आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम की खिताबी जीत की दुनियाभर में इसकी चर्चा हो रही है. अधिकांश क्रिकेट दिग्गजों ने टीम इंडिया के प्रदर्शन की तारीफ की, वहीं पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने बेतुका बयान देकर नई बहस छेड़ दी. 8 मार्च (रविवार) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर अपना तीसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता. टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप टाइटल सफलतापूर्वक डिफेंड करने वाली और मेजबान देश के रूप में खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई.
शोएब अख्तर ने टैपमैड के शो गेम ऑन है' में कहा कि भारत का दबदबा क्रिकेट के लिए ठीक नहीं है. अख्तर ने कहा, 'यह ऐसा है जैसे किसी मोहल्ले में एक अमीर बच्चा हो, जो गरीब बच्चों को बुलाकर कहे कि आ जाओ क्रिकेट खेलते हैं. भारत भी कुछ ऐसा ही कर रहा है. आठ टीमों में से चार को रखते हैं, फिर उनमें से तीन को आगे बढ़ाते हैं और फिर कहते हैं कि हमने जीत लिया. मेरे हिसाब से उन्होंने क्रिकेट को पूरी तरह खराब कर दिया है.'
शोएब अख्तर के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई. कई फैन्स ने इसे भारत की बड़ी जीत के बाद आई कड़वी प्रतिक्रिया बताया. दिलचस्प बात यह है कि फाइनल से पहले अख्तर का रुख कुछ अलग था. उन्होंने भारत को मजबूत टीम बताते हुए कहा था कि न्यूजीलैंड पर भारी दबाव रहेगा, हालांकि वह चाहते थे कि क्रिकेट के हित में कीवी टीम खिताब जीते.
शोएब अख्तर ने कहा था, 'मुझे लगता है कि भारत के सामने न्यूजीलैंड दबाव में आ सकता है, लेकिन भारत पर भी 1.5 अरब लोगों की उम्मीदों का दबाव है. फिर भी मुझे लगता है कि भारत जीत सकता है, लेकिन क्रिकेट के लिए अच्छा होगा अगर न्यूजीलैंड वर्ल्ड कप जीत जाए.'
अख्तर ने गंभीर की जमकर तारीफ की
आलोचना के बीच शोएब अख्तर ने भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर की तारीफ की. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों पर भरोसा दिखाना बड़े टूर्नामेंट में टीम को सफलता दिलाने में अहम भूमिका निभाता है. भारत की जीत पर पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने भी चौंकाने वाली प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि भारत की जीत में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की कमजोर रणनीति का भी बड़ा हाथ रहा.
फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 255/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया. विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने 46 गेंदों पर 89 रन बनाए. अभिषेक शर्मा (52 रन) और ईशान किशन (54 रन) ने भी अर्धशतकीय योगदान दिया. जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर सिमट गई. जसप्रीत बुमराह ने 15 रन देकर चार विकेट झटके. वहीं अक्षर पटेल ने 3/27 के आंकड़े दर्ज किए.
aajtak.in