'ओवर-कोचिंग नहीं करेंगे', वैभव सूर्यवंशी को लेकर टीम इंड‍िया के कोच सितांशु कोटक का बड़ा प्लान तैयार

टीम इंड‍िया के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है. उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में वर्ल्ड क्लास गेंदबाजों के खिलाफ जिस आत्मविश्वास और सफलता के साथ वैभव ने बल्लेबाजी की है, वह अविश्वसनीय है. कोटक ने यह भी साफ किया कि टीम मैनेजमेंट युवा बल्लेबाज पर जरूरत से ज्यादा दबाव या ओवर-कोचिंग नहीं करेगा.

Advertisement
वैभव की एंट्री से गदगद कोच, बोले- इतनी कम उम्र में ऐसा खेलना हैरान करता है. (Photo: Getty) वैभव की एंट्री से गदगद कोच, बोले- इतनी कम उम्र में ऐसा खेलना हैरान करता है. (Photo: Getty)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली ,
  • 09 जून 2026,
  • अपडेटेड 4:29 PM IST

भारतीय क्रिकेट में इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा अगर किसी युवा खिलाड़ी की हो रही है तो वह हैं 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी. आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय सीनियर टीम में जगह मिलने के बाद बिहार के इस युवा बल्लेबाज को लेकर उत्साह लगातार बढ़ रहा है. अब टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने भी वैभव की प्रतिभा की खुलकर तारीफ की है.

Advertisement

अफगानिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक टेस्ट जीत के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोटक ने कहा कि वैभव की बल्लेबाजी और उसका आत्मविश्वास उन्हें बेहद प्रभावित करता है. उन्होंने माना कि इतनी कम उम्र में दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों के खिलाफ जिस तरह वैभव ने बल्लेबाजी की है, वह किसी भी क्रिकेट प्रेमी को हैरान कर सकता है.

कोटक ने कहा- मैंने अंडर-19 में उसकी कुछ पारियां देखी थीं. पिछले आईपीएल से लेकर अब तक जिस तरह वह बल्लेबाजी कर रहा है और अपने शॉट्स को अंजाम देता है, वह 15 साल के खिलाड़ी के लिए बेहद रोमांचक है. वर्ल्ड क्लास गेंदबाजों के खिलाफ जिस तरह उसने खेला और सफलता हासिल की, वह उसकी असाधारण प्रतिभा को दिखाता है. मैं उसे लेकर काफी उत्साहित हूं.

ओवर-कोचिंग से बचाएगा टीम मैनेजमेंट
वैभव फिलहाल श्रीलंका में भारत 'ए' टीम के साथ त्रिकोणीय सीरीज खेल रहे हैं. इसके बाद वह भारतीय सीनियर टीम से जुड़ेगा. युवा बल्लेबाज के साथ काम करने की रणनीति पर कोटक ने कहा कि टीम मैनेजमेंट उस पर जरूरत से ज्यादा बदलाव थोपने की कोशिश नहीं करेगा.

Advertisement

उन्होंने कहा- पहले उसे टीम के साथ आने दीजिए, फिर देखेंगे कि उसे किस चीज की जरूरत है. अगर हमें लगेगा कि किसी क्षेत्र में मदद की जरूरत है तो हम उतनी ही सलाह देंगे जितनी जरूरी होगी.

कोटक ने आगे कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों की अपनी सोच, अपनी शैली और सफलता हासिल करने का अलग तरीका होता है. ऐसे में कोच की भूमिका केवल सही समय पर सही सुझाव देने की होती है. किसी भी बल्लेबाजी कोच के लिए यह चुनौतीपूर्ण होता है. खिलाड़ी अपने तरीके से सफल होकर यहां तक पहुंचते हैं. आप कुछ नया जोड़ना चाहते हैं तो उसमें समय लगता है और खिलाड़ी का भरोसा भी जीतना पड़ता है. मेरे लिए सबसे अहम यह है कि कितना जोड़ना है और कब जोड़ना है. 

आयरलैंड और इंग्लैंड टी20 सीरीज के लिए भारत की टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी और प्रसिद्ध कृष्णा.


 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »