पड़ोसी देश पाकिस्तान की क्रिकेट टीम में फिर घमासान मच गया है, दावा किया जा रहा है कि बांग्लादेश से हालिया टेस्ट मैच में मिली हार के बाद पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान शान मसूद और शाहीन शाह आफरीदी में तलवारें खिंच गई हैं. यह भी बताया जा रहा है कि इस टेस्ट मैच के बाद ड्रेसिंग रूम में तीखी बहस हो गई.
बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट में पाकिस्तान को 268 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए शर्मनाक हार झेलनी पड़ी. पूरी टीम दूसरी पारी में सिर्फ 163 रन पर सिमट गई. यह बांग्लादेश के खिलाफ पाकिस्तान की लगातार तीसरी टेस्ट हार रही, जिसने टीम पर सवाल और बढ़ा दिए हैं.
रिपोर्ट्स के अनुसार मैच के बाद कप्तान शान मसूद ने गेंदबाजी यूनिट के प्रदर्शन पर नाराजगी जताई. उन्होंने तेज गेंदबाजों की स्पीड और दबाव बनाने में नाकामी को हार की बड़ी वजह बताया. खास तौर पर शाहीन शाह आफरीदी की गेंदबाजी गति पर सवाल उठाए गए.
बताया गया कि मसूद ने गेंदबाजों से कहा कि टीम विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव नहीं बना सकी और तेज गेंदबाजी में धार की कमी चिंताजनक है. इसके बाद माहौल तनाव वाला हो गया.
शाहीन ने कहा-पाकिस्तान के बल्लेबाज नाकाम
रिपोर्ट्स के मुताबिक शाहीन शाह आफरीदी ने कप्तान की बात का जवाब देते हुए बल्लेबाजों की नाकामी पर सवाल उठा दिए. उन्होंने कहा कि अगर बल्लेबाजी यूनिट पहली पारी में बड़ा स्कोर खड़ा करती तो गेंदबाजों पर इतना दबाव नहीं आता.
सूत्रों के अनुसार शाहीन ने कप्तान को उनके खुद के बल्लेबाजी प्रदर्शन की भी याद दिलाई. शान मसूद इस मैच में दोनों पारियों में सिर्फ 9 और 2 रन ही बना सके. वहीं पाकिस्तान पहली पारी में 349/5 की मजबूत स्थिति से 368 रन पर सिमट गया था.
WTC टेबल पाकिस्तान 8वें नंबर पर
हार के बाद पाकिस्तान को एक और बड़ा झटका लगा. टीम पर स्लो ओवर रेट के कारण कार्रवाई की गई और मैच रेफरी जेफ क्रो ने पाकिस्तान के आठ वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के अंक काट दिए. इस पेनल्टी के बाद पाकिस्तान WTC अंक तालिका में आठवें स्थान पर खिसक गया है और फाइनल की रेस मुश्किल होती नजर आ रही है. रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को भी कोचिंग स्टाफ की आलोचना झेलनी पड़ी. रिजवान पहली पारी में 59 रन बनाकर आउट हुए थे.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क