आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोरने वाले वैभव सूर्यवंशी ने साफ कर दिया है कि उनका सपना सिर्फ टी20 तक सीमित नहीं है, बल्कि वह टेस्ट और ओडीआई क्रिकेट में भी भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं. राजस्थान रॉयल्स (RR) के fM युवा बल्लेबाज ने कहा कि उनकी क्रिकेट की नींव रेड बॉल क्रिकेट पर टिकी है और वह नियमित रूप से लाल गेंद से अभ्यास करते हैं. वैभव का मानना है कि हर फॉर्मेट की अपनी अलग मांग होती है और वह उसी के अनुसार अपने खेल को ढाल सकते हैं.
राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर के साथ बातचीत में वैभव सूर्यवंशी ने कहा, 'बहुत से लोग पूछते हैं कि क्या मैं भविष्य में रेड-बॉल क्रिकेट खेलना चाहता हूं या नहीं. मैं पहले भी रेड-बॉल क्रिकेट खेल चुका हूं और आज भी नियमित रूप से खेलता हूं. मैंने राज्य की टीम के लिए काफी रेड-बॉल क्रिकेट खेली है और आगे भी खेलना चाहता हूं.'
आईपीएल में आक्रामक बल्लेबाजी के कारण अक्सर उन्हें सिर्फ सीमित ओवरों का खिलाड़ी माना जाता है, लेकिन वैभव ने इस धारणा को गलत बताया. उन्होंने कहा, 'मैं इस फॉर्मेट में जिस तरह बल्लेबाजी करता हूं, उसकी वजह यह है कि टी20 क्रिकेट की यही मांग है. जब मैं रेड-बॉल क्रिकेट खेलूंगा तो उसी फॉर्मेट की जरूरत के हिसाब से बल्लेबाजी करूंगा. वनडे क्रिकेट में भी मैं परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालूंगा. मेरा सपना भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेलना है. बाकी सब भगवान के हाथ में है.'
वैभव सूर्यवंशी को सिर्फ आईपीएल स्टार कहना उनके रेड-बॉल रिकॉर्ड के साथ नाइंसाफी होगी. उन्होंने कम उम्र में ही प्रथम श्रेणी और यूथ टेस्ट क्रिकेट में कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं. 2023-24 रणजी ट्रॉफी सीजन में बिहार के लिए डेब्यू करते समय उनकी उम्र महज 12 साल थी. इसके बाद उन्होंने यूथ टेस्ट क्रिकेट में भी तहलका मचा दिया.
2024 में चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 58 गेंदों में शतक ठोक दिया था, जो भारतीय क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज यूथ टेस्ट शतक था. इतना ही नहीं साल 2025 में ब्रिस्बेन में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ उन्होंने 86 गेंदों में 113 रन बनाए. वैभव 15 साल की उम्र से पहले दो यूथ टेस्ट शतक लगाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी हैं.
वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा से सिर्फ प्रशंसक ही नहीं, बल्कि क्रिकेट के कई बड़े नाम भी प्रभावित हैं. पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन, टेस्ट विशेषज्ञ चेतेश्वर पुजारा और साउथ अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन खुलकर कह चुके हैं कि वैभव को रेड बॉल क्रिकेट में भी आगे बढ़ाया जाना चाहिए. डेल स्टेन तो यहां तक कह चुके हैं कि अगर वैभव ने लाल गेंद के क्रिकेट को गंभीरता से लिया, तो वह भविष्य में टेस्ट क्रिकेट के सबसे बड़े सितारों में शामिल हो सकते हैं.
आईपीएल 2026 में 776 रन और 72 छक्कों के साथ रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन करने के बाद वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय सीनियर टीम में जगह मिली है. उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के साथ-साथ एशियन गेम्स 2026 के लिए भी भारतीय टी20 टीम में चुना गया है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क