भारतीय क्रिकेट टीम को एक नया स्पिन स्टार मिल गया है. अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर टेस्ट में डेब्यू करने वाले बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने अपनी पहली ही टेस्ट पारी में ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने उन्हें रिकॉर्ड बुक में जगह दिला दी. 23 साल के मानव सुथार ने अफगानिस्तान की पहली पारी में 33 रन देकर 6 विकेट झटके और भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम किरदार निभाया.
इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए डेब्यू पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए. भारत के लिए डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में सबसे बेहतरीन गेंदबाजी का रिकॉर्ड अब भी नरेंद्र हिरवानी के नाम है, जिन्होंने 1988 में वेस्टइंडीज के खिलाफ चेन्नई टेस्ट के दौरान 61 रन देकर 8 विकेट लिए थे.
अब मानव सुथार का 6/33 का प्रदर्शन इस सूची में दूसरे नंबर पर आ गया है. उन्होंने 1967 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 6/55 का आंकड़ा दर्ज करने वाले आबिद अली को पीछे छोड़ दिया. इतना ही नहीं, मानव सुथार इस सदी में भारत के लिए डेब्यू टेस्ट पारी में पांच विकेट लेने वाले सिर्फ दूसरे गेंदबाज बन गए हैं. उनसे पहले यह उपलब्धि अमित मिश्रा ने 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हासिल की थी, जब उन्होंने 71 रन देकर 5 विकेट लिए थे.
साथ ही अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में यह किसी गेंदबाज का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है. इस सूची में शीर्ष पर वेस्टइंडीज के रहकीम कॉर्नवाल हैं, जिन्होंने 2019 में लखनऊ टेस्ट में 75 रन देकर 7 विकेट लिए थे. देखा जाए तो मानव सुथार टेस्ट डेब्यू पर इनिंग्स में पांच या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले 10वें भारतीय (स्पिनर्स में सातवें) हैं.
मुल्लांपुर टेस्ट में मानव सुथार की गेंदों के सामने अफगान बल्लेबाज पूरी तरह संघर्ष करते नजर आए. शानदार लाइन-लेंथ, बेहतरीन नियंत्रण और लगातार दबाव बनाकर उन्होंने साबित कर दिया कि भारतीय क्रिकेट को भविष्य के लिए एक और भरोसेमंद स्पिनर मिल गया है. मानव सुथार निचले क्रम के उपयोगी बल्लेबाज हैं और उन्होंने भारत की पहली पारी में 28 रन बनाए थे.
भारत के लिए डेब्यू टेस्ट पारी में सर्वश्रेष्ठ आंकड़े
8/61- नरेंद्र हिरवानी बनाम वेस्टइंडीज, चेन्नई, 1988
6/33- मानव सुथार बनाम अफगानिस्तान, मुल्लांपुर, 2026
6/55- आबिद अली बनाम ऑस्ट्रेलिया, एडिलेड, 1967
6/103- दिलीप दोषी बनाम ऑस्ट्रेलिया, चेन्नई, 1979
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क