आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के लिए बेहद दुखद खबर आई. उनके पिता खानचंद सिंह का लिवर कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद निधन हो गया. उन्होंने ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली, जहां हालत बिगड़ने के बाद उनका इलाज चल रहा था.
पिता के निधन की खबर मिलते ही रिंकू सिंह चेन्नई से अपने गृहनगर अलीगढ़ पहुंचे. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह नीली टोपी पहने अपने पिता के पार्थिव शरीर को कंधा देते नजर आए. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने अंतिम संस्कार की रस्में निभाईं. यह दृश्य बेहद भावुक करने वाला था. जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले से पहले जब उनके पिता की तबीयत ज्यादा बिगड़ी, तब वह घर लौटे थे. बाद में वह दोबारा टीम से जुड़ गए थे.
हालांकि जिम्बाब्वे के खिलाफ रिंकू सिंह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे. टीम कॉम्बिनेशन में बदलाव करते हुए संजू सैमसन और अक्षर पटेल को प्लेइंग-11 शामिल किया गया था. सैमसन को टॉप ऑर्डर में मौका मिला, जबकि ईशान किशन को नंबर-3 पर भेजा गया और तिलक वर्मा को फिनिशर की भूमिका सौंपी गई. रिंकू ने हालांकि सब्स्टीट्यूट फील्डर के तौर पर मैदान पर योगदान दिया था.
इस कठिन समय में क्रिकेट जगत रिंकू सिंह के साथ खड़ा नजर आया. पूर्व कप्तान विराट कोहली, शिखर धवन और इरफान पठान समेत कई खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए रिंकू और उनके परिवार को हिम्मत दी. रिंकू की मंगेतर प्रिया सरोज ने भी अपने फेसबुक अकाउंट पर भावुक पोस्ट शेयर किया.
यह भी पढ़ें: तंग गलियों से टीम इंडिया तक पहुंचाने वाला सहारा छूटा, रिंकू सिंह के पिता के निधन पर खेल जगत ने जताया दुख
प्रिया सरोज ने लिखा, 'आज प्रातः पूज्य बाबूजी का निधन हो गया. यह क्षण मेरे और पूरे परिवार के लिए अत्यंत भावुक और पीड़ादायक है. उनका जाना हमारे जीवन में एक ऐसी कमी छोड़ गया है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है. उन्होंने जीवन भर सादगी, ईमानदारी और परिश्रम के साथ अपने दायित्व निभाए. वे परिवार के आधार स्तंभ थे. उनका स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन हमेशा हम सबको मिलता रहा. उनके जाने से घर का एक मजबूत सहारा छिन गया है. मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और हम सबको इस गहरे दुख को सहने की शक्ति दें. उनकी स्मृतियां हमेशा हमारे साथ रहेंगी.'
अब तक इस टूर्नामेंट में रिंकू पांच मैच खेल चुके हैं और 24 रन बनाए हैं, जहां उन्होंने फिनिशर की भूमिका निभाई.भारत का अगला मुकाबला वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता में होना है. ऐसे में यह साफ नहीं है कि रिंकू टूर्नामेंट के बाकी मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे या नहीं.
भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) या टीम मैनेजमेंट की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. टी20 वर्ल्ड कप के रोमांच के बीच आई इस दुखद खबर ने पूरे क्रिकेट जगत को भावुक कर दिया है. अब सभी की नजर इस बात पर है कि रिंकू इस निजी क्षति के बाद कब और कैसे टीम के साथ दोबारा जुड़ते हैं.
aajtak.in