क्रिकेट फैंस के लिए यह वीकेंड किसी त्योहार से कम नहीं है. सुपर संडे पर भारत और पाकिस्तान के बीच एक नहीं, बल्कि दो-दो मुकाबले खेले जाएंगे. एक ओर कोलंबो में जहां टी20 विश्व कप का हाई-वोल्टेज मुकाबला होगा, तो दूसरी ओर महिला क्रिकेट में इंडिया ए और पाकिस्तान ए की टीमें एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में आमने-सामने होंगी. आइए इन दोनों मैचों के बारे में जानते हैं.
पहले बात कोलंबो में होने वाले महामुकाबले की
रविवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान की सीनियर पुरुष टीमें भिड़ेंगी. यह टी20 विश्व कप 2026 का ग्रुप ए मुकाबला है, जिसका असर अंक तालिका पर भी पड़ेगा. दोनों टीमें अब तक टूर्नामेंट में अजेय हैं और शानदार फॉर्म में हैं.
यह भी पढ़ें: हैंडशेक, उस्मान तारिक और कोलंबो की मिस्ट्री... भारत-पाक मैच से पहले कप्तान सूर्या ने दिया हर सवाल का जवाब
भारतीय टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में है, जबकि पाकिस्तान की अगुवाई सलमान अली आगा कर रहे हैं. भारत ने अपने पिछले मुकाबलों में अमेरिका और नामीबिया को हराया है, जबकि पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स और अमेरिका पर जीत दर्ज की है.
भारत-पाकिस्तान का मुकाबला हमेशा भावनाओं से जुड़ा होता है. दोनों देशों के फैंस इस मैच का बेसब्री से इंतजार करते हैं. कोलंबो की पिच स्पिनरों को मदद दे सकती है, ऐसे में रणनीति और टीम संयोजन अहम भूमिका निभाएंगे.
महिला क्रिकेट में भी रोमांच
सिर्फ पुरुष क्रिकेट ही नहीं, महिला क्रिकेट में भी भारत और पाकिस्तान के बीच टक्कर देखने को मिलेगी. एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में इंडिया ए और पाकिस्तान ए की टीमें आमने-सामने होंगी.
यह भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा के फिट होने की दुआ क्यों कर रहा पाकिस्तान? सलमान आगा ने भारत-पाक मैच से पहले बताई वजह
यह मुकाबला बैंकॉक में खेला जाएगा. दोनों टीमों को ग्रुप ए में रखा गया है. अबतक भारत और पाकिस्तान ने एक-एक मैच खेला है. पाकिस्तान को अपने मैच में जीत मिली है, जबकि भारत को हार का सामना करना पड़ा है. इस ग्रुप में अन्य दो टीमें यूएई और नेपाल हैं. भारत-पाक के बीच ये मैच सुबह 7 बजे से होगा.
यह भी पढ़ें: IND vs PAK: उस्मान तारिक की मिस्ट्री से कैसे निपटेगी टीम इंडिया? कप्तान सूर्या ने बताई प्लानिंग
फैंस के लिए डबल डोज
एक ही दिन में दो भारत-पाक मुकाबले होना फैंस के लिए किसी सौगात से कम नहीं है. सुबह महिला मैच का रोमांच और शाम को पुरुष टीमों की भिड़ंत. टी20 विश्व कप का यह मुकाबला खास इसलिए भी है क्योंकि दोनों टीमें ग्रुप ए में शीर्ष स्थान के लिए लड़ रही हैं. वहीं राइजिंग स्टार्स मैच में युवा खिलाड़ियों की परीक्षा होगी.
aajtak.in