प तक तीन विकेट पर 135 रन बना लिए.

कौन है साइमन कीन और जैक ग‍िब्सन? 

11.3 ओवर्स में  4 मेडन के साथ 24 रन देकर 5 विकेट लेने वाले साइमन कीन अब तक न्यूजीलैंड के लिए कोई भी इंटरनेशनल मैच नहीं खेले हैं. 29 साल के ऑलराउंडर कीन के इस मुकाबले से पहले के आंकड़ो की बात करें तो उन्होंने 31 फर्स्ट क्लास मैचों में 1487 रन बनाए हैं और 70 विकेट लिए हैं. वहीं 25 ल‍िस्ट ए मैचों में उनके नाम 361 रन और 32 व‍िकेट हैं. 10 टी20 मैचों में वो 214 रन बना चुके हैं ओर 5 व‍िकेट ले चुके हैं. कीन ऑकलैंड, न्यूजीलैंड ए और न्यूजीलैंड अंडर 19 टीम के ल‍िए खेल चुके हैं. 

Advertisement

अब बात कर लेते हैं जैक ग‍िब्सन की, जैक ग‍िब्सन ने 10 ओवर्स में 29 रन देकर 3 विकेट लिए. 29 साल के ग‍िब्सन भी कीन की तरह न्यूजीलैंड की नेशनल टीम के लिए कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेले हैं. वह ऑलराउंडर है. 

इस मैच से पहले तक उन्होंने 25 फर्स्ट क्लास मैचों में 299 रन  और 58 व‍िकेट लिए हैं. वहीं 38 ल‍िस्ट ए मैचों में 40 व‍िकेट ले चुके हैं और 60 रन बना चुके हैं. 23 टी20 में उनके नाम 18 व‍िकेट और 18 रन हैं. यानी साफ है कि भारत ए में शाम‍िल कई अनुभवी ख‍िलाड़ी इनके सामने सरेंडर हो गए 

ऐसी रही इंड‍िया ए की बल्लेबाजी
इस मैच में टॉस जीतकर न्यूजीलैंड-ए ने पहले गेंदबाजी चुनी. फ्रेजर शीट ने केएल राहुल (0 रन) को आउट कर टीम को शुरुआती सफलता दिलाई. यशस्वी जायसवाल (17 रन) और देवदत्त पडिक्कल (32 रन) ने कुछ देर तक पारी संभाली, लेकिन जैक गिब्सन ने यशस्वी को आउट कर इस पार्टनरश‍िप को खत्म किया. 
इसके बाद साइमन कीन ने इंड‍िया ए को ध्वस्त कर दिया. लगातार गिरते विकेटों के बीच यश राठौड़ संभलकर खेले. उन्होंने टीम को 100 के पार पहुंचाया. राठौड़ ने 49 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाए, जिसमें तीन छक्के और तीन चौके शामिल रहे.

Advertisement

पांच बल्लेबाजों का नहीं खुला खाता
यश राठौड़ की ये कोशिश इंडिया-ए को सम्मानजनक स्कोर तक ले जाने के लिए काफी नहीं रही. भारतीय टीम की पहली पारी दो सेशनल पूरे होने से पहले ही खत्म हो गई. इंडिया-ए की ओर से पहली पारी में केएल राहुल, साई सुदर्शन, वॉशिंगटन सुंदर, मुकेश चौधरी और आकाश दीप अपना खाता नहीं खोल पाए. कप्तान ध्रुव जुरेल भी सिर्फ 1 रन बना सके.

इंडिया-ए की प्लेइंग इलेवन: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (कप्तान/विकेटकीपर), यश राठौड़, वॉशिंगटन सुंदर, अंशुल कम्बोज, आकिब नबी, आकाश दीप, मुकेश चौधरी.

न्यूजीलैंड-ए की प्लेइंग इलेवन: रीस मारिउ (कप्तान), कर्टिस हीफी, टिम रॉबिन्सन, मैथ्यू बॉयल, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिचेल हे (विकेटकीपर), साइमन कीन, क्रिस्टियन क्लार्क, फ्रेजर शीट, जेडन लेनोक्स, जैक गिब्सन.


 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »