ऑकलैंड के ईडन पार्क में विराट कोहली का बल्ला बुधवार (4 नवंबर) जमकर बोला. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में उन्होंने 74 रनों की शानदार पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
कोहली की इस पारी के साथ ही रिकॉर्डबुक में तीन बड़े कीर्तिमान दर्ज हो गए. उन्होंने वनडे में अपना 80वां अर्धशतक पूरा किया, नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 13 हजार रन बनाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने और रनचेज में सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ दिया. वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ रन बनाने के मामले में उन्होंने रिकी पोंटिंग की बराबरी की.
भारत ने पांच मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हराया. बारिश से प्रभावित इस मैच में भारतीय टीम को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न नियम (DLS) के तहत 32 ओवर में 143 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला था.
भारत ने इसे 22.4 ओवर में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया. कोहली और शुभमन गिल (37) ने दूसरे विकेट के लिए 113 रनों की साझेदारी की. हालांकि, लक्ष्य के करीब पहुंचने के दौरान भारतीय पारी में कुछ विकेट जल्दी गिरे और टीम को हल्की लड़खड़ाहट का सामना करना पड़ा.
यह मुकाबला कोहली के 38वें जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले खेला गया. उनका जन्मदिन 5 नवंबर को है और इस पारी के साथ उन्होंने अपने प्रशंसकों को पहले ही जश्न मनाने का मौका दे दिया.
कोहली के नाम दर्ज हुए ये 3 बड़े रिकॉर्ड
1. नंबर-3 पर 13 हजार रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज
विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 13 हजार रन पूरे कर लिए हैं. वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले दुनिया के पहले और इकलौते बल्लेबाज हैं. इस मैच से पहले उन्हें इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए 12 रनों की जरूरत थी. जैसे ही उन्होंने अपनी पारी में 12वां रन पूरा किया, उन्होंने इतिहास रच दिया.
यह भी पढ़ें: IND vs NZ : वाह विराट कोहली! जमीन से उठा लिया नामुमकिन कैच, फिर मैदान में छोड़ा 'धनुष से तीर'
कोहली ने अब तक 251 वनडे मैचों की 251 पारियों में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 13,062 रन बनाए हैं. वहीं, उनके ओवरऑल वनडे आंकड़े की बात करें तो 318 मैचों की 306 पारियों में उनके नाम 15,183 रन हो चुके हैं.
2. रनचेज में सचिन तेंदुलकर को पछाड़ा
)वनडे में टारगेट का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में भी कोहली ने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया. न्यूजीलैंड के खिलाफ 74 रनों की पारी के बाद कोहली के नाम वनडे रनचेज में 8,741 रन हो गए हैं. सचिन तेंदुलकर ने इस दौरान 8,720 रन बनाए थे.
इस सूची में कोहली का एवरेज 66.21 और स्ट्राइक रेट 95.03 है, जबकि सचिन का औसत 42.33 और स्ट्राइक रेट 88.44 रहा था.
3. न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज
विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग की बराबरी कर ली है. ऑकलैंड वनडे में 74 रनों की पारी के बाद दोनों बल्लेबाजों के नाम 1,971-1,971 रन हो गए हैं. इस सूची में सचिन तेंदुलकर 1,750 रनों के साथ तीसरे नंबर पर हैं.
गेंदबाजों ने भी बरपाया कहर, 185 पर सिमटी न्यूजीलैंड टीम
इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने अनुकूल परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाया. अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार और अंशुल कंबोज की तेज गेंदबाजी के सामने न्यूजीलैंड की टीम 40.2 ओवर में 185 रनों पर सिमट गई. अर्शदीप ने 70 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि गुरनूर बरार ने 44 रन देकर तीन विकेट चटकाए. अंशुल कंबोज ने 22 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए.
यह भी पढ़ें: IND vs NZ 1st ODI: विराट कोहली का बर्थडे से पहले 'एडवांस धमाका', ऑकलैंड वनडे में भारत की एकतरफा जीत, गेंदबाजों का भी मारक आगाज
न्यूजीलैंड की ओर से टिम सीफर्ट ने 38 और ग्लेन फिलिप्स ने 30 रन बनाए. ब्लेयर टिकनर ने आखिर में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों पर 34 रन ठोके. उनकी पारी में चार छक्के शामिल रहे, लेकिन टीम 200 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सकी.
न्यूजीलैंड की ओर से जैकब डफी ने तीन विकेट लिए, लेकिन कोहली की पारी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम ने मुकाबला अपने नाम कर लिया. अब सीरीज का दूसरा वनडे शनिवार (7 नवंबर) को वेलिंगटन में खेला जाएगा.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क