भारत की आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले टीम में बड़ा बदलाव किया गया है. तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को दोनों सीरीज के लिए भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक जानकारी दी.
BCCI के अनुसार, सिराज को यह ब्रेक वर्कलोड मैनेजमेंट प्रोग्राम के तहत दिया गया है. बोर्ड की मेडिकल टीम और टीम मैनेजमेंट के बीच चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया. लंबे अंतरराष्ट्रीय सीजन को देखते हुए सिराज को पर्याप्त रिकवरी का समय देने के उद्देश्य से एहतियातन यह कदम उठाया गया है.
सिराज की गैरमौजूदगी में पुरुष चयन समिति ने तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को भारतीय टी20 टीम में शामिल किया है. प्रसिद्ध अब आयरलैंड और इंग्लैंड दोनों सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. ध्यान रहे सिराज एशियन गेम्स के लिए चुने गए टीम इंडिया के स्क्वॉड का भी हिस्सा नहीं थे.
टी20 टीम की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में है, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है. टीम में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी शामिल हैं.
आयरलैंड और इंग्लैंड टी20 सीरीज के लिए भारत की अपडेटेड टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी और प्रसिद्ध कृष्णा.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क