भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में खेले जा रहे चौथे टी20 मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है. टीम इंडिया ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं. ईशान किशन की वापसी हुई है और उन्हें वैभव सूर्यवंशी की जगह शामिल किया गया है. वहीं, तेज गेंदबाज मयंक यादव ने भुवनेश्वर कुमार की जगह ली है.
इस बदलाव के साथ ही भारत की उस ओपनिंग जोड़ी को भी तोड़ दिया गया है, जिसने पिछले मुकाबले में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया था. अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने पावरप्ले में 118 रन जोड़कर इतिहास रचा था. यह टी20 इंटरनेशनल में किसी टीम का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है.
कप्तान श्रेयस अय्यर ने साफ किया कि सीरीज जीतने के बावजूद भारतीय टीम कोई ढिलाई नहीं बरतना चाहती. उन्होंने कहा, 'हम कोई कसर बाकी नहीं छोड़ना चाहते. सीरीज जीत चुके हैं, लेकिन मुझे लगता है कि हमारा आधा काम ही पूरा हुआ है. निर्दयी बने रहना जरूरी है.'
न्यूजीलैंड ने भी अपनी प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है. काइल जैमीसन की जगह नाथन स्मिथ को मौका दिया गया है.
न्यूजीलैंड के सामने एक बार फिर बड़ा स्कोर खड़ा करने की चुनौती होगी. ऑकलैंड के ईडन पार्क में टीम ने अपना सर्वोच्च टी20 इंटरनेशनल स्कोर 243 रन बनाया था, लेकिन इसके बावजूद उसे हार का सामना करना पड़ा था.
कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर को उम्मीद है कि नया दिन और नया मैदान उनकी टीम के लिए किस्मत बदल सकता है. उन्होंने कहा कि बल्लेबाजी इकाई अच्छा प्रदर्शन कर रही है, लेकिन गेंदबाजों को विकेट निकालने के तरीके खोजने होंगे. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि टीम की फील्डिंग उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है.
टीम इंडिया इस समय सीरीज में 3-0 से आगे चल रही है. भारतीय टीम ने शुरुआती तीनों मुकाबलों में जीत दर्ज कर सीरीज पर अपना कब्जा जमा लिया है.
ऐसे में अब श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम की नजरें चौथा मुकाबला जीतकर सीरीज में 4-0 की बढ़त हासिल करने पर होंगी. वहीं, न्यूजीलैंड की टीम इस मुकाबले को जीतकर सीरीज में वापसी करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी.
यह भी पढ़ें: IND vs NZ 4th T20I Live Score: आज वैभव को मौका नहीं, टीम इंडिया में दो बदलाव, ईशान-मयंक की एंट्री, भुवी भी OUT
टीम इंडिया ने वेलिंगटन में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराया था. इस मैच को भारत ने महज 13.2 ओवर में ही जीत लिया था. अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने इस मुकाबले में जबरदस्त प्रदर्शन किया था. दोनों के बीच पहले विकेट के लिए रिकॉर्ड 133 रनों की पार्टनरशिप हुई थी.
भारत की प्लेइंग XI: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नमन धीर, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव.
यह भी पढ़ें: न्यूजीलैंड में विराट कोहली का दिखा जबरदस्त क्रेज, बेकाबू हुए फैन्स, ऑटोग्राफ के लिए एयरपोर्ट पर मची होड़
न्यूजीलैंड की प्लेइंग XI: टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवोन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सेंटनर, (कप्तान), नाथन स्मिथ, एडम मिल्ने, जैकब डफी और मैट फिशर.
भारत vs न्यूजीलैंड (h2h)
कुल टी20I मैच: 34
भारत ने जीते: 20
न्यूजीलैंड ने जीते: 11
टाई: 3
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क