वैभव सूर्यवंशी न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में बल्ले से कमाल नहीं दिखा सके. चोटिल ईशान किशन की जगह प्लेइंग-11 में शामिल किए गए वैभव 8 गेंदों पर सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए. खास बात यह रही कि वह पहली बार टी20 क्रिकेट में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे थे.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टी20 मुकाबला शनिवार (24 अक्टूबर) को क्राइस्टचर्च में खेला गया. मुश्किल पिच पर भारतीय टीम को वैभव सूर्यवंशी से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन उनका बल्ला नहीं चला. वैभव को 28 साल के न्यूजीलैंड के गेंदबाज नाथन स्मिथ ने आउट किया. स्मिथ का यह मैच में पहला ही ओवर था.
वैभव जब पवेलियन लौटे, तब भारत का स्कोर 6.2 ओवर में 44 रन था. इससे पहले संजू सैमसन भी 17 गेंदों पर 14 रन बनाकर आउट हुए. वैभव क्रीज पर आने के बाद सहज नजर नहीं आए और 8 गेंदों में 4 रन ही बना सके. उनकी पारी में न कोई चौका था और न छक्का.
कैसे आउट हुए वैभव सूर्यवंशी?
नाथन स्मिथ ने वैभव को ऑफ स्टंप के बाहर हार्ड लेंथ गेंद डाली. वैभव ने ऑफ साइड में गेंद को हवा में मारने की कोशिश की, लेकिन शॉट के नीचे नहीं आ सके. गेंद हवा में एक्स्ट्रा कवर की ओर गई, जहां डेरिल मिचेल ने शानदार कैच लपक लिया. इस तरह वैभव सूर्यवंशी 4 रन बनाकर आउट हो गए.
न्यूजीलैंड ने बनाए 180 रन
इससे पहले भारतीय गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने 2 विकेट लेकर न्यूजीलैंड को शुरुआती झटके दिए. मेजबान टीम ने पावरप्ले के भीतर 41 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और बेवन जैकब्स ने चौथे विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला. फिलिप्स ने 43 गेंदों पर 70 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. जैकब्स ने 46 गेंदों पर 56 रन की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 1 छक्का शामिल था. अर्शदीप ने 33 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि भुवनेश्वर कुमार, प्रिंस यादव और नीतीश कुमार रेड्डी को 1-1 विकेट मिला. न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 180 रन बनाए.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क