कुलदीप यादव और वंशिका चड्ढा की हाल में मसूरी में शादी हुई, इस शादी के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. वहीं इस शादी में एक शख्स ऐसा भी पहुंचा जो युजवेंद्र चहल और धनश्री वर्मा की शादी में भी आया था. इस पर चहल का रिएक्शन देखने लायक था.
भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव की 15 मार्च को वंशिका चड्ढा से मसूरी के होटल सवोय में धूमधाम से शादी हुई.इस शादी में युजवेंद्र चहल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, मोहम्मद कैफ, सुरेश रैना जैसे क्रिकेटर्स ने भी शिरकत की.
युजवेंद्र चहल तो कुलदीप यादव की शादी में सबसे ज्यादा लाइमलाइट में रहे, उनके डांस वीडियो वायरल हुए. वहीं जिस अंदाज में उन्होंने कुलदीप और वंशिका को हल्दी लगाई, उसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रहा.
कुल मिलाकर युजवेंद्र चहल कुलदीप की पूरी शादी के इवेंट में छाए रहे, उन्होंने खुद भी कई फोटोज सोशल मीडिया पर शेयर किए. इस दौरान युजवेंद्र चहल का एक और वीडियो आयुष कुमार के साथ चर्चा में रहा.
आयुष ने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया.जहां चहल कुलदीप को आवाज लगाकर कह रहे हैं- कुलदीप, गलत बंदा बुला लिया. इसके बाद आयुष उनके गले में हाथ डालते हैं, और हंसते हुए दिख रहे हैं.
इसी वीडियो में युजवेंद्र चहल और उनकी एक्स वाइफ धनश्री वर्मा दिख रही हैं. जहां आयुष उनकी शादी को भी एंकरिंग करते दिख रहे थे.
अब जानते हैं आखिर आयुष कौन हैं?
आयुष कुमार का इंस्टाग्राम पर AlmostAayush नाम से अकाउंट है. उनके इंस्टाग्राम प्रोफाइल के मुताबिक वो प्लान माय शो (Plan My Show) नाम की कंपनी चलाते हैं. आयुष के बारे में जो जानकारी 'वेडिंग सूत्रा' वेबसाइट पर मौजूद है. उसके अनुसार- दिल्ली के आयुष कुमार एक एंकर, इमसी (emcee) और वॉइस-ओवर आर्टिस्ट हैं.
'इमसी' यानी किसी इवेंट या सेरेमनी को करवाने के महारथी. जो अपनी शानदार स्टाइल और नेचुरल अंदाज के लिए जाने जाते हैं.उनकी एनर्जी, वर्सेटिलिटी और आसान बातचीत का तरीका लोगों को बहुत पसंद आता है. वे दुनिया भर में 500 से ज्यादा शो होस्ट कर चुके हैं और हर तरह के इवेंट में खुद को साबित किया है.
उनकी खासियत है मजेदार वन-लाइनर्स और किस्से, जो माहौल को हल्का और एंटरटेनिंग बना देते हैं. स्टेज पर वे हर सिचुएशन को आसानी से संभाल लेते हैं और पूरे इवेंट को यादगार बना देते हैं. उन्होंने कई बड़े सेलेब्रिटी वेडिंग्स और हाई-प्रोफाइल इवेंट्स होस्ट किए हैं. वे हर तरह के ऑडियंस को एंटरटेन करने में माहिर हैं.
आज लखनऊ में होगा भव्य रिसेप्शन
कुलदीप यादव और वंशिका की शादी के बाद मंगलवार (17 मार्च) को लखनऊ में एक भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा. यह कार्यक्रम Hotel Centrum में रखा गया है, जहां क्रिकेट, राजनीति और कारोबार जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है.
aajtak.in