केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आखिरकार अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. छात्रों के लगातार जारी विरोध प्रदर्शनों के बाद धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार यानी 25 जुलाई को पद छोड़ने का फैसला किया. इस फैसले के आते ही देश भर के छात्रों के बीच जश्न का माहौल बना हुआ है. भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने भी अब छात्रों की जीत पर खुलकर अपनी बात रखी है.
दिनेश कार्तिक ने क्या कहा?
इस्तीफे की खबर सामने आते ही भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने इसे छात्रों की जीत बताई. उन्होंने सोशल मीडिया पर छात्रों के संघर्ष का समर्थन करते हुए लिखा द फ्यूचर इज ब्राइट..." (भविष्य उज्ज्वल है). कार्तिक के इस ट्वीट को लाखों छात्रों के संघर्ष की जीत के रूप में देखा जा रहा है. दिनेश कार्तिक के इस ट्वीट पर छात्र भी लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
ज्वाला गुट्टा ने सोशल मीडिया पर लहराया तिरंगा
दिनेश कार्तिक ने अपने ट्वीट में आगे लिखा कि यह इस्तीफा केवल एक चेहरे का बदलना नहीं होना चाहिए. बल्कि यह हमारी शिक्षा प्रणाली को पूरी तरह से मजबूत बनाने की दिशा में पहला कदम होना चाहिए. दिनेश कार्तिक के अलावा बैडमिंटन खिलाड़ी ज्वाला गुट्टा ने भी भारत के तिरंगे की तस्वीर पोस्ट कर अपनी खुशी जाहिर की.
'इस्तीफा पड़ाव है, मंजिल नहीं'
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को भले ही छात्र आंदोलन की बड़ी नैतिक जीत माना जा रहा है, लेकिन प्रदर्शनकारी संगठनों का कहना है कि लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है. आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अभिजीत दिपके का मानना है कि केवल मंत्री के पद छोड़ने से व्यवस्था में रातों-रात सुधार नहीं आ जाएगा. उन्होंने इस्तीफे के बाद भी कुछ और मांगे रखी है. खेल के अलावा मनोरंजन जगत से भी इस इस्तीफे के बाद रिएक्शन आ रहे हैं.
ये भी पढ़ें- IND vs ZIM, 2nd T20I 2026 Live: भारत को तीसरा झटका, स्कोर पहुंचा 100 के पार
एक्टर विजय वर्मा ने धर्मेंद्र प्रधान की तस्वीर अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर की है. फोटो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा कि अच्छा चलता हूं, दुआओं में याद रखना. बेसब्री से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का इंतजार करने वाले लाखों छात्र लगातार सोशल मीडिया के जरिए अपनी खुशी व्यक्त कर रहे हैं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क