इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में भारत जीत के बेहद करीब था, लेकिन एक ओवर ने पूरी बाजी पलट दी. 17वें ओवर में रवि बिश्नोई ने 29 रन लुटा दिए, जिसमें दो नो-बॉल भी शामिल थी.
इन दोनों नो-बॉल के बाद मिली फ्री-हिट का पूरा फायदा इंग्लैंड के बल्लेबाज जैकब बेथेल ने उठाया और दोनों गेंदों पर छक्के जड़ दिए. यही ओवर मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ.
मैच के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने स्वीकार किया कि फ्री-हिट मिलने से बेथेल पर से दबाव पूरी तरह खत्म हो गया और इंग्लैंड को मैच में वापसी का मौका मिल गया.
ईशान किशन ने कहा, 'हमें लग रहा था कि मैच पूरी तरह हमारे नियंत्रण में है. लेकिन फ्री-हिट मिलने से बेथेल को राहत मिली और दबाव खत्म हो गया. हमने अच्छी गेंदबाजी की थी और हमारी योजनाएं भी सही थीं, लेकिन बेथेल ने शानदार बल्लेबाजी की. वह काफी देर तक क्रीज पर रहा, उसने पिच को अच्छी तरह समझ लिया था और उसे पता था कि किस गेंदबाज पर कब हमला करना है.'
यह भी पढ़ें: 'अगर संजू सैमसन चोटिल नहीं हैं तो...', वैभव सूर्यवंशी की एंट्री पर भड़के संजय मांजरेकर
उन्होंने आगे कहा, 'हम इससे बेहतर कर सकते थे. हमें उसे ऐसी फ्री गेंदें नहीं देनी चाहिए थी, जिन पर उसने दो छक्के लगा दिए. सिर्फ दो गेंदों में बिना किसी जोखिम के 12 रन मिल जाना टी20 क्रिकेट में बहुत बड़ा अंतर पैदा कर देता है. अगली बार हमें ऐसी गलती नहीं दोहरानी होगी.'
भारत यह मुकाबला 4 विकेट से हार गया और इंग्लैंड ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. एक समय इंग्लैंड को आखिरी चार ओवरों में 49 रन चाहिए थे, लेकिन बिश्नोई के महंगे ओवर ने पूरा समीकरण बदल दिया.
यह भी पढ़ें: 'अब रजत पाटीदार को मौका दो...', पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान की सेलेक्टर्स से डिमांड
हालांकि ईशान किशन ने हार के बावजूद टीम का मनोबल बनाए रखने की बात कही. उन्होंने कहा, 'हम मैच नहीं जीत पाए, लेकिन मुझे लगता है कि हम अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं. सबसे जरूरी बात यह है कि हर मैच से सीखें और समझें कि कहां सुधार की जरूरत है. टीम का माहौल अच्छा है, सभी खिलाड़ी एक-दूसरे के साथ हैं और लगातार बेहतर बनने की कोशिश कर रहे हैं. हार का असर मानसिकता पर पड़ता है, लेकिन हमारी टीम में अनुभवी खिलाड़ी हैं जो जानते हैं कि आगे कैसे वापसी करनी है.'
भारत अब अपनी पिछली चार टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में से तीन में हार झेल चुका है. ऐसे में टीम की नजरें अगले मैच में वापसी कर सीरीज में बराबरी करने पर होगी.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क