U-19 टेस्ट में टीम इंड‍िया के ओपनर्स का धमाका, 295 रनों की पार्टनरश‍िप कर डाली, टूटने से बचा गौतम गंभीर का वर्ल्ड रिकॉर्ड

टीम इंड‍िया के अंडर-19 टीम के ओपनर लक्ष्य रायचंदानी और सागर विर्क ने श्रीलंका के खिलाफ पहले यूथ टेस्ट में 295 रन की रिकॉर्ड साझेदारी कर इतिहास रच दिया. यह यूथ टेस्ट इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप है. दोनों ने गौतम गंभीर और विनायक माने के 391 रन के वर्ल्ड रिकॉर्ड के सबसे करीब पहुंचने का कारनामा किया.

Advertisement
लक्ष्य रायचंदानी-सागर व‍िर्क का धमाका, 25 साल पुराना भारतीय रिकॉर्ड तो नहीं... लेकिन इतिहास जरूर हिला दिया (Photo: Screengrab) लक्ष्य रायचंदानी-सागर व‍िर्क का धमाका, 25 साल पुराना भारतीय रिकॉर्ड तो नहीं... लेकिन इतिहास जरूर हिला दिया (Photo: Screengrab)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • गॉल ,
  • 15 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:13 PM IST

टीम इंड‍िया की अंडर-19 क्रिकेट टीम ने श्रीलंका अंडर-19 के खिलाफ पहले यूथ टेस्ट में शानदार वापसी करते हुए इतिहास रच दिया. ओपनर लक्ष्य रायचंदानी और सागर विर्क ने पहले विकेट के लिए 295 रन जोड़कर यूथ टेस्ट क्रिकेट की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी बना डाली. इस दौरान दोनों ने 25 साल पहले बने भारत के वर्ल्ड रिकॉर्ड के सबसे करीब पहुंचने का कारनामा भी किया.

Advertisement

टीम इंड‍िया की अंडर-19 टीम ने ने श्रीलंका अंडर-19 के पहली पारी में घोषित 424/9 के जवाब में बेहद धैर्य और संयम के साथ बल्लेबाजी की. 100 से ज्यादा ओवर तक फील्डिंग करने के बावजूद दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआती सेशन से ही श्रीलंकाई गेंदबाजों को हावी होने का मौका नहीं दिया. दोनों ने 91.5 ओवर तक पहले विकेट के लिए 295 रन जोड़ दिए.

इस शानदार साझेदारी का अंत लथेंद्र आकाश ने किया. सागर विर्क 312 गेंदों पर 134 रन बनाकर आउट हुए. उनकी पारी में 15 चौके और एक छक्का शामिल रहा. दूसरे छोर पर लक्ष्य रायचंदानी अंत तक डटे रहे. तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक वह 198 रन बनाकर नाबाद थे और इंड‍िया अंडर 19 का स्कोर तीन विकेट पर 378 रन था.

यह साझेदारी यूथ टेस्ट क्रिकेट के इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी बन गई. इससे पहले यह स्थान जिम्बाब्वे के डगलस मरीलियर और मार्क वर्म्यूलन के नाम था, जिन्होंने 1997 में इंग्लैंड के खिलाफ 268 रन जोड़े थे.

Advertisement

यूथ टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी का रिकॉर्ड भारत के ही गौतम गंभीर और विनायक माने के नाम है. दोनों ने जनवरी 2001 में चेन्नई में इंग्लैंड के खिलाफ पहले विकेट के लिए 391 रन जोड़े थे. लक्ष्य और सागर की जोड़ी इस रिकॉर्ड को तो नहीं तोड़ सकी, लेकिन उसके सबसे करीब पहुंचने वाली दूसरी जोड़ी बन गई.

यूथ टेस्ट में सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरश‍िप

  • 391 रन- गौतम गंभीर और विनायक माने (भारत) बनाम इंग्लैंड, चेन्नई, 2001
  • 295 रन- लक्ष्य रायचंदानी और सागर विर्क (भारत) बनाम श्रीलंका, गॉल, 2026
  • 268 रन- डगलस मरीलियर और मार्क वर्म्यूलन (जिम्बाब्वे) बनाम इंग्लैंड, 1997
  • 256 रन - माइकल स्लेटर और रॉब केली (ऑस्ट्रेलिया) बनाम न्यूजीलैंड, 1989
  • 247 रन - मार्कस ट्रेस्कोथिक और एंथनी मैक्ग्रा (इंग्लैंड) बनाम दक्षिण अफ्रीका, 1995

इससे पहले श्रीलंका अंडर-19 ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 424 रन बनाकर घोषित की थी. टीम के लिए सेनुजा वेकुनागोडा ने शानदार 233 रन की दोहरी शतकीय पारी खेली थी.

मैच के तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत की अंडर-19 टीम ने 378/3 का स्कोर बना लिया था. हालांकि मुकाबले का सिर्फ एक दिन बचा है, ऐसे में पहला यूथ टेस्ट ड्रॉ की ओर बढ़ता नजर आ रहा है.

Advertisement

ध्यान रहे टेस्ट सीरीज से पहले दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज भी खेली गई थी, जिसमें श्रीलंका ने पहला मुकाबला हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »