स्टार बल्लेबाज रिंकू आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 मैच से पहले टीम से जुड़ने जा रहे हैं. टॉप सूत्रों ने आजतक को बताया कि रिंकू 28 फरवरी (शनिवार) को कोलकाता में भारतीय टीम को दोबारा जॉइन करेंगे. रिंकू के पिता खानचंद का शुक्रवार सुबह लिवर कैंसर के कारण निधन हो गया. पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए रिंकू शुक्रवार सुबह 5 बजे चेन्नई से नई दिल्ली रवाना हुए थे.
खानचंद को 21 फरवरी को ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जब उनकी हालत काफी बिगड़ गई थी. उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया, लेकिन शुक्रवार तड़के उन्होंने अंतिम सांस ली. टीम मैनेजमेंट और खिलाड़ियों ने रिंकू और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है. ऐसे कठिन समय में रिंकू का टीम के साथ वापस जुड़ना उनकी प्रतिबद्धता और जज्बे को दिखाता है.
यह भी पढ़ें: नम आंखें, खामोश चेहरा… रिंकू सिंह ने पिता को दी आखिरी विदाई, मंगेतर प्रिया सरोज ने लिखा भावुक नोट
रिंकू सिंह इससे पहले भी अपने पिता की बिगड़ती तबीयत के दौरान उनके पास मौजूद थे. हालत गंभीर होने पर वह परिवार के साथ समय बिताने गए थे, लेकिन बाद में भारत और जिम्बाब्वे के मुकाबले से पहले टीम से दोबारा जुड़ गए थे. जिम्बाब्वे के खिलाफ वो मैच चेन्नई के एमए चिदम्बरम स्टेडियम में खेला गया था. हालांकि रिंकू को तब प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला.
टीम मैनेजमेंट ने उस मुकाबले में संजू सैमसन को मौका दिया, जिन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत की. रिंकू सिंह भले ही उस मैच में नहीं खेले, लेकिन टीम के साथ उनका जुड़ाव लगातार बना रहा और अब वह फिर से महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले टीम इंडिया के साथ हैं.
टी20 वर्ल्ड कप में भारत का फुल स्क्वॉड: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह.
नितिन कुमार श्रीवास्तव