इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को लॉर्ड्स में खेले गए निर्णायक तीसरे वनडे में भारत को 27 रन से हार का सामना करना पड़ा. इसी के साथ मेजबान टीम ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली. मैच के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने हार की सबसे बड़ी वजह डेथ ओवरों की गेंदबाजी को बताया. उन्होंने कहा कि टीम 45वें ओवर तक मुकाबले में बनी हुई थी, लेकिन आखिरी तीन ओवरों में जरूरत से ज्यादा रन खर्च करने का नुकसान उठाना पड़ा.
शुभमन गिल ने मैच के बाद कहा- मुझे लगता है कि 45वें ओवर तक हम मुकाबले में पूरी तरह बने हुए थे. लेकिन आखिरी तीन ओवरों में हमने करीब 60 रन दे दिए. वहीं से मैच हमसे दूर चला गया.
रनचेज का प्लान भी बताया
भारतीय कप्तान ने बताया कि टीम ने 388 रन के लक्ष्य का पीछा करने के लिए पहले से रणनीति बनाई थी. उनका मानना था कि अगर 40 ओवर तक विकेट हाथ में रहते तो आखिरी 10 ओवरों में मैच पलटा जा सकता था.
उन्होंने कहा- हमें पूरा भरोसा था कि अगर 40 ओवर तक हमारे पास विकेट रहते तो हम मुकाबले में बने रहते. हमारा प्लान था कि पावरप्ले के बाद रनगति 6 से 6.5 रन प्रति ओवर के आसपास रखी जाए और आखिरी 10 ओवरों में 100-110 रन बनाए जाएं. तब कुछ भी हो सकता था.
पावरप्ले की गेंदबाजी पर उठाए सवाल
गिल ने माना कि भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत में अच्छी गेंदबाजी नहीं की. खासकर पावरप्ले में जरूरत से ज्यादा ऑफ स्टंप के बाहर गेंदें डालने का खामियाजा भुगतना पड़ा, जिसका इंग्लैंड के दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पूरा फायदा उठाया.
उन्होंने कहा- इस मैच में हमने अच्छी गेंदबाजी नहीं की, खासकर पावरप्ले में. हमने बहुत ज्यादा ऑफ लाइन गेंदें फेंकीं और इंग्लैंड के दोनों ओपनर्स ने उसका शानदार फायदा उठाया. इसके बाद उन्होंने हमें मैच में वापसी का मौका ही नहीं दिया. डेथ ओवरों में भी वे हमसे काफी आगे निकल गए.
हार के बावजूद गिनाए पॉजिटिव
वनडे सीरीज गंवाने के बावजूद भारतीय कप्तान ने टीम के प्रदर्शन में कई सकारात्मक बातें भी देखीं. उन्होंने कहा कि बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों ने पूरी सीरीज में योगदान दिया.
गिल ने कहा- इस सीरीज से कई पॉजिटिव बातें मिलीं. लगभग सभी बल्लेबाजों ने रन बनाए और गेंदबाजों ने भी अलग-अलग मौकों पर विकेट लिए. यह आगे के लिए अच्छी बात है.
रोहित शर्मा की जमकर तारीफ
शुभमन गिल ने रोहित शर्मा की 138 रन की शानदार पारी की खुलकर सराहना की. उन्होंने कहा कि विकेट आखिर में धीमा हो गया था और ऐसे में उस तरह की बल्लेबाजी करना आसान नहीं था.
गिल ने कहा- रोहित भाई ने सालों से दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में शानदार प्रदर्शन किया है. आज जिस तरह उन्होंने बल्लेबाजी की, उसे देखकर बहुत खुशी हुई. उन्होंने लगभग 140 रन बनाए. आखिर में विकेट थोड़ा धीमा हो गया था, इसलिए उस तरह रन बनाना आसान नहीं था. उनकी बल्लेबाजी देखना सचमुच एक ट्रीट था.
लॉर्ड्स मैच में क्या हुआ
इससे पहले इंग्लैंड ने बेन डकेट (141), जैकब बेथेल (91), जो रूट (नाबाद 74) और जोस बटलर (नाबाद 41) की पारियों की बदौलत 50 ओवर में 387/3 का विशाल स्कोर खड़ा किया. भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने दो विकेट लिए.
जवाब में रोहित शर्मा ने 110 गेंदों में 138 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 17 चौके और 5 छक्के शामिल रहे. विराट कोहली ने 74 और शुभमन गिल ने 77 रन बनाए, लेकिन इसके बावजूद भारत 50 ओवर में 360/7 तक ही पहुंच सका. इंग्लैंड के लिए सैम करन ने 4/75 के आंकड़े दर्ज किए और उनकी टीम ने 27 रन से मैच जीतकर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क