रोहित शर्मा ने शनिवार (7 नवंबर) को न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में आयोजित वनडे साीरीज के दूसरे मुकाबले में 28 गेंदों पर 23 रन बनाए, जिसमें 2 छक्के और दो चौके शामिल रहे. हालांकि इस छोटी सी इनिंग्स के दौरान भी टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित ने एक बड़ा रिकॉर्ड बना दिया. रोहित न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. रोहित ने इस मामले में पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी को पछाड़ दिया.
रोहित शर्मा को यह रिकॉर्ड अपने नाम करने के लिए दो छक्कों की जरूरत थी. उन्होंने कीवी तेज गेंदबाज काइल जेमिसन की गेंदों पर लगातार दो ओवर में छक्के जड़कर शाहिद आफरीदी को पीछे छोड़ दिया. अब न्यूजीलैंड के खिलाफ 36 वनडे में उनके नाम 51 छक्के हो गए हैं.
शाहिद आफरीदी ने 1996 से 2015 के दौरान न्यूजीलैंड के खिलाफ 38 वनडे मैचों में 50 छक्के लगाए थे. इस सूची में क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) 45 छक्कों के साथ तीसरे और सनथ जयसूर्या (श्रीलंका) 41 छक्कों के साथ चौथे स्थान पर हैं. जोस बटलर (इंग्लैंड) और पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली के नाम 29-29 छक्के हैं.
भारत की डीएलएस नियम से जीत
इस मुकाबले में मेजबान न्यूजीलैंड ने भारत को 135 रनों का लक्ष्य दिया था. बारिश के कारण मैच 47 ओवर्स प्रति पारी का कर दिया गया. लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 26 ओवरों में 113 रनों पर सात विकेट गंवा दिए थे. जीत के लिए 23 रनों की जरूरत थी, लेकिन बारिश के चलते खेल आगे नहीं बढ़ सका.
यह भी पढ़ें: 'सिर्फ 7 रन बनाकर भी रिकॉर्ड बुक में छा गए कोहली!', रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ रचा इतिहास, बन गए नंबर-1 बल्लेबाज
डीएलएस नियम के तहत भारतीय टीम उस समय निर्धारित स्कोर से चार रन आगे थी. लिहाजा टीम इंडिया ने चार रनों से मुकाबला जीत लिया और पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली.
यह भी पढ़ें: IND vs PAK U19 Asia Cup 2026: सहवाग के बेटे आर्यवीर उड़ाएंगे गर्दा, पाकिस्तान होगा धुआं-धुआं
न्यूजीलैंड की ओर से काइल जेमिसन और जैकब डफी ने तीन-तीन विकेट लिए. डफी ने शुभमन गिल को पहली गेंद पर और विराट कोहली को सात रनों के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजा.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क