T20 से संन्यास लेगा ये पाकिस्तानी दिग्गज? PSL में बॉल टैंपरिंग का लगा था आरोप

फखर जमां ने साफ कर दिया है कि वह फिलहाल टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास नहीं लेने वाले हैं. हालांकि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद उन्होंने संन्यास का मन बना लिया था, लेकिन अब वह अपने करियर को बेहतर तरीके से खत्म करना चाहते हैं. दूसरी ओर, बॉल टैंपरिंग मामले में उन पर लगा दो मैचों का प्रतिबंध भी बरकरार रखा गया है.

Advertisement
फखर जमां (दाएं) पर PSL में कड़ी कार्रवाई की गई है. (Photo: ITG) फखर जमां (दाएं) पर PSL में कड़ी कार्रवाई की गई है. (Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 07 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 7:29 PM IST

पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज फखर जमां ने अपने संन्यास पर चुप्पी तोड़ी है. हाल ही में पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में उन्हें बॉल टैंपरिंग का दोषी पाए जाने के बाद दो मैचों के लिए निलंबित किया गया था. फखर ने साफ कहा है कि उनका फिलहाल टी20 क्रिकेट से संन्यास लेने का कोई इरादा नहीं है. हालांकि उन्होंने यह जरूर माना कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद वह इस फॉर्मेट को अलविदा कहने वाले थे, लेकिन अब उन्होंने अपना फैसला बदल लिया है.

Advertisement

35 साल के फखर जमां पाकिस्तान के लिए टी20 क्रिकेट में सबसे प्रभावशाली बल्लेबाजों में से एक रहे हैं. उन्होंने पाकिस्तान के लिए 120 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 132.51 के स्ट्राइक रेट से 2494 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 14 अर्धशतक भी निकले हैं.

ऐसा रहा था वर्ल्ड कप में प्रदर्शन

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में फखर ज्यादातर समय बेंच पर बैठे रहे, लेकिन श्रीलंका के खिलाफ सुपर-8 के करो या मरो मुकाबले में उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिला. पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए यह मैच कम से कम 65 रन से जीतना था, लेकिन ऐसा नहीं हो सका. हालांकि फखर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों पर 84 रन बनाए. उनकी पारी में 9 चौके और 4 छक्के शामिल थे.

सलमान अली आगा की कप्तानी वाली पाकिस्तान टीम सुपर-8 चरण से बाहर हो गई. यह लगातार चौथा आईसीसी टूर्नामेंट था, जिसमें पाकिस्तान सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाया.

Advertisement

यह भी पढ़ें: बॉल टेम्परिंग विवाद में नया मोड़… पाकिस्तानी क्रिकेटर फखर जमां ने PCB के खिलाफ खोला मोर्चा, 2 मैच बैन को किया चैलेंज

फखर जमान ने कहा, “वर्ल्ड कप के बाद मैंने टी20 क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया था. लेकिन अब मेरा ऐसा कोई इरादा नहीं है. मैं चाहता हूं कि अपने टी20 करियर का अंत अच्छे अंदाज में करूं.”

फखर जमान पाकिस्तान सुपर लीग में लाहौर कलंदर्स के लिए भी शानदार प्रदर्शन करते रहे हैं. उन्होंने 99 मैचों में 141.82 के स्ट्राइक रेट से 3018 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 24 अर्धशतक और 2 शतक लगाए हैं.

बॉल टैंपरिंग का लगा था आरोप

हाल ही में फखर जमां को कराची किंग्स के खिलाफ मुकाबले में बॉल टैंपरिंग का दोषी पाया गया था. उन पर खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के आचार संहिता के लेवल-3 के उल्लंघन का आरोप लगा था. फखर ने इस फैसले के खिलाफ अपील की थी, लेकिन उनकी अपील खारिज कर दी गई.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement